SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Asian Games 2026: भारतीय खिलाड़ी के साथ हुई बेईमानी? ऐतिहासिक ब्रॉन्ज जीतकर भी फूट-फूटकर रोईं सुचिका तारियाल

एशियन गेम्स 2026 में सुचिका तारियाल ने MMA इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. हालांकि, सेमीफाइनल में मिली हार से वो काफी नाखुश दिखीं और इस फैसले के खिलाफ अपील भी की. इसके बावजूद सिंगापुर की खिलाड़ी को विजेता घोषित कर दिया गया.

Written By Ritesh Kumar
Published: Sep 21, 2026, 05:09 PM IST | Updated: Sep 21, 2026, 05:12 PM IST
Image Credit: Screengrabs/X
Join

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत की 36 वर्षीय एथलीट सुचिका तारियाल ने इतिहास रच दिया. जापान में चल रहे मेगा इवेंट से पहले तक मिश्रित मार्शल आर्ट (MMA) खेल के बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी थी. एशियन गेम्स 2026 में पहली बार इस खेल की एंट्री हुई और सुचिका तारियाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया. हालांकि, कांस्य पदक जीतकर भी वो टूटकर बिखर गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं. उन्होंने बताया कि उनके साथ नाइंसाफी हुई है.

सुचिका के रिएक्शन से साफ पता चल रहा था कि उन्हें पक्का यकीन था कि फैसला उनके पक्ष में आना चाहिए था. बीच में खड़े रेफरी भारतीय खिलाड़ी का इंतजार करते रहे, जबकि दूसरी तरफ टेओ खड़ी थीं. सुचिका अनिच्छा से वहां पहुंचीं और रेफरी ने सिंगापुर की खिलाड़ी का हाथ ऊपर उठाकर उन्हें विजेता घोषित कर दिया. इस समय भी भारतीय खिलाड़ी को जो हुआ उस पर यकीन नहीं हो रहा था और वह अविश्वास में अपना सिर हिलाती रहीं.

फूट-फूटकर रोईं सुचिका तारियाल

कड़े मुकाबले के तय समय के बाद मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ, जिसमें आखिरी कुछ सेकंड में टेओ ने हमला किया. फिर बजर बजते ही तारियाल अपनी प्रतिद्वंद्वी को नीचे गिराने में कामयाब रहीं. जब मुकाबला ओवरटाइम में पहुंचा, तब भी दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को बराबर की टक्कर दी.

परेशान सुचिका को यकीन नहीं हो रहा था कि क्या हुआ है, और जल्द ही उनका अविश्वास आंसुओं में बदल गया. भावनाओं में बहकर सुचिका घुटनों के बल बैठ गईं, जिसके बाद उनके कोच ने उन्हें सांत्वना दी. फिर भी, सुचिका फूट-फूटकर रोती रहीं.

 

क्या है पूरा विवाद?

सुचिका ने मैच के बाद एक विशेष बातचीत में पीटीआई को बताया, 

“मैं आज के मुकाबले के परिणाम से थोड़ी निराश हूं क्योंकि मुझे लगा कि मैंने लड़ाई जीत ली है. मैं इस परिणाम से सहमत नहीं हो पा रही हूं. मैं कह रही थी कि यह उचित नहीं है क्योंकि अगर आप एक खिलाड़ी को देखते हैं, तो वह हर जगह अपना 100 प्रतिशत देता है. और अगर आपको लगता है कि निर्णय अनुचित है, तो यह मेरा अधिकार है.''

सुचिका तारियाल ने जबरदस्त खेल दिखाया, लेकिन वो महिलाओं के ट्रेडिशनल MMA 60kg इवेंट के फ़ाइनल में जगह नहीं बना सकीं. वो सिंगापुर की टेओ हुई हून से सेमीफाइनल में 1-2 से हार गईं. दरअसल, रिव्यू के फैसले के बाद भी दोनों एथलीट के पॉइंट्स बराबर थे और मुकाबला टाई हो गया. हालांकि, सिंगापुर की एथलीट का वजन सुचिका से 700 ग्राम कम था, इसलिए नियमों के अनुसार उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया.

इस तरह सुचिका ने एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल के साथ अपना सफ़र खत्म किया. यह इस खेल में भारत का पहला एशियन गेम्स मेडल है और इस बार आइची-नागोया में यह खेल पहली बार शामिल किया गया था. इससे पहले, सुचिका ने मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी. 36 साल की इस अनुभवी खिलाड़ी ने जूडो, कुराश, जिउ-जित्सु और अब MMA जैसे कई कॉम्बैट स्पोर्ट्स में अपना करियर बनाया है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES