क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दीवाने हैं टाइगर श्रॉफ, एक्टर के बाद बने प्रोफेशनल फुटबॉलर, फायरिंग से पहले भी खेल रहे थे फुटबॉल
बॉलीवुड के अभिनेता टाइगर श्रॉफ पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. टाइगर श्रॉफ की फुटबॉल स्किल्स भी बहुत शानदार हैं.
बॉलीवुड के अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार को एक जानलेवा हमला हुआ है, जिसमें वह बाल-बाल बच गए. टाइगर श्रॉफ जब रविवार को फुटबॉल खेलकर अपनी गाड़ी में निकल रहे थे, तो उनकी कार पर तीन से चार राउंड फायरिंग की गई. उन्हें देखने के लिए वहां भारी भीड़ जमा थी. भीड़ के बीच से ही उनकी कार पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं. टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी. यह फायरिंग की घटना जुहू पुलिस स्टेशन के इलाके में हुई. टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें गोली लगने से कोई चोट नहीं आई है. मामले की आगे जांच चल रही है.
टाइगर श्रॉफ की बात करें तो वह फुटबॉल प्रेमी हैं और रोनाल्डो के जबरदस्त फैन हैं. एक बार टाइगर श्रॉफ ने खुद एक इंटरव्यू ने कहा था कि वह फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर बनने वाली बायोपिक में काम करना पसंद करेंगे. इंटरव्यू के दौरान जब टाइगर श्रॉफ से पूछा गया कि वह भविष्य में किस फुटबॉलर की बायोपिक देखना चाहेंगे और किस फुटबॉलर की बायोपिक में खुद काम करना चाहेंगे.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के फैन हैं टाइगर
इस सवाल पर टाइगर श्रॉफ ने कहा, 'मेरे पसंदीदा खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं. मैं रोनाल्डो की बायोपिक में काम करना चाहूंगा.' प्रोफेशनल फुटबॉल में टाइगर श्रॉफ ने साल 2024 में 'मुंबई FC' के लिए डेब्यू किया था. यह मैच मुंबई प्रीमियर लीग (भारतीय घरेलू फुटबॉल लीग सिस्टम का सातवां स्तर) में बॉम्बे जिमखाना के खिलाफ था, जिसमें उनकी टीम 1-0 से जीती. क्लब के शुरू होने के चार महीने से भी कम समय में उन्होंने यह मैच खेला.
टाइगर पर अब क्या है अपडेट?
टाइगर के पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ ने बाद में मीडिया को बताया कि उनका बेटा सुरक्षित है.
घटना के कुछ ही घंटों के भीतर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल होने लगी, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली. उसने कहा कि यह अभिनेता के लिए एक चेतावनी थी कि वे सुपरस्टार सलमान खान के साथ काम करना बंद कर दें. राजस्थान में 1998 के काले हिरण (ब्लैकबक) के शिकार मामले में सलमान खान की कथित संलिप्तता के कारण, यह गैंग उनसे दुश्मनी रखता है.
फिल्म जगत ने हमले की कड़ी निंदा की
टाइगर पर हुए इस हमले की फिल्म जगत ने कड़ी निंदा की है. इस गोलीबारी ने बाबा सिद्दीकी की हत्या की यादें भी ताजा कर दीं, जिन्हें बांद्रा ईस्ट में बिश्नोई गैंग के संदिग्ध सदस्यों ने बहुत करीब से गोली मारकर मार डाला था. महाराष्ट्र के पूर्व विधायक की हत्या की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी, क्योंकि वे सलमान खान के साथ उनकी करीबी दोस्ती से नाराज थे. लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात की एक जेल में बंद हैं और काले हिरण के शिकार मामले के चलते सलमान खान से गहरी दुश्मनी रखते हैं.