अंपायरों की अदला-बदली: रणजी में ऑस्ट्रेलियाई अंपायर की एंट्री, आखिर BCCI ने क्यों लिया ये फैसला?
बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट अधिकारियों के अदला-बदली कार्यक्रम के तहत, ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी में अंपायरिंग करेंगे. भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया जाएंगे, जहां वे शेफील्ड शील्ड के दो मैचों और वन डे कप के एक मैच में अंपायरिंग करेंगे.
भारत के घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलियाई अंपायर की एंट्री हो रही है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट अधिकारियों के अदला-बदली कार्यक्रम के तहत, ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी के दो मैचों में अंपायरिंग करेंगे. इसी तरह की एक व्यवस्था के तहत, भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया जाएंगे, जहां वे शेफील्ड शील्ड के दो मैचों और वन डे कप के एक मैच में अंपायरिंग करेंगे.
बेन ट्रेलोर 18 से 21 अक्टूबर तक होने वाले दिल्ली और गुजरात के रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायर की भूमिका निभाएंगे. इसके बाद, वो 26 से 29 अक्टूबर तक मुंबई और हरियाणा के बीच होने वाले मैच में भी अंपायरिंग करेंगे. उनके पास घरेलू स्तर का काफी अनुभव है. उन्होंने 30 फर्स्ट-क्लास मैचों, 20 लिस्ट-ए मैचों और 39 बिग बैश लीग मुकाबलों में अंपायरिंग की है. इसके अलावा, उन्होंने महिलाओं के दो वनडे इंटरनेशनल और चार टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी अंपायर की भूमिका निभाई है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया में अंपायरों की अदला-बदली
बता दें कि मैदान पर अपनी जिम्मेदारियों के अलावा, ट्रेलोर 'क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स' में अंपायर शिक्षा अधिकारी के रूप में काम करते हैं, जहां वो भविष्य के मैच अधिकारियों को तैयार करने में योगदान देते हैं. अंपायर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए, उन्हें 'न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट अंपायर्स एंड स्कोरर्स एसोसिएशन' की ओर से चार बार 'जॉर्ज बोरविक मेमोरियल अवार्ड' से सम्मानित किया गया है.
कौन हैं पराशर जोशी?
इस प्रोग्राम के तहत भारतीय अंपायर पराशर जोशी को ऑस्ट्रेलिया में अंपायरिंग करने का मौका मिलेगा. जोशी ऑस्ट्रेलिया में अपने काम की शुरुआत 11 से 14 नवंबर तक गाबा में तस्मानिया के खिलाफ क्वींसलैंड के शेफील्ड शील्ड मैच से करेंगे. इसके बाद, 16 नवंबर को वो उसी मैदान पर दोनों टीमों के बीच होने वाले 'वन डे कप' मैच में अंपायरिंग करेंगे. फिर, 22 से 25 नवंबर तक वे सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड के बीच होने वाले शेफील्ड शील्ड मुकाबले में अंपायर की भूमिका निभाएंगे.
पराशर जोशी ने भारत में 19 फर्स्ट-क्लास मैचों, 32 लिस्ट ए मैचों और 40 टी20 मैचों में अंपायरिंग की है, जिनमें इंडियन प्रीमियर लीग और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: रणजी का 'अमर' रिकॉर्ड: 443 रनों का तूफान , टूटने ही वाला था ब्रैडमन का महारिकॉर्ड, मैदान छोड़कर भाग गई टीम!