)
जापान में एशियन गेम्स 2026 से पहले बुरी खबर आई है. गेम्स शुरू होने से 10 दिन पहले बाढ़ का कहर देखने को मिला है. मंगलवार को हुई इस मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों और घरों में पानी भर गया. बस और सब-वे सेवाएं ठप हो गईं और लगभग 3,500 लोगों को आपातकालीन राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा. नागोया शहर में पहुंच चुके लगभग 400 एथलीटों और सपोर्ट स्टाफ को एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए सुरक्षित ऊंचाई वाले स्थानों पर पहुंचाया गया.
जापानी मीडिया में शहर की सड़कों और मेट्रो स्टेशनों पर पानी भरने की तस्वीरें सामने आई हैं. नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा ने खिलाड़ियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की जानकारी दी. कुछ खेल परिसरों की छतों से पानी टपकने की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन मेयर हिरोसावा ने स्पष्ट किया कि खेल स्थलों को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है. उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि आयोजकों को स्टेडियमों की स्थिति की चिंता नहीं है और एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगे.
भारतीय दल का आकार और मंजूरी कितनी है?
दूसरी तरफ, भारतीय खेल मंत्रालय ने 20वें एशियाई खेलों में भाग लेने वाले 503 भारतीय एथलीटों के लिए 246 अधिकारियों और कोचों के दल को मंजूरी दे दी है. इससे पहले मंत्रालय ने 35 खेलों के लिए 492 एथलीटों को मंजूरी दी थी, लेकिन बाद में एथलेटिक्स और सर्फिंग को शामिल किए जाने के बाद कुल खेलों की संख्या 36 हो गई है. भारत के कुल दल की संख्या अब 768 हो गई है, जिसमें शेफ डी मिशन सहदेव यादव और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनशॉ पारदीवाला सहित 19 दल अधिकारी शामिल हैं.
A staff member shared footage from last night as all subway lines stopped & workers were sent home early for safety
This morning, the city is calm — but more rain is coming
https://t.co/WlkvnSoDyd pic.twitter.com/GN6dSANRpQ— GlobeUpdate (@Globupdate) September 9, 2026
एथलेटिक्स टीम में कौन-कौन शामिल हैं?
एथलेटिक्स टीम में सबसे बड़ा 31 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ शामिल है. इसमें राष्ट्रीय कोच पी. राधाकृष्णन के नेतृत्व में 20 कोच शामिल हैं. चोट के कारण स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा इस बार टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होंगे, लेकिन उनके कोच जय चौधरी और फिजियो ईशान मारवाहा सपोर्ट स्टाफ की सूची में मौजूद हैं. इसके अलावा रिलायंस फाउंडेशन के एथलेटिक्स निदेशक जेम्स हिलियर भी इसमें शामिल हैं.
क्रिकेट टीमों का मार्गदर्शन कौन कर रहा है?
एशियाई खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से उतर रही पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों को 20 सदस्यों का सपोर्ट स्टाफ आवंटित किया गया है. पुरुष टीम का नेतृत्व मुख्य कोच के रूप में वीवीएस लक्ष्मण करेंगे, जबकि अमोल मजूमदार महिला टीम के मुख्य कोच होंगे. इसके साथ ही मारूफ फजंदर को टीम लीडर बनाया गया है.
हॉकी, शूटिंग और बैडमिंटन दल की क्या तैयारियां?
हॉकी की 40 सदस्यीय टीम के लिए 6 कोच और 3 फिजियोथेरेपिस्ट सहित 14 सपोर्ट स्टाफ स्वीकृत किए गए हैं. वहीं, दोहरी ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर की अगुवाई वाले निशानेबाजी दल की मदद के लिए 11 कोचों समेत 17 सहयोग स्टाफ मौजूद रहेंगे. 20 सदस्यीय बैडमिंटन दल के साथ राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद के अलावा इंडोनेशिया के इरवांसिया और मलेशिया के तान किम हेर भी विदेशी कोच के रूप में यात्रा करेंगे.