App

सात्विक और तामसिक ऊर्जा का टकराव: तुलसी माला पहन कर श्मशान क्यों नहीं जाते, इसे पहनने के क्या हैं नियम?

Tulsi mala Ke Niyam: ध्यान दें, तुलसी माला सात्विक और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है, वहीं श्मशान घाट तामसिक ऊर्जा और अशुद्धता वाली जगह है. ऐसे में दो विपरीत ऊर्जा का टकराव अशुभ फलदायक हो सकता है. आइए इस बारे में विस्तार से जानें.

सात्विक और तामसिक ऊर्जा का टकराव: तुलसी माला पहन कर श्मशान क्यों नहीं जाते, इसे पहनने के क्या हैं नियम?

तुलसी माला केवल गले में धारण करने वाली साधारण सी माला नहीं है बल्कि इसे पहनने से एक साथ मां लक्ष्मी, भगवान विष्णु और तुलसी देवी अति प्रसन्न होती हैं और धारण करने वाले व्यक्ति पर कृपा बनाए रखते हैं. तुलसी माला सात्विक ऊर्जा का प्रतीक है तो वहीं श्मशान घाट तामसिक ऊर्जा का प्रतीक है. धार्मिक मान्यता है कि श्मशान जाते समय तुलसी माला को उतार देना चाहिए, लेकिन क्यों, इसका सात्विक और तामसिक ऊर्जा के टकराव से क्या संबंध है? तुलसी माला को धारण करने के क्या नियम हैं और तुलसी माला धारण करने के क्या फायदे होते हैं? आइए इस लेख में इन सभी सवालों के जवाब जानें.

सात्विक और तामसिक ऊर्जा का टकराव

तुलसी माला को श्मशान घाट पहनकर जाने का सीधा मतलब है सात्विक और तामसिक ऊर्जा का टकराव. ध्यान दें, तुलसी माला अति शुद्ध और सकारात्मक ऊर्जा से भरी होती है. इसे धारण करने का मतलब है कि अपने साथ सात्विक ऊर्जा लेकर चलना, वहीं जब बात श्मशान की आती है तो यह जगह अपने साथ गहरे दुख, निराशा, मृत्यु और नकारात्मकता को धारण करती है. श्मशान घाट की ऊर्जा पूरी तरह से तामसिक और नकारात्मक होती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सात्विक गुणों वाली तुलसी माला को जब श्मशान जैसे तामसिक ऊर्जा वाली जगह पर पहनकर जाएंगे तो दो उल्टी ऊर्जा में टकराव होगा और ऐसा होना अशुभ फलदायी हो सकता है.

तुलसी की लकड़ी सोख सकती है अशुद्धता

ध्यान दें, तुलसी की लकड़ी श्मशान की नकारात्मक ऊर्जा और अशुद्धता को सोख सकती है. इससे माला की पवित्रता खत्म हो सकती है और इसकी आध्यात्मिक शक्ति भी खत्म हो सकती है. ऐसी तुलसी माला को धारण करने से कोई फायदा नहीं होगा, अशुद्ध तुलसी माला को धारण करने से मन भी अशांत हो सकता है. ऐसे में जब भी ऐसी किसी अशुद्ध या नकारात्मक ऊर्जा वाली जगह पर जा रहे हैं तो तुलसी माला को उतारकर अच्छे से शुद्ध जगह पर रख दें. इससे तुलसी माला शुद्ध बनी रहेगी और इसकी सात्विक ऊर्जा भी नष्ट नहीं होगी.

तुलसी माला कब और कैसे धारण करें?

धार्मिक मान्यता है कि तुलसी माला शुभ दिन पर ही पहनें. तुलसी माला धारण करने के लिए सोमवार, बुधवार और गुरुवार का दिन शुभ माना जाता है. भूल से भी रविवार और अमावस्या तिथि पर इस माला को न पहनें. तुलसी माला धारण करने से पहले विष्णु जी की पूजा करें. पूजा के समय ही गंगाजल या कच्चे दूध से तुलसी माला को धोकर शुद्ध कर लें और इसे भगवान विष्णु के चरणों में अर्पित करें. भगवान विष्णु का ध्यान करें और 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें. अब पूजा के कुछ देर बाद भगवान को प्रणाम कर माला को प्रसाद रूप में उठा लें और सम्मान और श्रद्धापूर्वक धारण कर लें.

तुलसी माला के नियम

तुलसी माला पहनकर झूठ न बोलें. चोरी न करें और धोखा देना तो दूर किसी को धोखा देने के बारे में विचार भी न करें.
तुलसी माला पहनकर किसी से विवाद न करें. किसी के बारे में मन में गलत सोच न रखें. नहीं तो जीवन की परेशानियां बढ़ सकती हैं.
सात्विक जीवन जीएं और सात्विक भोजन करें. मांसाहार न करें और न तो शराब पीएं. नहीं तो अशुभ फल प्राप्त हो सकता है.
तुलसी माला पहन रहे हैं तो शारीरिक शुद्धता बनाए रखें. नहीं तो मां लक्ष्मी नाराज हो सकती हैं.

तुलसी माला के फायदे

धार्मिक मान्यता है कि तुलसी माला पहनने से एक साथ भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की कृपा होती है. धन की दिक्कतें दूर होती हैं. परिवार में खुशियां आती हैं और सभी तरह के संकट दूर होते हैं. मन में सकारात्मकता आती है. मानसिक शांति मिलती है.

(डिस्क्लेमर- यह लेख केवल धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारी पर आधारित है, इसे ज्योतिषीय या धार्मिक परामर्श न समझें, किसी भी निर्णय से पहले विद्वान या विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More