SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Asian Games 2026: क्या 44 साल बाद खत्म होगा गोल्ड मेडल का सूखा? महिला हॉकी टीम की प्रचंड फॉर्म, लगाई जीत की हैट्रिक

एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रचंड फॉर्म देखने को मिल रही है. लेकिन सभी के जेहन में सवाल है, क्या 44 साल बाद ये टीम गोल्ड मेडल का सूखा खत्म कर पाएगी. फिलहाल टीम ने जीत की हैट्रिक लगा दी है और नॉकआउट की तरफ कदम बढ़ाती नजर आ रही है.

Written By Kavya Yadav
Published: Sep 23, 2026, 03:35 PM IST | Updated: Sep 23, 2026, 03:38 PM IST
Join

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम 44 साल से चला आ रहा गोल्ड मेडल का सूखा खत्म करने के लिए तैयार है. टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में पूल बी के मैच में थाईलैंड को 20-1 से रौंदते हुए एक और बड़ी जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही भारत का टूर्नामेंट में अजेय रिकॉर्ड बरकरार है. यह भारत की लगातार तीसरी जीत है. इससे पहले भारतीय टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 और फिर इंडोनेशिया को 17-1 के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी.

थाईलैंड के खिलाफ दीपिका ने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करते हुए 9 गोल दागे. फॉरवर्ड और ड्रैग-फ्लिक स्पेशलिस्ट दीपिका ने अपने सभी 9 गोल पेनल्टी कॉर्नर से किए, जिससे बार-बार यह साफ हुआ कि थाईलैंड को भारत के सेट-पीस अटैक का सामना करने में कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. नवनीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे, जबकि रुतुजा पिसल ने हैट्रिक पूरी की.

इस चौकड़ी ने किया कमाल

नेहा, लालरेम्सियामी, साक्षी राणा और कप्तान सलीमा टेटे की चौकड़ी ने भी बहती गंगा में हाथ धोए और गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया. भारतीय टीम ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाया और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा. थाईलैंड का तीन क्वार्टर तक खाता भी नहीं खुला था. वहीं, चौथे क्वार्टर के आखिर में टीम को एक गोल नसीब हुआ. भारत की यह जीत पूल बी में उसके शानदार प्रदर्शन का हिस्सा रही. इससे पहले टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से हराकर अपनी जबरदस्त गोल करने की क्षमता दिखाई थी.

ये भी पढ़ें... Asian Games: रोशिबिना देवी ने किया कमाल, वुशू में सिल्वर किया पक्का, विवाद के बाद एशियन गेम्स में लिया था भाग

1982 में आया था गोल्ड

हांगझोऊ एशियन गेम्स में इस टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था. अब इस बार उससे बेहतर प्रदर्शन करने पर टीम का फोकस है. अब टीम का अगला मुकाबला 25 सितंबर को जापान से होगा, जिसे जीतकर टीम नॉकआउट की तरफ कदम बढ़ाना चाहेगी. गोल्ड मेडल की बात करें तो 1982 के बाद महिला हॉकी में एशियाई खेलों में गोल्ड नहीं मिला है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

4 साल से खेल पत्रकारिता में सक्रिय. 2022 में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के तौर पर डेब्यू किया. क्रिकट्रैकर, न्यूज18 से होते हुए अब जी न्यूज हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर स्पोर्ट्स टीम का हिस्सा हैं. खेल जगत की हर हलचल, हर खास कहानी और हर ब्रेकिंग न्यूज पर पकड़. IPL, ODI World Cup, T20 World Cup, Olympics समेत कई बड़े इवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES