W, W, W, W... 4 गेंद पर 4 विकेट, जमशेद आलम का ड्रीम डेब्यू, चमत्कारी स्पेल से रचा इतिहास
क्रिकेट में हर खिलाड़ी डेब्यू पर शानदार प्रदर्शन के सपने देखता है. लेकिन कुछ ही प्लेयर्स ऐसे होते हैं, जिनका नाम डेब्यू पर ही रिकॉर्डलिस्ट में दर्ज हो जाता है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र की तरफ से खेलने वाले जमशेद आलम ने ड्रीम डेब्यू किया. उन्होंने लगातार 4 गेंद में 4 विकेट झटके.
डेब्यू मैच और हैट्रिक, किसी भी गेंदबाज के लिए डेब्यू पर ये प्रदर्शन सपने जैसा साबित होगा. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जमशेद आलम ने ड्रीम डेब्यू कर सभी को चौंका दिया है. जमशेद आरम ने रेलवे के लिए डेब्यू किया. हालांकि, वह उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ एक मैच में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट झटके. ये कारनामा करने वाले जमशेद तीसरे गेंदबाज बन गए हैं.
दिलचस्प बात है कि जमशेद ने महज 9 गेंद में ही पंजा खोल दिया. इस तरह से उन्होंने अपने डेब्यू को यादगार बना दिया. जमशेद पुरुषों के T20 क्रिकेट में अपने डेब्यू मैच में पांच विकेट लेने वाले छठे भारतीय बन गए हैं. रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182/5 का स्कोर बनाया था. इसके जवाब में, सौराष्ट्र की पारी के चौथे ओवर में जमशेद ने चार विकेट झटके और विरोधी टीम की कमर तोड़कर रख दी.
लगातार चार विकेटों से पलटी बाजी
उन्होंने हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचिट अहीर और सम्मर गज्जर को आउट किया. जमशेद ने अपने अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा को आउट करके अपने पांच विकेट पूरे किए. उनके इस अविश्वसनीय स्पेल की बदौलत सौराष्ट्र की टीम ने महज 30 रन के स्कोर पर अपने 6 बल्लेबाजों को खो दिया. सौराष्ट्र की टीम 20 ओवर्स में 153/8 तक ही पहुंच सकी और टीम को 29 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें... IND A vs PAK A: ड्रामा, कंट्रोवर्सी और रोमांच... हर्षित-प्रिंस का जादू फेल, पाकिस्तान ने ठोके 313 रन
जमशेद से पहले 2 भारतीय कर चुके ये कारनामा
जमशेद ने अपने आखिरी ओवर में 17 रन दिए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने 5/38 के शानदार आंकड़े के साथ अपनी गेंदबाजी पूरी की. जमशेद से पहले, केवल दो भारतीयों ने यह कारनामा किया था. नवंबर 2019 में, कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने हरियाणा के खिलाफ 20वें ओवर में चार विकेट लिए थे, जबकि नवंबर 2021 में विदर्भ के दर्शन नालकांडे ने कर्नाटक के खिलाफ ऐसा ही कारनामा दोहराया था. भारत के बाहर, पुरुषों के T20 क्रिकेट में केवल दो ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने जमशेद से भी कम गेंदों में पांच विकेट लिए हैं. पहले इंडोनेशिया के गेडे प्रियांदाना ने कंबोडिया के खिलाफ केवल छह गेंदों में पांच विकेट लिए थे, जबकि फिनलैंड के महेश तांबे ने एस्टोनिया के खिलाफ आठ गेंदों में पंजा खोला था.