SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मेसी-रोनाल्डो की राइवलरी सिर्फ फुटबॉल तक नहीं... कमाई और संपत्ति में भी कांटे की टक्कर, कौन आगे?

फुटबॉल की दुनिया में दो नाम ऐसे हैं, जो महान भी हैं और करियर की शुरुआत से ही दोनों की तुलना होती रही है. क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी सिर्फ फुटबॉल के मैदान पर एक दूसरे से जंग नहीं करते, कमाई के मामले में भी दोनों में कांटे की टक्कर है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Sep 03, 2026, 09:05 PM IST | Updated: Sep 03, 2026, 10:30 PM IST
Image Credit: मेसी-रोनाल्डो की राइवलरी सिर्फ फुटबॉल तक नहीं... कमाई और संपत्ति में भी कांटे की टक्कर
Join

फुटबॉल की दुनिया में अगर पिछले डेढ़ दशक की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता की बात हो, तो दो नाम सबसे पहले सामने आते हैं- क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी. एक तरफ पुर्तगाल का CR7, जिसकी पहचान उसकी रफ्तार, ताकत, गोल करने की भूख और रिकॉर्ड तोड़ने की क्षमता से बनी, तो दूसरी तरफ अर्जेंटीना का मेसी, जिसकी ड्रिब्लिंग, विजन, गोल स्कोरिंग और प्लेमेकिंग ने फुटबॉल को नई परिभाषा दी. मैदान पर दोनों की तुलना हमेशा होती रही और अब कमाई के मामले में भी दोनों अरबपति क्लब में पहुंच चुके हैं.

नेटवर्थ में कौन आगे?

2026 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की अनुमानित नेटवर्थ 1.2 बिलियन डॉलर है, जबकि लियोनेल मेसी की नेटवर्थ 1.1 बिलियन डॉलर आंकी गई है. यानी भारतीय मुद्रा में रोनाल्डो की संपत्ति करीब 11,340 करोड़ रुपये, जबकि मेसी की करीब 10,395 करोड़ रुपये बैठती है. यह अंतर लगभग 945 करोड़ रुपये का है.

यहां एक अहम बात समझना जरूरी है कि नेटवर्थ सिर्फ खिलाड़ी की सैलरी नहीं होती. इसमें करियर की कमाई, विज्ञापन, ब्रांड डील, बिजनेस, निवेश और संपत्तियों की अनुमानित वैल्यू भी शामिल होती है. इसलिए दोनों की अरबों डॉलर की संपत्ति उनके लंबे और बेहद सफल करियर का नतीजा है.

कमाई में रोनाल्डो की बादशाहत

मौजूदा कमाई के मामले में रोनाल्डो अर्जेंटीना स्टार मेसी से आगे हैं. Forbes की 2026 सूची में रोनाल्डो ने पिछले 12 महीनों में करीब 300 मिलियन डॉलर कमाए. इसमें लगभग 235 मिलियन डॉलर मैदान से और 65 मिलियन डॉलर मैदान के बाहर की कमाई थी. यह आंकड़ा उन्हें दुनिया का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला एथलीट बनाता है. रोनाल्डो की कमाई में सबसे बड़ा हिस्सा सऊदी अरब के अल-नस्र से मिलने वाले भारी-भरकम कॉन्ट्रैक्ट का है. Forbes के मुताबिक क्लब उन्हें सालाना 200 मिलियन डॉलर से ज्यादा देता है. इसके अलावा Nike, CR7 ब्रांड और दूसरे कमर्शियल सौदे उनकी कमाई को और बढ़ाते हैं.

मेसी भी अरबपति, कमाई का बड़ा हिस्सा ब्रांड से

लियोनेल मेसी की कहानी थोड़ी अलग है. Forbes के मुताबिक उन्होंने अपने करियर में अब तक करीब 1.8 बिलियन डॉलर मैदान के अंदर और बाहर कमाए हैं. उनकी मौजूदा अनुमानित नेटवर्थ 1.1 बिलियन डॉलर है.

2026 में मेसी की सालाना कमाई करीब 140 मिलियन डॉलर आंकी गई है, जिसमें लगभग 70 मिलियन डॉलर मैदान से और 70 मिलियन डॉलर ऑफ-फील्ड कमाई है. Adidas, Mastercard, Lay's, Apple और दूसरे ब्रांड्स के साथ उनकी साझेदारी उनकी कमाई का बड़ा आधार है.

इंटर मियामी में मेसी का प्रभाव सिर्फ उनकी व्यक्तिगत कमाई तक सीमित नहीं है. उनके आने के बाद क्लब की कमाई और वैल्यू में जबरदस्त उछाल आया. Forbes के मुताबिक 2026 में इंटर मियामी की वैल्यू करीब 1.4 बिलियन डॉलर है.

मैदान पर रिकॉर्ड्स की जंग

रोनाल्डो और मेसी की तुलना सिर्फ पैसे से नहीं होती. दोनों ने फुटबॉल के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है. रोनाल्डो के नाम 5 बैलोन डी'ओर, 5 चैंपियंस लीग खिताब और यूरो 2016 का खिताब है. वो चैंपियंस लीग इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में भी गोल और मैचों के रिकॉर्ड उनके नाम हैं. Forbes के अनुसार जून 2026 तक वह 973 करियर गोल कर चुके थे और उनका लक्ष्य 1,000 गोल तक पहुंचना रहा है.

मेसी के पास 8 बैलोन डी'ओर हैं, जो इतिहास में सबसे ज्यादा हैं. वो 6 बार यूरोपियन गोल्डन शू जीत चुके हैं और 2012 में एक कैलेंडर वर्ष में 91 गोल करने का अविश्वसनीय रिकॉर्ड बनाया था. चैंपियंस लीग  में भी उनके नाम कई रिकॉर्ड हैं.

सबसे बड़ी बात यह है कि मेसी ने 2022 में अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप जिताया, जबकि रोनाल्डो की ट्रॉफी कैबिनेट में अब भी विश्व कप का खिताब नहीं है. दूसरी तरफ रोनाल्डो ने पुर्तगाल को 2016 में उसका पहला बड़ा यूरोपीय खिताब दिलाया.

जंग अभी भी जारी

मेसी और रोनाल्डो की प्रतिद्वंद्विता का एक बड़ा अध्याय 2026 में खत्म हुआ. मेसी ने 31 अगस्त 2026 को अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी. वो 207 मैचों में 125 गोल के साथ अर्जेंटीना के सर्वाधिक गोल करने वाले और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं.

रोनाल्डो अभी भी पुर्तगाल के साथ सक्रिय हैं और 2026 विश्व कप उनका छठा विश्व कप रहा. हालांकि, रोनाल्डो ने भी ये संकेत दिए हैं कि इस कैलेंडर ईयर के बाद वो फुटबॉल से संन्यास ले लेंगे. ओवरऑल गोल के मामले में रोनाल्डो सबसे टॉप पर हैं. उन्होंने अब तक 978 गोल दागे हैं. वहीं मेसी ने 927 गोल किए हैं. अब दोनों की नजर 1000 गोल के महारिकॉर्ड पर है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES