'महान खिलाड़ी को एक न एक दिन होना पड़ता है रिटायर...', मेसी के संन्यास पर गांगुली का बयान, तारीफ में पढ़े कसीदे
लियोनेल मेसी ने 2016 में कोपा अमेरिका फाइनल में चिली से अर्जेंटीना की हार के बाद इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की थी, लेकिन बाद में अपना फैसला बदल लिया और छह साल बाद कतर में अपनी टीम को फीफा वर्ल्ड कप 2022 का खिताब जिताया.
फुटबॉल की दुनिया के सुपरस्टार लियोनेल मेसी ने सोमवार (31 अगस्त) को इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया. इसके बाद दुनियाभर में लियोनेल मेसी के फैंस भावुक हो गए. भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने लियोनेल मेसी के संन्यास के ऐलान के बाद उनके शानदार इंटरनेशनल करियर की तारीफ की. उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना के इस महान खिलाड़ी ने ऐसी विरासत छोड़ी है जिसकी बराबरी करना मुश्किल होगा. सौरव गांगुली ने यह उम्मीद भी जताई कि अर्जेंटीना जैसे महान फुटबॉल देश भविष्य में एक और वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी तैयार करेंगे.
लियोनेल मेसी ने 39 साल की उम्र में इंटरनेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट का ऐलान किया. सौरव गांगुली ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि लियोनेल मेसी का रिटायरमेंट खेल का एक जरूरी हिस्सा है. सौरव गांगुली ने लियोनेल मेसी के शानदार करियर और विरासत की तारीफ की. सौरव गांगुली ने कहा, 'खेल का यही तो मजा है. बेहतरीन खिलाड़ियों को कभी न कभी रिटायर होना ही पड़ता है. उन्होंने लंबे समय तक शानदार खेल दिखाया है, लेकिन खेल में ऐसा होना तय है. बेहतरीन खिलाड़ी को जाना ही पड़ता है.'
मेसी के संन्यास पर गांगुली का बड़ा बयान
सौरव गांगुली ने कहा, 'लियोनेल मेसी ने ऐसी विरासत छोड़ी है, जिसकी बराबरी करना बहुत मुश्किल होगा. मैंने अर्जेंटीना के एक और बाएं पैर के खिलाड़ी माराडोना को खेलते देखा है और अर्जेंटीना के ही मेसी को भी. ऐसी विरासत को बनाए रखना बहुत मुश्किल होता है, लेकिन ये देश खेल के मामले में बहुत महान हैं. फुटबॉल के देश अर्जेंटीना, ब्राजील, इंग्लैंड, जर्मनी, स्पेन. ये ऐसे महान फुटबॉल के देश हैं जो हर बार वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी तैयार करते रहते हैं. उम्मीद है कि जल्द ही कोई और खिलाड़ी सामने आएगा.' लियोनेल मेसी अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले और सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए 207 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 125 गोल किए हैं. वह साउथ अमेरिकन फुटबॉल इतिहास में भी सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं.
मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप जीता
लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2022 की ट्रॉफी जीती थी. अर्जेंटीना ने फाइनल में किलियन एम्बाप्पे की कप्तानी वाली फ्रांस की टीम को हराया. अर्जेंटीना का यह 36 सालों में पहला और कुल मिलाकर तीसरा वर्ल्ड कप खिताब था. इससे पहले, लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना के 28 साल के खिताबी सूखे को खत्म करने में भी अहम भूमिका निभाई थी. अर्जेंटीना ने 2021 में कोपा अमेरिका का खिताब जीता और फिर 2024 में भी इसे लगातार दूसरी बार अपने नाम किया, जबकि इससे पहले वे वर्ल्ड कप भी जीत चुके थे.
इंटर मियामी के लिए खेलना जारी रखेंगे मेसी
लियोनेल मेसी ने 2006 से 2026 तक छह फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया और 34 मैचों में 21 गोल किए. वे टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. फ्रांस के एम्बाप्पे 22 गोल के साथ यह रिकॉर्ड अपने नाम किए हुए हैं. इस साल के वर्ल्ड कप में मेसी ने आठ गोल किए और चार असिस्ट दिए, जिससे वे टूर्नामेंट के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बन गए. इसमें अल्जीरिया के खिलाफ उनकी पहली फीफा वर्ल्ड कप हैट्रिक भी शामिल थी. लियोनेल मेसी ने सबसे ज्यादा फीफा वर्ल्ड कप गोल के मामले में जर्मनी के दिग्गज फुटबॉसर मिरोस्लाव क्लोज का रिकॉर्ड तोड़ा था, लेकिन बाद में एम्बाप्पे ने उनसे यह टॉप स्थान छीन लिया. हालांकि, मेसी मेजर लीग सॉकर (MLS) में अपने क्लब, इंटर मियामी के लिए खेलना जारी रखेंगे.