SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Asian Games: 10000 मीटर रेस में पिछड़ रहे थे गुलवीर... अचानक चीते की रफ्तार से दौड़ पलट दी बाजी, जीता सिल्वर मेडल

एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने सिल्वर मेडल पर कब्जा कर इतिहास रच दिया है. गुलवीर ने 25-लैप की मुश्किल रेस 28:29.38 में पूरी करके दूसरा स्थान हासिल किया और हांगझोऊ में हुए 2023 एशियाई खेलों में इसी इवेंट में जीते गए ब्रॉन्ज मेडल के साथ अब सिल्वर मेडल भी अपने नाम कर लिया.

Written By Ritesh Kumar
Published: Sep 25, 2026, 06:42 PM IST | Updated: Sep 25, 2026, 06:58 PM IST
Image Credit: AI Graphic
Join

India in Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 से भारत के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने सिल्वर मेडल पर कब्जा कर इतिहास रच दिया है. शुक्रवार को मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में शानदार दौड़ लगाकर गुलवीर ने हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया. वो एशियाई खेलों में 10000 मीटर दौड़ में दो मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं. इससे पहले उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज पर कब्जा किया था. नागोया में अपने मेडल का रंग बदलते हुए उन्होंने रजत पदक जीता.

गुलवीर ने 25-लैप की मुश्किल रेस 28:29.38 में पूरी करके दूसरा स्थान हासिल किया और हांगझोऊ में हुए 2023 एशियाई खेलों में इसी इवेंट में जीते गए ब्रॉन्ज मेडल के साथ अब सिल्वर मेडल भी अपने नाम कर लिया. वो पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में एशियाई खेलों के पोडियम पर दो बार जगह बनाने वाले पहले भारतीय बन गए.

आखिरी लैप में चीते की तरह भागे

25-लैप की रेस में भारत के गुलवीर सिंह 23 लैप तक पिछड़ रहे थे और ऐसा नहीं लग रहा था कि वो मेडल जीत पाएंगे. लेकिन उन्होंने अपनी एनर्जी बचाकर रखी थी और आखिरी लैप में पूरी ताकत झोंकते हुए चीते की रफ्तार से दौड़ लगाकर उन्होंने बाजी पलट दी. गुलवीर ने महज 10 सेकेंड में 2-3 धावकों को पीछे छोड़ा और दूसरे स्थान पर पहुंच गए. वो गोल्ड मेडल जीतने से सिर्फ 1.87 सेकेंड दूर रह गए.

बहरीन के बिरहानु बालेव ने 28:27.51 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता और गुलवीर से 1.87 सेकंड आगे रहे, जबकि उनके साथी अल्बर्ट किप्टू ने 28:34.38 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. चीन के वांग वेनजी 28:38.14 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे.

 

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी जीता था सिल्वर

नागोया में जीता गया सिल्वर मेडल गुलवीर के लिए 2026 के शानदार सीजन में एक और बड़ी उपलब्धि है. ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में, उन्होंने 10,000 मीटर में सिल्वर और 5,000 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल जीता. इसके साथ ही, वो 10,000 मीटर इवेंट में कॉमनवेल्थ गेम्स मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए.

भारतीय सेना में नायब सूबेदार गुलवीर ने भारत के बेहतरीन लॉन्ग-डिस्टेंस रनर्स में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने 2023 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5,000 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और इसके बाद दक्षिण कोरिया के गुमी में हुई 2025 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों इवेंट्स में गोल्ड मेडल जीतकर 'गोल्डन डबल' पूरा किया.

28 साल के गुलवीर सिंह कई रिकॉर्ड तोड़ने के लिए भी जाने जाते हैं. उनके नाम 5,000 मीटर और 10,000 मीटर में भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड हैं. उन्होंने 5,000 मीटर शॉर्ट ट्रैक में 12:59.77 और 10,000 मीटर में 27:00.22 का समय निकाला है. 12:59.77 के समय के साथ, वह इनडोर इवेंट में 13 मिनट से कम समय लेने वाले पहले एशियाई एथलीट बने. 2026 में, वो 60 मिनट से कम समय में हाफ मैराथन पूरी करने वाले पहले भारतीय भी बने, जिसमें उन्होंने 59:42 का समय दर्ज किया. वो कोलोराडो स्प्रिंग्स में कोच स्कॉट सिमंस की देखरेख में ऊंचाई वाले इलाकों में ट्रेनिंग करते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES