SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कार्लोस क्विरोज फिर बने घाना फुटबॉल टीम के कोच, दो महीने पहले फीफा वर्ल्ड कप में मिली थी करारी हार

FIFA वर्ल्ड कप 2026 में 'ब्लैक स्टार्स' के बाहर होने के बाद इस्तीफा देने वाले अनुभवी कोच कार्लोस क्विरोज की दो महीने से भी कम समय में एक बार फिर वापसी हुई है. वह एक बार फिर घाना फुटबॉल टीम की कमान संभालेंगे.

Reported By Tarun Verma Written By Tarun Verma
Published: Sep 04, 2026, 01:59 PM IST | Updated: Sep 04, 2026, 02:28 PM IST
Image Credit: Carlos Queiroz Reappointed Ghana Head Coach
Join

कार्लोस क्विरोज एक बार फिर घाना फुटबॉल टीम के हेड कोच बन गए हैं. घाना फुटबॉल एसोसिएशन (GFA) के मुताबिक कार्लोस क्विरोज को फिर से घाना का हेड कोच नियुक्त किया गया है. बता दें कि कार्लोस क्विरोज ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 से 'ब्लैक स्टार्स' (घाना की टीम) के बाहर होने के बाद हेड कोच का पद छोड़ दिया था. दो महीने से भी कम समय के बाद एक बार फिर कार्लोस क्विरोज को घाना का हेड कोच बनाया गया है.

घाना फुटबॉल एसोसिएशन (GFA) और घाना के खेल और मनोरंजन मंत्रालय के साथ कोचिंग के नए समझौते पर सहमत होने के बाद 73 साल के पुर्तगाली कोच कार्लोस क्विरोज आगामी इंटरनेशनल विंडो के दौरान हेड कोच पद पर लौटेंगे. घाना फुटबॉल एसोसिएशन (GFA) ने एक बयान में कहा, 'कार्लोस क्विरोज का पिछला कार्यकाल, जिसमें हाल ही में संपन्न फीफा वर्ल्ड कप में घाना की टीम का नेतृत्व करना शामिल था, कुछ हफ्ते पहले समाप्त हो गया था. घाना फुटबॉल एसोसिएशन (GFA) और खेल व मनोरंजन मंत्रालय के साथ चर्चा के बाद, यह तय किया गया कि कार्लोस क्विरोज एक नए कोचिंग कार्यकाल की शुरुआत करेंगे, जो आगामी इंटरनेशनल विंडो से शुरू होगा.'

कार्लोस क्विरोज फिर बने घाना फुटबॉल टीम के कोच

बयान में आगे कहा गया, 'घाना फुटबॉल एसोसिएशन (GFA) का मानना ​​है कि कार्लोस क्विरोज का अंतरराष्ट्रीय अनुभव, तकनीकी विशेषज्ञता और 'ब्लैक स्टार्स' के बारे में जानकारी उन्हें टीम को अगले लेवल तक ले जाने के लिए एक मजबूत स्थिति में रखती है.' ओटो एडो को हटाए जाने के बाद कार्लोस क्विरोज ने अप्रैल में घाना की कमान संभाली थी और टीम को वर्ल्ड कप 2026 में राउंड ऑफ 32 तक पहुंचाया था. जुलाई में कोलंबिया से 1-0 की हार के साथ घाना का अभियान समाप्त हो गया, जिसके बाद कार्लोस क्विरोज ने सोशल मीडिया पर संकेत दिया था कि वह 'ब्लैक स्टार्स' के साथ अपनी 'छोटी यात्रा' को 'गर्व' के साथ छोड़ रहे हैं.

घाना का अब अगला मैच कब होगा?

अब कार्लोस क्विरोज तब लौट रहे हैं, जब घाना अपनी 2027 अफ्रीका कप ऑफ नेशंस क्वालीफाइंग अभियान की तैयारी कर रहा है. 'ब्लैक स्टार्स' का मुकाबला 23 सितंबर को आइवरी कोस्ट और 27 सितंबर को गाम्बिया से होना है, जिसके बाद नवंबर में वे दो बार सोमालिया का सामना करेंगे. कार्लोस क्विरोज इस रोल में इंटरनेशनल और क्लब-लेवल का काफी अनुभव लेकर आए हैं. उन्होंने पहले 2014, 2018 और 2022 वर्ल्ड कप में ईरान को कोचिंग दी थी और 2010 में साउथ अफ्रीका में हुए वर्ल्ड कप में पुर्तगाल की टीम को लीड किया था, जहां वे राउंड ऑफ 16 तक पहुंचे थे और बाद में चैंपियन बनी स्पेन की टीम से हार गए थे.

लगभग चार दशकों के कोचिंग करियर के दौरान, कार्लोस क्विरोज ने यूनाइटेड अरब अमीरात, साउथ अफ्रीका, कोलंबिया, मिस्र, कतर और ओमान की नेशनल टीमों को भी मैनेज किया है. क्लब लेवल पर, उन्होंने स्पोर्टिंग CP, न्यूयॉर्क/न्यू जर्सी मेट्रोस्टार्स और स्पेन के बड़े क्लब रियल मैड्रिड को कोचिंग दी है. उन्होंने मैनचेस्टर यूनाइटेड में सर एलेक्स फर्ग्यूसन के असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर भी दो बार (2002-2003 और 2004-2008) काम किया है. उनका सबसे पहला काम घाना को आने वाले AFCON क्वालिफायर्स के लिए तैयार करना और वर्ल्ड कप कैंपेन के बाद 'ब्लैक स्टार्स' को अगले लेवल में पहुंचाने में मदद करना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES