सिराज पर अब नहीं रहा बिल्कुल भरोसा? आकाश दीप के सिर पर लगी चोट तो लाने का था मौका, गंभीर ने प्रसिद्ध को चुना
दूसरे टेस्ट के बीच भारत को बड़ा झटका लगा है. बल्लेबाजी करते समय आकाश दीप के हेलमेट पर गेंद लगी और वो इस मैच से बाहर हो गए हैं. हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने 'कन्कशन सब्स्टिट्यूट' के तौर पर मोहम्मद सिराज को नहीं, बल्कि प्रसिद्ध कृष्णा को चुना.
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के बीच भारत को तगड़ा झटका लगा है. पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज आकाश दीप अचानक मैच से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह टीम मैनेजमेंट ने प्रसिद्ध कृष्णा को मैदान पर उतारने का फैसला किया है. दरअसल, तीसरे दिन जब आकाश दीप बैटिंग कर रहे थे, तब कीवी पेसर काइल जैमिसन की एक गेंद उनके हेलमेट पर लगी थी. आकाश दीप को उस समय तो ज्यादा तकलीफ नहीं हुई, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें परेशानी हुई.
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया के जरिए अपडेट अपडेट देते हुए बताया कि क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन, बल्लेबाजी करते समय आकाश दीप के हेलमेट पर गेंद लग गई. उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को 'कन्कशन सब्स्टिट्यूट' के तौर पर शामिल किया गया है. BCCI की मेडिकल टीम उन पर नजर रख रही है.
आकाश दीप OUT प्रसिद्ध कृष्णा IN
क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भारत ने 246 रनों का स्कोर खड़ा किया. ध्रुव जुरेल ने 88 रनों की शानदार पारी खेली. आकाश दीप ने भी उनका भरपूर साथ निभाया और 29 महत्वपूर्ण रन बनाए. दोनों के बीच 46 रनों की पार्टनरशिप हुई. हालांकि, बल्लेबाजी के दौरान ही आकाश दीप के सिर पर चोट लगी, जिसकी वजह से वो गेंदबाजी के लिए फिट नहीं हैं और बतौर कन्कशन सब्स्टिट्यूट उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा ने ली है. टीम इंडिया के लिए ये बड़ा झटका है, क्योंकि आकाश दीप पहली पारी में उनके सबसे सफल गेंदबाज रहे थे. दाएं हाथ के पेसर ने 31.3 ओवर में 99 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे.
सिराज पर बिल्कुल नहीं रहा भरोसा?
न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों टेस्ट में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को खेलने का मौका नहीं मिला. टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं. हालांकि, तीसरे दिन जब आकाश दीप सिर पर चोट लगने की वजह से बाहर हुए तो फैंस को उम्मीद थी कि उनकी जगह सिराज लेंगे, लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने प्रसिद्ध कृष्णा को चुना. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुरली कार्तिक भी इस फैसले से हैरान हुए और उन्होंने कमेंट्री बॉक्स में कहा कि ये फैसला मेरे समझ से परे है. उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि सिराज ने ऐसी क्या गलती की है, जो उनके साथ ऐसा किया जा रहा है.
भारतीय टीम मैनेजमेंट के इस फैसले से ये तो साफ हो गया है कि फिलहाल कोच और कप्तान को मोहम्मद सिराज पर बिल्कुल भरोसा नहीं है. हालांकि, आंकड़े कुछ और कहानी बयां करते हैं. सिराज WTC के मौजूदा सत्र में भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं. उन्होंने 11 टेस्ट की 21 पारियों में 26.81 की औसत से 43 विकेट चटकाए हैं.
ये भी पढ़ें: टेस्ट की असली जंग: आकाश दीप के हेलमेट तो गुरनूर के गर्दन पर लगी गेंद, दर्द से लड़ भारत ने बचाया फॉलोऑन