App

सरफराज ने तो 'चमत्कार' ही कर दिया: हवा में उड़कर लपका अद्भुत कैच, एक बार में तो किसी को नहीं होगा विश्वास; VIDEO

रणजी ट्रॉफी में रेलवे के खिलाफ मैच में मुंबई के स्टार खिलाड़ी सरफराज खान ने हैरतअंगेज कैच पकड़ा. स्लिप की दिशा में फील्डिंग करते हुए वो चीते की रफ्तार से लेग शॉट फाइन लेग की तरफ पहुंच गए और फिर हवा में उड़ते हुए अद्भुत कैच लपका. मुंबई ने 106 रनों से मुकाबला जीता.

सरफराज ने तो 'चमत्कार' ही कर दिया: हवा में उड़कर लपका अद्भुत कैच, एक बार में तो किसी को नहीं होगा विश्वास; VIDEO
Image Credit: सरफराज खान का चमत्कारी कैच (Screengrabs/X)

रणजी ट्रॉफी 2026-27 का सीजन जारी है. रेलवे के खिलाफ मैच में मुंबई के स्टार खिलाड़ी सरफराज खान ने शानदार फील्डिंग कर महफिल लूट ली. स्लिप की दिशा में फील्डिंग करते हुए वो चीते की रफ्तार से लेग शॉट फाइन लेग की दिशा में पहुंच गए और फिर हवा में उड़ते हुए अद्भुत कैच पकड़ा. सरफराज खान के इस कैच को 'Catch Of The Season' भी कहा जा रहा है. दिलचस्प बात ये रही कि उनके इस कैच ने मैच का रुख भी बदला. मैच के आखिरी दिन रेलवे की टीम ड्रॉ की तरह बढ़ रही थी, लेकिन सरफराज खान के इस कैच से 167 रनों की साझेदारी टूटी और फिर मुंबई ने 106 रनों से मुकाबला जीत लिया.

सरफराज खान ने अपनी फिटनेस पर बहुत ज्यादा मेहनत की है और ये कैच उसी का नतीजा है. ये कैच इसलिए भी स्पेशल है, क्योंकि उन्होंने बल्लेबाज के मन को पढ़ते हुए पहले से लेग स्लिप की तरफ दौड़ लगाई और फिर दूसरी दिशा में जाकर छलांग लगाते हुए ये कैच पकड़ा. उनके इस प्रयास को देखकर मैदान में मौजूद सभी खिलाड़ी हैरान हो गए. किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि सरफराज ने आखिर ये कैच पकड़ कैसे लिया.

सरफराज के अद्भुत कैच से बदला मैच

मैच के आखिरी दिन रेलवे ने जोरदार वापसी की और मुंबई के गेंदबाजों की नींद उड़ा दी. ओपनर ईशान गोयल (103) और नंबर 7 पर बल्लेबाजी करने आए जुबैर अली (115) के शतकों की बदौलत, आखिरी दिन के ज्यादातर समय तक रेलवे मुकाबले में मजबूती से बना हुआ था. इन दोनों ने 212 गेंदों का सामना करते हुए 156 मिनट तक मुंबई को इंतजार कराया और छठे विकेट के लिए 167 रन जोड़े. हालांकि, फील्डिंग के दौरान सरफराज के प्रयास ने मुंबई के लिए जीत का रास्ता खोल दिया. मुंबई ने इस सीजन में अपनी चौथी शानदार जीत दर्ज की और 27 अंकों के साथ पहले राउंड का समापन किया. सरफराज, जिन्होंने इससे पहले एक रन-आउट किया था और एक कैच भी छोड़ा था, उन्होंने ही मैच का पासा पलटने वाला वह अहम पल पैदा किया.

रेलवे के सामने था 372 रनों का लक्ष्य

मैच के आखिरी दिन मुंबई ने 60 रन और जोड़ा और रेलवे के सामने 372 रनों का लक्ष्य रखा. दूसरी पारी में रेलवे की शुरुआत बेहद खराब रही और उन्होंने महज 83 रन पर 5 विकेट गंवा दिए. इसके बाद गोयल और जुबैर ने मिलकर पारी संभाली और ऐसा लगा कि वे मैच को ड्रॉ की ओर ले जा रहे हैं. लेकिन सरफराज के 'मैजिकल' कैच ने मैच का रुख पलटा. आखिरी सेशन में मुंबई ने तेजी से 4 विकेट चटकाकर 106 रनों से मुकाबला अपने नाम किया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More