साल 2027 में इस राशि पर शुरू होगी साढ़ेसाती, 3 अन्य राशियों पर भी रहेगा शनि का कड़ा पहरा
साल 2027 शुरू होने वाला है और इस साल के बीच में शनि ग्रह राशि परिवर्तन करने जा रहे हैं. इससे एक राशि पर शनि की साढ़ेसाती प्रारंभ होगी और 3 अन्य राशियां भी साढ़ेसाती की चपेट में रहेंगी.
शनि ढाई साल में राशि बदलते हैं और जब भी राशि परिवर्तन करते हैं, किसी न किसी राशि पर साढ़ेसाती शुरू होती है और किसी राशि की साढ़ेसाती समाप्त होती है. साल 2027 में भी शनि गोचर हो रहा है. शनि मीन राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश करेंगे. 30 साल बाद शनि मेष राशि में आ रहे हैं, इससे वृष राशि पर शनि साढ़ेसाती प्रारंभ हो जाएगी. वहीं 3 अन्य राशियों पर भी साढ़ेसाती का साया रहेगा.
शनि गोचर 2027 कब होगा?
द्रिक पंचांग के अनुसार, 3 जून 2027 को शनि मीन राशि से निकलकर अपनी नीच राशि मेष में आएंगे. लेकिन 20 अक्टूबर 2027 को उल्टी चाल चलते हुए फिर से मीन राशि में आ जाएंगे, जहां वे फरवरी 2028 तक रहेंगे, इसके बाद फिर से मेष राशि में जाएंगे. जहां वह करीब 2 साल तक रहेंगे.
वृष राशि पर प्रारंभ होगी साढ़ेसाती
शनि ग्रह जिस राशि में रहते हैं, उससे एक आगे की एक पीछे की राशि पर साढ़ेसाती रहती है. राशिचक्र में मीन आखिरी राशि होती है और मेष पहली राशि. लिहाजा मेष राशि में शनि के आते ही राशिचक्र की दूसरी राशि वृष पर साढ़ेसाती का ढाई साल का पहला चरण प्रारंभ हो जाएगा. इस तरह ढाई-ढाई साल के तीन चरण मिलाकर कुल साढ़े 7 साल तक वृष राशि पर साढ़ेसाती रहेगी.
चूंकि वृषभ राशि के स्वामी शुक्र ग्रह, शनि के मित्र हैं, लिहाजा इस राशि वालों को शनि अपेक्षाकृत कम कष्ट देते हैं. बल्कि व्यक्ति के कर्म अच्छे हों तो उसे साढ़ेसाती के दौरान लाभ भी होता है.
(यह भी पढ़ें: कब होगा राहु-केतु गोचर, 25 नवंबर या 5 दिसंबर? समझें 'स्पष्ट राहु' का गणित, 18 महीने तक होगा सीधा असर)
3 राशियों पर भी साढ़ेसाती
वृष पर साढ़ेसाती प्रारंभ होगी, लेकिन उसके अलावा 3 अन्य राशियां भी साढ़ेसाती की चपेट में रहेंगी.
मेष राशि : मेष राशि में ही शनि ढाई साल तक रहेंगे. इस दौरान मेष राशि पर साढ़ेसाती का दूसरा सबसे मुश्किल चरण चलेगा. जो इन राशि वालों को तनाव, पारिवारिक कलह, धन हानि, मान हानि दे सकता है.
मीन राशि : जून 2027 में शनि के मेष राशि में जाते ही मीन राशि पर साढ़ेसाती का तीसरा चरण शुरू हो जाएगा. लेकिन अक्टूबर 2027 में फिर से मीन में लौटने पर दूसरे चरण का प्रभाव शुरू होगा. मीन राशि वालों को अगस्त 2029 के बाद ही साढ़ेसाती से मुक्ति मिल पाएगी.
कुंभ राशि : इस समय कुंभ राशि पर साढ़ेसाती का तीसरा चरण चल रहा है जो कि जून 2027 में समाप्त हो जाएगा. लेकिन कुंभ राशि वालों को साढ़ेसाती से पूरी तरह मुक्ति फरवरी 2028 में ही मिल पाएगी. क्योंकि इस दौरान शनि के वक्री होने पर फिर से साढ़ेसाती का असर होने लगेगा.
साढ़ेसाती के अशुभ प्रभाव से बचने के आसान उपाय
- हर शनिवार को पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं और 'ॐ शं शनैश्चराय नमः' मंत्र का जाप करें.
- अपने से कमजोर, बुजुर्गों, मजदूरों और सफाईकर्मियों का सम्मान करें व सामर्थ्य अनुसार उनकी मदद करें.
- शनिवार के दिन काले तिल, उड़द की दाल या जूते-चप्पल का दान करें.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)