App

20 शतक... 10594 रन और 175 विकेट, खत्म हुआ 15 साल लंबा करियर, भारत के धाकड़ क्रिकेटर ने 32 की उम्र में लिया संन्यास

भारतीय अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के स्टार ऑलराउंडर बाबा अपराजित ने 32 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. बाबा अपराजित डोमेस्टिक क्रिकेट में तमिलनाडु के लिए खेल चुके हैं.

20 शतक... 10594 रन और 175 विकेट, खत्म हुआ 15 साल लंबा करियर, भारत के धाकड़ क्रिकेटर ने 32 की उम्र में लिया संन्यास
Image Credit: Cricketer Announced His Retirement (AI Image)

भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे ऑलराउंडर बाबा अपराजित ने 32 साल की उम्र में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही उनके उस करियर का समापन हो गया है, जिसमें उन्होंने तमिलनाडु, केरल, इंडिया-A, IPL फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए खेला था. बाबा अपराजित ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए यह घोषणा की उन्होंने अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास मैच 24 जनवरी 2026 को खेला था. बाबा अपराजित ने अपने डोमेस्टिक क्रिकेट करियर में कुल 10594 रन बनाए हैं, जिसमें 20 शतक शामिल हैं. बाबा अपराजित ने 175 विकेट भी झटके हैं.

बाबा अपराजित ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'मैंने अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास क्रिकेट मैच 24 जनवरी 2026 को खेला, जिसके साथ ही मेरे फर्स्ट-क्लास क्रिकेट करियर का समापन हो गया. पीछे मुड़कर देखता हूं, तो यह एक शानदार सफर रहा है, जो अनुभवों, चुनौतियों, सीख, दोस्ती और ऐसी यादों से भरा है, जिन्हें मैं जीवन भर संजोकर रखूंगा. तमिलनाडु, इंडिया अंडर-19, इंडिया ए, केरल, चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, TNPL फ्रेंचाइजी और अपनी क्लब टीमों के लिए खेलना मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात रही है. मैं कई ऐसी टीमों और ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहा, जिन्होंने मेरे सफर को आकार दिया. हर अनुभव ने मुझे एक क्रिकेटर और एक इंसान, दोनों ही रूपों में ढालने में अहम भूमिका निभाई है.'

साल 2012 में ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता

बाबा अपराजित साल 2012 ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे. इस टूर्नामेंट में उन्होंने 171 रन बनाए और पांच विकेट लिए. वे भारत के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले तमिलनाडु के इस क्रिकेटर ने इंडिया-A का प्रतिनिधित्व भी किया और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए खेले. अपने घरेलू करियर के अंतिम चरण में, वे केरल की टीम से भी जुड़े.

BABA

फर्स्ट-क्लास करियर को अलविदा कहा

बाबा अपराजित ने 102 फर्स्ट-क्लास मैच खेलने के बाद अपने करियर को अलविदा कहा है, जिनमें से अधिकांश मैच उन्होंने तमिलनाडु के लिए खेले. उनके फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड में 12 शतक और 27 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने अपनी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से भी योगदान दिया और उन्हें तमिलनाडु की कप्तानी करने का मौका भी मिला. वह तमिलनाडु की उन तीन टीमों का भी हिस्सा रहे हैं, जिन्होंने 2017-18 में विजय हजारे ट्रॉफी और 2020-21 व 2021-22 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के खिताब जीते हैं. बाबा अपराजित के जुड़वां भाई बाबा इंद्रजीत भी एक क्रिकेटर हैं और उन्होंने उन क्रिकेट संस्थाओं, परिवार के सदस्यों, कोचों, साथियों और सपोर्ट स्टाफ का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके पूरे करियर में उनका साथ दिया.

'शुभचिंतकों का विशेष रूप से धन्यवाद'

बाबा अपराजित ने कहा, 'अपने पूरे करियर में मिले मौकों और समर्थन के लिए मैं BCCI, TNCA और KCA का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं. मैं अपनी पत्नी, माता-पिता, भाई, पूरे परिवार, और अपने सभी दोस्तों और शुभचिंतकों का विशेष रूप से धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने इस सफर में बिना किसी शर्त के मेरा साथ दिया, कई त्याग किए और मुझ पर भरोसा जताया. मैं अपने कोचों, सपोर्ट स्टाफ और साथियों का भी आभारी हूं, जो इस सफर का अहम हिस्सा रहे हैं. खेल के साथ मेरा जुड़ाव हमेशा की तरह मजबूत बना रहेगा. मैं आने वाले सालों में अपने अनुभव, सीख और जानकारी को आगे ले जाना चाहता हूं, लगातार सीखते रहना चाहता हूं, योगदान देना चाहता हूं और उम्मीद है कि खेल पर एक सार्थक प्रभाव डाल सकूंगा.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More