बांग्लादेश के तेज गेंदबाज ने खोला ऐतिहासिक 'पंजा', 149 सालों के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट लेकर बांग्लादेशी पेसर हसन महमूद ने इतिहास रच दिया. 149 सालों के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी तेज गेंदबाज ने अपने पहले पांच 'फाइव-विकेट हॉल' पांच अलग-अलग देशों में लिए हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज हसन महमूद ने 6 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. सिलहट में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन हसन महमूद ने अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया. हसन महमूद टेस्ट क्रिकेट में पांच बार एक पारी में 5 विकेट लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं. इसके अलावा उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में ऐतिहासिक 'छक्का' भी लगाया है.
हसन महमूद ने वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट चटकाए. इसी के साथ वो ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्पिनर नाथन लियोन के बाद ऐसे दूसरे गेंदबाज बन गए, जिन्होंने अपने पहले पांच 'फाइव-विकेट हॉल' पांच अलग-अलग देशों में लिए हैं. वहीं, तेज गेंदबाजों में हसन महमूद ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं. 149 सालों के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में किसी तेज गेंदबाज ने ये अनोखा कारनामा नहीं किया था.
हसन महमूद का ऐतिहासिक 'छक्का'
दूसरे दिन छह विकेट लेने के बाद हसन ने यह उपलब्धि हासिल की. यह उनके लिए एक बेहद यादगार कारनामा था, क्योंकि अपने घरेलू मैदान पर यह उनका पहला पांच-विकेट हॉल था. इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान (रावलपिंडी, 2024), भारत (चेन्नई, 2024), ऑस्ट्रेलिया (डार्विन, 2026) और अफगानिस्तान (अबू धाबी, 2026) के खिलाफ पांच-विकेट हॉल लिए थे.
नाथन लियोन भी कर चुके हैं ये कारनामा
बांग्लादेशी पेसर हसन महमूद से पहले सिर्फ नाथन लियोन ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने अपने पहले पांच 'फाइव-विकेट हॉल' अलग-अलग देशों में हासिल किए. ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने अपने शुरुआती पांच 'फाइव-विकेट हॉल' श्रीलंका (2011 में श्रीलंका के खिलाफ 34/5), वेस्टइंडीज (2012 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 68/5), भारत (2013 में भारत के खिलाफ 94/7), मेलबर्न (2013 में इंग्लैंड के खिलाफ 50/5) और साउथ अफ्रीका (2014 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 130/5) में लिए थे.
अक्टूबर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में हसन महमूद हैट्रिक लेकर अपने देश के पहले ऐसे तेज गेंदबाज बने, जिसने इस फॉर्मेट में लगातार तीन गेंदों पर विकेट चटकाए. सिलहट में जारी इस मुकाबले की बात करें, तो वेस्टइंडीज ने आमिर जंगू (133) की शतकीय पारी की मदद से 356 रन बनाए. इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 3 विकेट खोकर 88 रन बना लिए हैं. वेस्टइंडीज ने सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से अपने नाम करते हुए बढ़त हासिल कर ली थी. अब यह टीम दूसरा और अंतिम मैच जीतकर 2-0 से 'क्लीन स्वीप' करना चाहेगी.