हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से हटा पाकिस्तान: भारत में खेलने से इनकार, इस टीम की चमकी किस्मत
Hockey Asian Champions Trophy 2026: पाकिस्तान ने पंजाब में होने वाली हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है. यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में खेला जाएगा.
पाकिस्तान ने पंजाब में होने वाली हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है. यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में खेला जाएगा. पाकिस्तान के हटने से बांग्लादेश की किस्मत चमकी है और उसे हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में शामिल किया गया है. एएनआई के अनुसार, जब तारीखों का ऐलान किया गया था, तब हॉकी इंडिया ने ओमान के साथ बांग्लादेश को भी दो रिजर्व टीमों में से एक के तौर पर चुना था. हाल ही में हुए एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से धोया था.
शेयर किए गए शेड्यूल के अनुसार, भारत, मलेशिया, जापान, कोरिया, चीन और बांग्लादेश इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली छह टीमें हैं. ओपनिंग सेरेमनी के बाद, भारत अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर में बांग्लादेश के खिलाफ शाम 7:00 बजे करेगा.
हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से हटा पाकिस्तान
भारत अब 1 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ खेलेगा. इसी तारीख को पहले उसका मुकाबला पाकिस्तान से होना था. हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज 27 अक्टूबर को जालंधर में होगा और फाइनल 5 नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 14 सितंबर को घोषणा की कि पाकिस्तान उन छह टीमों में शामिल होगा. उन्होंने केंद्र सरकार की उस नीति का हवाला दिया, जो पाकिस्तान को भारतीय धरती पर मल्टी-लेटरल इवेंट्स में खेलने की इजाजत देती है. हॉकी इंडिया की एक विज्ञप्ति में पाकिस्तान को प्रतिभागी के तौर पर और बांग्लादेश और ओमान को रिजर्व के तौर पर शामिल किया गया.
उसी दिन, पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) ने एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) से टूर्नामेंट को भारत से बाहर स्थानांतरित करने या पाकिस्तान के मैचों को किसी तटस्थ स्थान पर आयोजित करने का अनुरोध किया. पीटीआई के अनुसार, उसने भारत के साथ "संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति" का हवाला दिया था.
पाकिस्तान का अनुरोध खारिज
हॉकी इंडिया के महासचिव और एशियाई हॉकी अकादमी के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने इस अनुरोध को खारिज कर दिया. उन्होंने पीटीआई को बताया कि आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं होगा और अगर पाकिस्तान को भाग लेना है, तो उसे भारत आना होगा. पाकिस्तान ने पिछले साल तमिलनाडु में हुए एफआईएच जूनियर विश्व कप और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए एशिया कप से भी नाम वापस ले लिया था.
भारत है डिफेंडिंग चैंपियन
भारत हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का मौजूदा चैंपियन है. उसने फाइनल में चीन को हराकर 2024 का खिताब जीता था. यह टूर्नामेंट पंजाब में आयोजित होने वाला पहला बड़ा हॉकी इवेंट है.