SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

IOA चुनाव: पीटी उषा को बड़ा झटका, SOM चुनाव हारीं; साइना नेहवाल, अंजू बॉबी जॉर्ज और रानी रामपाल की जीत

भारत की दिग्गज एथलीट पीटी उषा के लिए एक बुरी खबर आई है. वह भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (SOM) के चुनाव में हार गई हैं. महिला वर्ग में साइना नेहवाल, अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल और डोला बनर्जी को जीत मिली.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 09, 2026, 08:07 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 09:19 PM IST
Image Credit: साइना नेहवाल, रानी रामपाल, अंजू बॉबी जॉर्ज और पीटी उषा. ANI
Join

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा को सोमवार (नौ नवंबर) को बड़ा झटका लगा है. वह उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (SOM) के चुनाव में हार गई हैं. उन्हें महिला वर्ग में शिकस्त मिली. ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल, पूर्व एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज, पूर्व हॉकी कप्तान रानी रामपाल और पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी ने जीत हासिल की है. छह उम्मीदवारों की प्रतियोगिता में इन चारों ने SOM पदों पर कब्जा जमा लिया है. पीटी उषा के साथ एक अन्य उम्मीदवार अनीता पॉल दुरई को हार का सामना करना पड़ा.

महिला SOM वर्ग में कुल मिलाकर 80 वोट डाले गए और इसमें पूर्व लंबी कूद एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज ने सबसे बड़ी सफलता हासिल की. उन्हें सर्वाधिक 53 वैध वोट हासिल हुए. उनके बाद रानी रामपाल को 50 और डोला बनर्जी को 45 वोट मिले. बैडमिंटन सुपरस्टार साइना नेहवाल ने 43 वोट हासिल किए. वह चौथे स्थान पर रहीं. पीटी उषा को 40 और अनीता पॉल दुरई को सिर्फ 6 वोट मिले.

पीटी उषा के लिए बड़ा झटका क्यों?

पीटी उषा दिसंबर 2022 में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष बनी थीं. वह इस पद तक पहुंचने वाली पहली महिला थीं. SOM चुनाव में उनकी हार ने उन्हें मुश्किलों में डाल दिया है. पांच दिसंबर को साल 2026-2030 के लिए भारतीय ओलंपिक संघ कार्यकारी परिषद के चुनाव होंगे. यहां मिली हार के कारण उनका फिर से अध्यक्ष बनना कठिन होगा.

ये भी पढ़ें: ललित मोदी की सलाह मानेगा BCCI? IPL की तारीखों में बदलाव करने की मांग, जानें क्यों किया बॉलीवुड का जिक्र

पुरुष वर्ग में कौन-कौन हुए निर्वाचित?

पुरुष SOM वर्ग में कोई चुनावी मुकाबला नहीं हुआ. इस वर्ग में सभी चारों उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए. 12 से आठ उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए. ऐसे में ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, योगेश्वर दत्त और विजेंद्र सिंह के साथ-साथ पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता को जीत मिली. ये चारों बिना किसी चुनावी मुकाबले के विजेता घोषित हो गए.

ये भी पढ़ें: मौसम बना सिरदर्द: हैमिल्टन में बारिश बनेगी विलेन या भारत रचेगा इतिहास? टीम इंडिया का अभ्यास सत्र रद्द

क्या करते हैं SOM के प्रतिनिधि?

पुरुष और महिला वर्ग से चुने गए आठों SOM प्रतिनिधि भारतीय ओलंपिक संघ की आम सभा के सदस्य बन जाएंगे. ये सभी पांच दिसंबर को होने वाले कार्यकारी परिषद चुनाव में मतदान करने और खुद को उम्मीदवार बनाने के लिए योग्य होंगे. एक पुरुष और एक महिला SOM प्रतिनिधि को सीधे कार्यकारी परिषद में भी जगह मिलेगी. इससे भारतीय ओलंपिक संघ की प्रशासनिक संरचना में उनकी सीधी भागीदारी तय हो जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES