App

एशियन गेम्स के सितारों से पीएम मोदी का संवाद: हॉकी टीम ने गिफ्ट की जर्सी और स्टिक, बेटियों को जमकर सराहा

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से गुरुवार, 15 अक्टूबर को पीएम मोदी संवाद कर कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में मेडल जीतने वाली बेटियों की विशेष रूप से सराहना की.

एशियन गेम्स के सितारों से पीएम मोदी का संवाद: हॉकी टीम ने गिफ्ट की जर्सी और स्टिक, बेटियों को जमकर सराहा

PM Modi Interacts With Asian Games Medalists: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से गुरुवार, 15 अक्टूबर को पीएम मोदी संवाद कर कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के आइची नागोया में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली बेटियों की खास तौर पर सराहना की है. इस इवेंट में भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम भी पहुंची है. क्रिकेट में भारत की दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था.

एशियाई खेल 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल से बातचीत करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हाल ही में हुए एशियन गेम्स हमारे लिए कई मायनों में यादगार रहे हैं. यहां हमारी पुरुष और महिला हॉकी, दोनों टीमें मौजूद हैं. दोनों ही टीमों ने स्वर्ण पदक जीते हैं. खासकर हमारी महिला हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया है. क्रिकेट में, हमारी दोनों टीमों ने लगातार दूसरी बार पदक जीतकर अपने ही पिछले रिकॉर्ड को दोहराया है. कबड्डी में, हमारी पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीते हैं. इसी तरह, हमने तीरंदाजी में पांच स्वर्ण पदक हासिल किए. हमने शूटिंग में शानदार प्रदर्शन देखा और बॉक्सिंग और कुश्ती में भी बड़ी सफलताएं हासिल कीं. हमारे खिलाड़ियों ने नए रिकॉर्ड बनाए, और हमने 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में भी एक पदक जीता है.''

एशियन गेम्स विजेताओं संग पीएम मोदी का संवाद

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आपने 1.4 अरब भारतीयों को गर्व करने का एक कारण दिया है. सबसे बड़ी सफलता तिरंगे का मान बढ़ाना है. आपने तिरंगे के गौरव और सम्मान में वृद्धि की है. इसीलिए आपकी सफलता केवल आपकी अपनी नहीं है, यह इस देश के करोड़ों नागरिकों की सफलता है. यह बहुत ही सुखद अहसास है. आप सभी युवा खिलाड़ी इस बात का उदाहरण हैं कि जब जुनून जीत में बदलता है, तो न केवल पदक मिलते हैं, बल्कि चेहरे पर एक चमक भी आ जाती है और इससे पूरा देश भी जगमगा उठता है. आप सभी के बीच रहने से मुझे भी ऊर्जा मिलती है. इतने सारे पदक विजेताओं से एक साथ मिलना कोई छोटी-मोटी बात नहीं है.

बेटियों की खास तौर पर की सराहना

संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स 2026 में मेडल जीतने वाली भारत की बेटियों की विशेष रूप से सराहना की. उन्होंने कहा, ''मैं विशेष रूप से हमारी बेटियों की सराहना करना चाहता हूं. भारत द्वारा जीते गए 85 पदकों में से 38 पदक हमारी महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं. इनमें 11 स्वर्ण पदक भी शामिल हैं.''

भारतीय हॉकी टीम ने पीएम मोदी को दिया तोहफा

इस दौरान भारतीय हॉकी टीम ने पीएम मोदी को 'हॉकी स्टिक' और 'जर्सी' भेंट की. कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और भारतीय ओलंपिक संघ अध्यक्ष पीटी उषा भी उपस्थित रहीं. भारत ने एशियन गेम्स 2026 में 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 85 मेडल जीतकर चौथा स्थान हासिल किया. मेडल टैली में चीन 341 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि जापान ने 260 मेडल के साथ दूसरे और साउथ कोरिया 150 मेडल के साथ तीसरे पायदान पर रहा.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More