जून 2027 तक इन 4 राशियों पर शनि का शिकंजा टाइट! मुश्किल से कटेगा साढ़ेसाती-ढैय्या का आखिरी दौर
Shani Gochar 2027: 3 जून 2027 तक शनि मीन राशि में रहेंगे. तब तक 3 राशियां शनि की साढ़ेसाती और 2 राशियां ढैय्या की चपेट में हैं. लेकिन सबसे ज्यादा कष्ट इन 5 में से 4 राशियों को झेलना पड़ेगा.
ज्योतिष शास्त्र में शनि की साढ़ेसाती साढ़े 7 साल की एक विशेष अवधि होती है, जिसमें शनि की संबंधित राशियों पर विशेष नजर होती है. इसी तरह ढैय्या की अवधि ढाई साल की होती है. इस समय में संबंधित राशियों को आर्थिक, शारीरिक, मानसिक, करियर आदि से संबंधित चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. अभी जिन 5 राशियों पर साढ़ेसाती-ढैय्या चल रही है, उनमें से 4 के लिए जून 2027 तक स्थितियां कष्ट के संकेत दे रही हैं. चूंकि हर ढाई साल में शनि का गोचर होते ही राशियों की स्थिति में बदलाव होता है.
किन राशियों पर साढ़ेसाती?
जिस राशि में शनि होते हैं उस राशि, राशिचक्र में उससे एक आगे की राशि और एक पीछे की राशि पर साढ़ेसाती चलती है. जैसे अभी शनि मीन राशि में हैं, जो कि राशिचक्र की 12 वीं और आखिरी राशि है. तो उस पर उससे पीछे की राशि कुंभ (राशि चक्र की 11 वीं राशि) और आगे की राशि मेष (राशि चक्र की पहली राशि) पर साढ़ेसाती चल रही है.
वहीं सिंह और धनु राशि पर शनि की ढैय्या चल रही है, जो कि क्रमश: राशिचक्र की पांचवी और नौवी राशि हैं. ज्योतिषाचार्य दिलीप गुप्ता से जानिए इस दौरान किन क्षेत्रों में समस्या हो सकती है और बचाव के उपाय क्या हैं.
जून 2027 तक संभलकर रहें ये राशियां
1. मीन राशि - साढ़ेसाती का दूसरा (चरम) चरण
शनि इस समय मीन राशि में ही हैं, जिससे इस राशि पर शनि की सबसे तीखी नजर है. जून 2027 तक का समय मीन राशि वालों के लिए मानसिक तौर पर सबसे ज्यादा तनावपूर्ण है. वर्कप्लेस पर मेहनत का फल नहीं मिलेगा, काम अटकेंगे. कुछ मामलों में छवि भी खराब हो सकती है. निर्णय लेने में दुविधा, खराब सेहत, घर में झगड़े-कलह परेशान कर सकते हैं. कुछ लोगों को नींद की कमी और पैरों से जुड़ी समस्या रह सकती है.
बचाव के उपाय - सफाईकर्मी को दान करें. कोई भी गलत काम न करें, न नियम तोड़ें.
2. कुंभ राशि - साढ़ेसाती का तीसरा (अंतिम) चरण
कुंभ राशि पर साढ़ेसाती का तीसरा और आखिरी चरण चल रहा है जो अपेक्षाकृत कम परेशान करता है. वहीं कुंभ राशि के स्वामी शनि हैं लिहाजा इन्हें कम कष्ट देते हैं. फिर भी जून 2027 तक इन लोगों को शनि कष्ट देंगे, यूं कहें कि यह समय उनके लिए 'अंतिम परीक्षा' जैसा है. जमापूंजी का अचानक नुकसान या खर्च हो सकता है. कानूनी मसला हो सकता है, संपत्ति का विवाद उलझ सकता है.
बचाव का उपाय - शनि देव के लिए सरसों के तेल का दीपक जलाएं. गरीबों को भोजन कराएं.
3. सिंह राशि - शनि की अष्टम ढैय्या (कंटक शनि)
सिंह राशि पर शनि की ढैय्या है जो अंतिम चरण में हैं. यह समय बहुत उतार-चढ़ाव वाला है. करियर में चुनौतियां आ सकती हैं, बॉस से अनबन हो सकती है. गुप्त शत्रु परेशानी कर सकते हैं. मानसिक अशांति चरम पर रह सकती है. बचकर रहें.
बचाव के उपाय - कोई नियम न तोड़ें, काम में लापरवाही न करें.
4. धनु राशि - शनि की ढैय्या
धनु राशि वालों को भी जून 2027 में ढैय्या से मुक्ति मिल जाएगी. लेकिन उससे पहले सेहत, धन, सम्मान की हानि हो सकती है. वाहन देखकर चलें. घर के बुजुर्गों की सेहत बिगड़ सकती है. घर में सुख-सुविधाएं घट सकती हैं.
मेष राशि के जून के बाद बढ़ेंगे संकट
मेष राशि वालों पर साढ़ेसाती प्रारंभ हुई है और पहला चरण चल रहा है. 3 जून 2027 से दूसरा चरण प्रारंभ होगा, जो बेहद मुश्किल माना जाता है. यानी कि अभी शनि के कष्ट शुरू ही हुए हैं. इनका असली कठिन समय जून 2027 से शुरू होगा. फिर भी जून तक इन लोगों को फिजूलखर्ची और व्यर्थ की यात्राएं परेशान करेंगी.
(Disclaimer: यह सामग्री पारंपरिक ज्योतिषीय मान्यताओं एवं ग्रह गोचर की व्याख्याओं पर आधारित है. इसे सामान्य सूचना के रूप में देखें, न कि किसी निश्चित परिणाम या भविष्यवाणी के दावे के रूप में. किसी भी व्यक्ति पर ग्रह गोचर का प्रभाव उसकी जन्म कुंडली में ग्रहों की स्थिति, दशा, अंतर्दशा तथा अन्य ज्योतिषीय कारकों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है.)