App

टेस्ट में टूटने वाला है 'क्रिकेट के भगवान' का वर्ल्ड रिकॉर्ड? एलिस्टर कुक ने बताया कौन है सबसे बड़ा दावेदार

सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के महारिकॉर्ड पर जो रूट की नजर है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने बताया कि जो रूट 15921 टेस्ट रनों का ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं.

टेस्ट में टूटने वाला है 'क्रिकेट के भगवान' का वर्ल्ड रिकॉर्ड? एलिस्टर कुक ने बताया कौन है सबसे बड़ा दावेदार
Image Credit: Alastair Cook, Joe Root And Sachin Tendulkar

जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रनों के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने के सबसे प्रबल दावेदार हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक ने बिना कोई शक यह बड़ा बयान दिया है. एलिस्टेयर कुक ने साल 2018 में 12472 टेस्ट रनों के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था. एलिस्टेयर कुक को भी कभी सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रनों के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने का प्रबल दावेदार माना जाता था, लेकिन वे इस लक्ष्य तक पहुंचने से काफी दूर रह गए. एलिस्टेयर कुक के साथी खिलाड़ी और इंग्लैंड के मौजूदा कप्तान जो रूट 169 टेस्ट मैचों की 309 पारियों में 14278 रनों के साथ अब इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं.

जो रूट टेस्ट रनों के मामले में सचिन तेंदुलकर से 1643 रन पीछे हैं. सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर का अंत 200 मैचों की 329 पारियों में 15921 रनों के साथ किया था. गुरुग्राम के क्वीन एलिजाबेथ स्कूल में एक कार्यक्रम के दौरान एलिस्टेयर कुक ने कहा कि पिछले 12 महीनों में खेल के प्रति जो रूट के नजरिए ने उनकी सोच बदल दी है. उन्होंने यह भी बताया कि इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को इस दौड़ में फायदा मिल सकता है, क्योंकि अन्य देशों की तुलना में ये दोनों देश कहीं ज्यादा टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं.

कौन तोड़ेगा सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड?

एलिस्टेयर कुक ने कहा, 'कोई असाधारण खिलाड़ी ही इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ सकता है. यह शायद इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया का कोई खिलाड़ी ही होगा, क्योंकि अन्य देशों की तुलना में ये दोनों देश आजकल बहुत ज्यादा टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं. पिछले 12 महीनों तक तो मुझे हमेशा यही लगता था कि इस दौड़ में सचिन तेंदुलकर ही सबसे आगे रहेंगे, लेकिन जो रूट को खेलते हुए देखकर लगता है कि उनमें रनों की काफी भूख है. एक खिलाड़ी के तौर पर बेहतर बनने की उनकी ललक और ऐसी पारियां खेलने की कोशिश मैंने पहले कभी नहीं देखी. मैंने किसी और खिलाड़ी में ऐसी लगन नहीं देखी है.'

एलिस्टेयर कुक ने दिया बड़ा बयान

एलिस्टेयर कुक ने आगे कहा कि जो रूट के पास ऐसा टैलेंट है, जो उन्हें सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने का सबसे प्रबल दावेदार बनाता है. उन्होंने कहा, 'जो रूट के इस जज्बे और उनके पास टैलेंट को देखते हुए मुझे लगता है कि अब सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए वे सबसे बड़े दावेदार हैं. मुझे पता है कि इस देश में शायद यह बात कहना बहुत लोकप्रिय न हो और अगर वे ऐसा कर पाते हैं, तो यह जो रूट के लिए एक असाधारण उपलब्धि होगी, लेकिन साथ ही इससे यह भी याद आएगा कि सचिन तेंदुलकर ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए क्या कुछ किया था.'

सचिन तेंदुलकर और जो रूट में कौन महान?

एलिस्टेयर कुक ने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी खिलाड़ी की विरासत को केवल रिकॉर्ड तोड़ने के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि चाहे नतीजा कुछ भी हो, सचिन तेंदुलकर और जो रूट दोनों को ही महान खिलाड़ी माना जा सकता है. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि एक ही समय में दो महान खिलाड़ी हो सकते हैं और असल में दो से कहीं ज्यादा महान खिलाड़ी हो सकते हैं, रिकॉर्ड होना एक अच्छी बात है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि किसी खिलाड़ी की पहचान सिर्फ उसके रिकॉर्ड से होनी चाहिए.'
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More