App

त्र्यंबकेश्वर में ही क्यों होती है नारायण नागबलि पूजा? जानिए कुशावर्त कुंड और त्रिदेवों की ये पौराणिक कथा

महाराष्ट्र के नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर धाम में दुनिया की अकेली 3-दिवसीय नारायण नागबलि पूजा की जाती है. इस स्टोरी में कुशावर्त कुंड, पेशवाकालीन इतिहास और पितृ दोष मुक्ति के नियम के बारे में डिटेल से जानेंगे.

त्र्यंबकेश्वर में ही क्यों होती है नारायण नागबलि पूजा? जानिए कुशावर्त कुंड और त्रिदेवों की ये पौराणिक कथा

महाराष्ट्र के नासिक जिले में सह्याद्रि पर्वत की गोद में बसा त्र्यंबकेश्वर केवल एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल नहीं है, बल्कि ये पूर्वजों की आत्मा की शांति का सबसे बड़ा केंद्र है. ये पावन धाम नासिक से करीब 28 किलोमीटर दूर ब्रह्मगिरी पहाड़ी की तलहटी में स्थित है.

सदियों से भारतीय समाज में अपने पूर्वजों का तर्पण करने और उनके ऋणों से मुक्त होने की परंपरा रही है. त्र्यंबकेश्वर को पूरे देश में पितृ दोष निवारण, कालसर्प दोष शांति और अकाल मृत्यु को प्राप्त हुए पूर्वजों के तर्पण के लिए सबसे बेस्ट स्थान माना जाता है. मान्यता है कि यहां विधि-विधान से पूजा कराने से कुल की रुकावटें और बीमारियां दूर हो जाती हैं.

12 ज्योतिर्लिंगों में क्यों अनोखा है त्र्यंबकेश्वर?

त्र्यंबकेश्वर मंदिर का इतिहास और इसकी वास्तुकला बेहद भव्य है. वर्तमान मंदिर का निर्माण 18वीं सदी में तीसरे मराठा पेशवा नानासाहेब ने करवाया था. काले पत्थरों से बना ये भव्य मंदिर हेमाडपंथी स्थापत्य कला की सुंदर मिसाल है.

देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में यह अकेला ऐसा स्थान है, जहां शिवलिंग के अंदर एक छोटे से गड्ढे में त्रिदेव यानी ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीन अंगूठे के आकार में एक साथ विराजमान हैं.

त्रिदेवों की इस उपस्थिति के कारण ही इस स्थान को पितृ दोष और आत्मा की शांति के लिए सबसे शक्तिशाली माना जाता है.

महर्षि गौतम की तपस्या से प्रकट हुईं गोदावरी

त्र्यंबकेश्वर में होने वाली सभी पूजाओं और तर्पण कर्मों का केंद्र कुशावर्त कुंड है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यहां प्राचीन काल में महर्षि गौतम और उनकी पत्नी अहल्या रहते थे.

जब महर्षि गौतम पर अनजाने में गौ-हत्या का दोष लगा, तो वे इस पाप से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव की कठिन तपस्या में लीन हो गए. प्रसन्न होकर शिवजी ने अपनी जटाओं से गंगा जी को प्रवाहित किया, जो आगे चलकर दक्षिण भारत की गोदावरी नदी कहलाई.

महर्षि गौतम ने कुशा घास की मदद से नदी के जल को एक स्थान पर रोका, जिसे आज कुशावर्त कुंड कहा जाता है. इसी पवित्र कुंड में स्नान और तिल-जल से तर्पण करने से पूर्वजों को मुक्ति मिलती है.

दुनिया में सिर्फ यहीं होती है नारायण नागबलि

जीवन में आ रही अनसुलझी रुकावटों, शादी में देरी, वंश वृद्धि न होना और मानसिक तनाव को दूर करने के लिए यहां खास अनुष्ठान किए जाते हैं. 17वीं सदी के प्रसिद्ध धार्मिक ग्रंथ धर्म सिंधु के अनुसार, नारायण नागबलि नाम का खास अनुष्ठान पूरी दुनिया में केवल त्र्यंबकेश्वर में ही संपन्न कराया जा सकता है.

ये पूजा अन्य किसी भी तीर्थ स्थल पर नहीं होती है. अगर किसी परिवार में किसी पूर्वज का अंतिम संस्कार सही नियम से न हुआ हो या किसी की अकाल मृत्यु हुई हो, तो उनके दोष के निवारण के लिए ये खास पूजा कराई जाती है.

तीन दिनों तक चलने वाला गुप्त और जटिल अनुष्ठान

नारायण नागबलि एक बहुत ही विशेष अनुष्ठान है जो लगातार 3 दिनों तक चलता है. इसमें नारायण बलि और नागबलि नाम की दो अलग-अलग विधियां पूरी की जाती हैं.

नारायण बलि के दौरान आटे से एक कृत्रिम पुतला बनाया जाता है. इसके बाद वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ भटकी हुई आत्मा का आह्वान करके उस पुतले का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया जाता है.

इस प्रक्रिया से अतृप्त आत्मा को मुक्ति मिलती है और जीवित परिवार के सदस्यों को मानसिक तनाव और पितृ दोष से हमेशा के लिए राहत मिल जाती है.

1200 साल पुरानी संस्था कराती है ये पूजा

त्र्यंबकेश्वर में इन अनुष्ठानों की शुद्धता और नियमों का पालन करवाने के लिए एक विशेष व्यवस्था बनी हुई है. यहां पिछले 1200 सालों से भी अधिक पुरानी पुरोहित संघ की संस्था काम कर रही है.

यहां के स्थानीय पंडितों को ताम्रपत्रधारी कहा जाता है. इनके पूर्वजों को मराठा पेशवाओं की ओर से तांबे के पत्थरों (ताम्रपत्र) पर ये विशेष पूजा-पाठ संपन्न कराने का अधिकार मिला था. 

यही ताम्रपत्रधारी पंडित आज भी पूरी वैदिक प्रामाणिकता और शुद्धता के साथ इस अनुष्ठान को पूरा कराते हैं.

(Disclaimer): यह खबर पौराणिक धर्मग्रंथों, स्थानीय मान्यताओं, उत्तराखंड पर्यटन विभाग की जानकारियों और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है. इसका उद्देश्य पाठकों को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराना है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष धर्म और ज्योतिष से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया के धार्मिक आयोजनों, अध्यात्म और ज्योतिषीय गणनाओं से जुड़े जरूरी अपडेट्स दर्शकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ धर्म-कर्म और ऐस्ट्रो की दुनिया के खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More