App

नीरज के बिना भी मेडल को तरसे अरशद नदीम: भारत की झोली में आए दो पदक, यशवीर-रोहित ने तोड़ा पाकिस्तान का घमंड!

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में जैवलिन इवेंट में भारत की झोली में दो मेडल आए. यशवीर सिंह ने सिल्वर और रोहित यादव ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया. पेरिस ओलंपिक में रिकॉर्ड थ्रो के साथ गोल्ड जीतने वाले अरशद नदीम मेडल के लिए एक बार फिर तरस गए.

नीरज के बिना भी मेडल को तरसे अरशद नदीम: भारत की झोली में आए दो पदक, यशवीर-रोहित ने तोड़ा पाकिस्तान का घमंड!
Image Credit: AI Graphic

Asian Games 2026: जब स्टार भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स 2026 से बाहर हुए थे तो फैंस को करारा झटका लगा था. हालांकि, जैवलिन के दो नए सितारे यशवीर सिंह और रोहित यादव ने नीरज की कमी महसूस नहीं होने दी है. जापान के आईची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के जैवलिन स्पर्धा में भारत के यशवीर सिंह ने सिल्वर और रोहित यादव ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया. वहीं, पेरिस ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट अरशद नदीम को निराशा हाथ लगी.

प्रतियोगिता में नीरज चोपड़ा के ना होने के बावजूद अरशद मेडल जीतने में असफल रहे. पिछले कुछ समय से उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा है. हाल ही में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी अरशद मेडल नहीं जीत सके थे. पेरिस ओलंपिक में रिकॉर्ड थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीतने के बाद से वो लगातार फ्लॉप साबित हो रहे हैं और उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं.

भारत की झोली में डबल मेडल

नीरज चोपड़ा के बिना भी एशियन गेम्स में दो एथलीटों ने जैवलिन इवेंट में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है. भारत के यशवीर सिंह ने अपने आखिरी प्रयास में 85.72 मीटर की अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ दूरी के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि उनके साथी रोहित यादव ने 84.35 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. यशवीर ने अपनी पहली थ्रो में 83.56 मीटर की दूरी के साथ अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन तीसरे राउंड में रोहित ने 84.35 मीटर के साथ थोड़ी देर के लिए बढ़त बना ली थी.

अरशद नदीम का फ्लॉप शो जारी

एशियन गेम्स 2026 का ये नतीजा पाकिस्तानी एथलीट अरशद नदीम के लिए एक मुश्किल सीजन का अंत है. उन्हें उस फॉर्म को वापस पाने में संघर्ष करना पड़ा है, जिसकी बदौलत उन्होंने पेरिस में 92.97 मीटर के रिकॉर्ड थ्रो के साथ ओलंपिक गोल्ड मेडल जीता था. ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में वे नौवें और बुडापेस्ट में वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप में पांचवें स्थान पर रहे.

श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने जीता गोल्ड मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज चोपड़ा का गोल्ड जीतने का सपना तोड़ने वाले श्रीलंकन जैवलिन स्टार रुमेश पथिरागे एशियन गेम्स में भी भारत के लिए विलेन साबित हुए. दुनिया के नंबर 1 और जीत के सबसे बड़े दावेदार पाथिरागे ने अपनी साख के मुताबिक प्रदर्शन किया. तीन थ्रो के बाद 83.56 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहने के बाद, उन्होंने अपने चौथे प्रयास में 88.33 मीटर का थ्रो किया और खुशी से अपनी छाती पीटते हुए दोनों भारतीयों से आगे निकल गए। छठे प्रयास में उन्होंने 88.55 मीटर के साथ अपने प्रदर्शन को और बेहतर किया.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More