)
भारत के उभरते हुए सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी के ऊपर 15 साल की उम्र में ही एक बड़ी जिम्मेदारी आ गई है. वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए बिहार टीम के कप्तान बनाए गए हैं. इस टी20 टूर्नामेंट में उनकी कप्तानी का जलवा फैंस को देखने को मिलेगा. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने उन्हें कप्तानी सौंपकर ऐतिहासिक दांव खेला है. टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर को होगी. इसके लिए बीसीए ने 17 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है.
वैभव शुरुआती दो मैचों में टीम के कप्तान होंगे. इसके बाद वह राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया 'ए' टीम में शामिल हो जाएंगे. ऐसे में बिहार को किसी दूसरे खिलाड़ी को अपना कप्तान नियुक्त करना होगा. बिहार के पहले दो मैच इंदौर में खेले जाएंगे. 14 नवंबर को टीम का पहला मुकाबला सौराष्ट्र से होगा. इसके बाद 16 नवंबर को टीम रेलवे की टीम से खेलेगी.
वैभव ने 14 साल की उम्र में ही आईपीएल डेब्यू किया और फिर घरेलू मैचों में उन्हें खेलने का मौका मिला. उन्होंने कम उम्र में ही इंटरनेशनल स्तर पर अपना नाम बना लिया है. पिछले सीजन में वैभव बिहार की टीम के उपकप्तान थे. सकीबुल गनी तब टीम के कप्तान थे. उन्होंने जनवरी 2024 में 12 साल की उम्र में मुंबई के खिलाफ बिहार के लिए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था.
वैभव सूर्यवंशी के पास पहले से ही कप्तानी का काफी अनुभव है. उन्होंने एज-ग्रुप मैचों में कप्तानी की है. उन्होंने जनवरी में साउथ अफ्रीका के तीन मैचों के यूथ वनडे दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी थी. उस समय नियमित कप्तान आयुष म्हात्रे चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे. इसके बाद फरवरी में अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम के वह सदस्य थे और उस टूर्नामेंट आयुष ने कप्तानी की थी.
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव को कप्तान बनाए जाने के बाद कहा कि कप्तान से उन्हें एक लीडर के तौर पर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा. हर्षवर्धन ने आगे कहा, '' वैभव ने कम उम्र में ही जबरदस्त प्रतिभा, आत्मविश्वास और समझदारी दिखाई है. हमें उम्मीद है कि उनकी कप्तानी में टीम अनुशासित और जुझारू प्रदर्शन करेगी.'' बिहार की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप बी में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु के साथ है.
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेट कीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, आमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह.