एशियन गेम्स में क्रिकेट का महाकुंभ: क्या भारत फिर से हासिल कर पाएगा डबल गोल्ड? जानिए फुल शेड्यूल, फॉर्मेट और स्क्वॉड
जापान के नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट का रोमांच फिर लौटेगा. भारत पुरुष और महिला दोनों वर्गों में अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरेगा. जानिए पूरा शेड्यूल, नॉकआउट नियम और मैच टाइमिंग.
एशियन गेम्स क्रिकेट का चौथा संस्करण जापान के आइची प्रांत के नागोया शहर में आयोजित होने जा रहा है. इस प्रतियोगिता में महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि पुरुष वर्ग का फाइनल 3 अक्टूबर को होगा. साल 2022 में चीन के हांगझाऊ में हुए एशियाई खेलों में भारत ने पुरुष और महिला दोनों स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीता था और इस बार भी भारतीय टीम अपनी जीत का परचम लहराने उतरेगी.
ओलंपिक के बाद एशियन गेम्स को दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी बहु-खेल प्रतियोगिता माना जाता है. इसमें हर चार साल में 45 एशियाई देशों के शीर्ष एथलीट 40 से अधिक खेलों में हिस्सा लेते हैं. साल 2010 में डेब्यू करने के बाद पिछले पांच संस्करणों में से यह चौथी बार है जब क्रिकेट को एशियन गेम्स में शामिल किया गया है.
किसका पलड़ा है भारी?
भारतीय टीम पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मौजूदा चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी. पिछले संस्करण के फाइनल में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था. वहीं, पुरुष वर्ग का फाइनल मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाने पर उच्च वरीयता के आधार पर भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ गोल्ड मेडल विजेता घोषित किया गया था. महिला वर्ग में पाकिस्तान दो बार (2010 और 2014) गोल्ड जीत चुका है, जबकि पुरुष वर्ग में बांग्लादेश (2010), श्रीलंका (2014) और भारत (2022) ने एक-एक बार खिताब अपने नाम किया है. लगातार तीन बार सिल्वर जीतने वाली अफगानिस्तान की टीम इस बार गोल्ड पर कब्जा करने की पूरी कोशिश करेगी.
पुरुष और महिला क्रिकेट का फॉर्मेट अलग
नागोया एशियाई खेलों में पुरुष और महिला वर्ग की प्रतियोगिताओं का फॉर्मेट अलग-अलग तय किया गया है. पुरुष वर्ग में 10 टीमें दो चरणों में प्रतिस्पर्धा करेंगी. पहले चरण में छह निचली सीडिंग वाली टीमों को तीन-तीन के दो ग्रुपों में बांटा गया है, जहां से शीर्ष दो-दो टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी. ग्रुप A में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल शामिल हैं, जबकि ग्रुप B में हांगकांग, मलेशिया और ओमान हैं. भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. दूसरी ओर, महिला वर्ग में 8 टीमों के बीच सीधा नॉकआउट टूर्नामेंट होगा.
किन टीमों को मिला है सीधा प्रवेश?
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सभी पूर्ण सदस्य देशों और मेजबान जापान को दोनों स्पर्धाओं में सीधा प्रवेश दिया गया है. वहीं क्वालिफायर मुकाबलों के जरिए पुरुष वर्ग में चार टीमों (हांगकांग, मलेशिया, नेपाल और ओमान) ने जगह बनाई है. महिला वर्ग में चीन, मलेशिया और थाईलैंड ने अपनी जगह पक्की की है.
महिला क्रिकेट का पूरा शेड्यूल
महिला वर्ग के पहले मैच में 17 सितंबर को मेजबान जापान का सामना भारत से होगा. ड्रॉ के दूसरी तरफ उसी दिन पाकिस्तान का मुकाबला थाईलैंड से होगा. भारत-जापान मैच की विजेता टीम का सामना 18 सितंबर को होने वाले बांग्लादेश और चीन के मैच की विजेता से होगा. वहीं पाकिस्तान-थाईलैंड मैच की विजेता टीम का मुकाबला मलेशिया और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा. दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 20 सितंबर को खेले जाएंगे, जिसके बाद ब्रॉन्ज और गोल्ड मेडल के मुकाबले 22 सितंबर को होंगे.
पुरुष क्रिकेट के ग्रुप चरण के मैच कब खेले जाएंगे?
पुरुष वर्ग के शुरुआती चरण के मुकाबले 24 सितंबर से शुरू होंगे. पहले दिन ग्रुप A में जापान की भिड़ंत अफगानिस्तान से होगी और ग्रुप B में हांगकांग का सामना मलेशिया से होगा. मैच के दूसरे दिन अफगानिस्तान का मुकाबला नेपाल से और हांगकांग का सामना ओमान से होगा. वहीं तीसरे दिन जापान का सामना नेपाल से और मलेशिया की भिड़ंत ओमान से होगी.
पुरुष वर्ग के नॉकआउट और मेडल मैच कब होंगे?
पुरुष क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले 28 सितंबर से शुरू होंगे. इस दिन भारत का सामना ग्रुप A की उपविजेता (दूसरे स्थान पर रहने वाली) टीम से होगा, जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत ग्रुप B की उपविजेता टीम से होगी. 29 सितंबर को श्रीलंका का मुकाबला ग्रुप A की विजेता से और बांग्लादेश का मुकाबला ग्रुप B की विजेता से होगा. इसके बाद दोनों सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को खेले जाएंगे, जबकि ब्रॉन्ज और गोल्ड मेडल के फाइनल मुकाबले 3 अक्टूबर को आयोजित होंगे.
क्रिकेट मुकाबले किस वेन्यू पर खेले जाएंगे?
एशियाई खेलों में क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए निशिन क्रिकेट ग्राउंड (Nisshin Cricket Ground) को चुना गया है. यह नागोया शहर के बाहरी इलाके में स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क (Korogi Sports Park) के बीचों-बीच स्थित है. इस मैदान ने हाल ही में आयोजित ईस्ट एशिया-पैसिफिक टी20 वर्ल्ड कप सब-रीजनल क्वालिफायर के दौरान अपनी सभी तैयारियों और मानकों को सफलतापूर्वक साबित किया. इसने आगामी एशियन गेम्स के लिए एक आधिकारिक टेस्ट इवेंट के रूप में काम किया.
वेन्यू की पिच की क्या खासियत है?
इस मैदान पर इस्तेमाल की जाने वाली पिच एक अत्याधुनिक हाइब्रिड सतह से बनी है. खेल के दौरान इस पिच का व्यवहार पाकिस्तान की पिचों जैसा माना जाता है, जहां तेज गेंदबाजों को अच्छा उछाल और स्पिनरों को बेहतरीन टर्न मिलता है. इसके अलावा, मैदान पर प्रशंसकों के बैठने के लिए अस्थायी स्टैंड बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 2,000 दर्शक आराम से बैठकर मैच का आनंद ले सकते हैं.
महिला वर्ग में टीमें
महिला टूर्नामेंट में भाग ले रही आठ टीमों में से पांच टीमों ने अपने आधिकारिक स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है. इनमें मेजबान जापान, पाकिस्तान, भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीम शामिल हैं.
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, जी कमलिनी, भारती फूलमाली, श्री चरणी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, नंदनी शर्मा.
बांग्लादेश: निगार सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर, शर्मीन अख्तर, दिलारा अख्तर, मारुफा अख्तर, शोर्ना अख्तर, जुएरिया फेरदौस, राबेया खान, फहीमा खातून, सुल्ताना खातून, संजीदा अख्तर, रितु मोनी, शोभना मोस्तारी, शर्मीन सुल्ताना, फरीहा त्रिस्ना.
जापान: माई यानागिडा (कप्तान), एरिका ओडा, अहिल्या चंदेल, अयुमी फुजीकावा, हिनासे गोटो, हारुना इवासाकी, शिमाको काटो, अयाका काटो-स्टैफोर्ड, एलेना कुसुदा-नायरन, अकारी निशिमुरा, मेग ओगावा, कुरुमी ओटा, सेईका सुमी, एरिका तोगुची-क्विन्न, नोनोहा यासुमोतो.
पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, इमान नसीर, अयमान फातिमा, गुल फिरोजा, हुमना बिलाल, मोमीना रियासत, मुनीबा अली, नशरा संधु, सायरा जबीन, शवाल जुल्फिकार, तस्मिया रुबाब, तुबा हसन, उम्म-ए-हानि.
श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, संजना काविंदी, हंसीमा करुणारेत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, अनुष्का संजीवनी, कवीशा दिलहारी, हासिनी परेरा, कौशिनी नुथ्यांगना, निमाशा मीपेज, सुगंधिका दासनायके, रश्मिका सेवंडी, चामुडी प्रबोदा, मिथाली अयोध्या, काव्या काविंदी.
पुरुष वर्ग में टीमें
पुरुष प्रतियोगिता की बात करें तो टूर्नामेंट में शामिल होने वाली 10 टीमों में से आठ टीमों के स्क्वॉड की पुष्टि हो चुकी है.
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती (खेलने पर फिलहाल संशय), शिवम दुबे, ईशान किशन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, वैभव सूर्यवंशी.
अफगानिस्तान: दरविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इसहाक, मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, खालिद तनीवाल, इमरान मीर, फैसल शिनोझादा, नजीबुल्लाह जादरान, फरमानुल्लाह, इसमत आलम, करीम जनत, नांग्याल खरोटी, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदजई, अब्दुल्ला अहमदजई.
बांग्लादेश: लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफ हसन, नजमुल हुसैन शांतो, तौहीद ह्रदोय, मोसादेक हुसैन सैकत, यासिर अली चौधरी, रिशाद हुसैन, शाक महेदी हसन, नासुम अहमद, मोहम्मद सैफुद्दीन, शोरीफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद.
जापान: केंडेल कादोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिनजे, बेंजामिन इटो-डेविस, एलेस्टर कादोवाकी-फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा-नायरन, वातारू मियाउची, रेओ साकुराओ-थॉमस, एलेक्स शिराई-पैटमोर, शोमा सुगाया-स्लेटर, डेक्लान सुजुकी, त्सुयोशी ताकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोटो तानियामा, लाचलान यामामोतो-लेक.
नेपाल: दीपेंद्र सिंह ऐरी (कप्तान), लोकेश बम, कुशल भुरतेल, गुल्शन झा, सुंदीप जोरा, सोमपाल कामी, करन केसी, संदीप लामिछाने, कुशल मल्ला, शेर मल्ला, रोहित पौडेल, ललित राजबंशी, आरिफ शेख, आसिफ शेख, नंदन यादव.
ओमान: सुफयान महमूद (कप्तान), मुजफ्फर शिरलकर, फारिस अल बलुशी, इस्सा अल बलुशी, मोहम्मद अल बलुशी, नावेद अल बलुशी, कैस अल बलुशी, शुएब अल बलुशी, वहीद अल बलुशी, वसीम अल बलुशी, ज़ुबैर अल बलुशी, अब्दुल जलील, मोहम्मद ओथमान, समीर ओथमान, अहमद अल जदजाली.
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सैम अयूब, सुफयान मोकिम, उस्मान खान.
श्रीलंका: सहान अराचिगे (कप्तान), एशेन बंडारा, लसिथ क्रूसपुले, केशन डे लिवेरा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), बिनुरा फर्नांडो, नुवानिडू फर्नांडो, थारिंडू हंसका, दुशान हेमंथा, सिनेथ जयवर्धने, चमिका करुणारत्ने, प्रमोद मदुशन, वानुजा सहान, नुवान तुषारा, विजयकांत व्यासकांथ.