SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

घर की पूजा हो या नई गाड़ी की डिलीवरी, हर शुभ काम में नारियल ही क्यों फोड़ा जाता है? जानिए क्यों

इस खबर में बताया गया है कि हिंदू संस्कृति और पूजा-पाठ में नारियल का क्या महत्व है. इसमें नारियल फोड़ने के पीछे छिपे अर्थ, जैसे कि अहंकार का त्याग और भगवान के प्रति समर्पण, के बारे में बताया गया है .

Written By Harsh Singh
Published: Nov 09, 2026, 02:18 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 02:29 PM IST
Join

नारियल फोड़ने की परंपरा देश में बहुत पुरानी है. आपने अपने घर या आसपास ये जरूर देखा होगा कि कोई भी शुभ काम करने से पहले लोग नारियल फोड़ते हैं.

नारियल का इस्तेमाल शादी-ब्याह से लेकर नया घर या नई गाड़ी खरीदने तक होता है. हमारे धर्म में नारियल को बहुत पवित्र माना जाता है. इसे प्यार से श्रीफल भी कहा जाता है.

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हर जगह नारियल ही क्यों चढ़ाया जाता है. आज हम इस खबर में जानेंगे कि आखिर पूजा या किसी शुभ काम में नारियल क्यों फोड़ा जाता है.

नारियल क्यो फोड़ा जाता है?

नारियल को फोड़ने के पीछे कई कारण होते हैं. हर जगह की अपनी-अपनी अलग परंपरा है. इसको तोड़ने के पीछे असली वजह हमारे मन का अहंकार तोड़ना है.

जैसे हम जब भी नारियल तोड़ते हैं तो बाहर से कड़क और अंदर से नरम होता है, ठीक वैसे ही इंसान को अपने घमंड को छोड़कर साफ दिल से भगवान के सामने झुकना चाहिए.

इसलिए नया काम शुरू करने या गाड़ी खरीदने जैसे हर अच्छे मौके पर इसे फोड़कर भगवान को चढ़ाया जाता है ताकि काम बिना किसी रुकावट के पूरा हो जाए.

इंसानी सिर और भगवान शिव से जुड़ा है खास नाता

हिंदू धार्मिक परंपराओं में नारियल को कई बार इंसानी सिर का प्रतीक भी माना जाता है. इसके ऊपर दिखाई देने वाले तीन निशानों को लेकर भी एक खास मान्यता है.

कहा जाता है कि नारियल के इन तीन निशानों को भगवान शिव के तीन आंखों का प्रतीक माना जाता है.

धार्मिक मान्यता में इन्हें भगवान शिव से जोड़कर देखा जाता है. ये परंपरा इंसान को याद दिलाती है कि उसका शरीर और जीवन भगवान की कृपा से मिला है.

इसलिए उसे अपने जीवन में विनम्रता और समर्पण का भाव रखना चाहिए.

हर नई शुरुआत में नारियल क्यों है जरूरी?

जिंदगी में जब भी कोई नया काम शुरू होता है, तो नारियल फोड़ने की परंपरा निभाई जाती है.

नया मकान लेना हो, शादी तय करनी हो या फिर नई बाइक और कार घर लानी हो, लोग नारियल जरूर फोड़ते हैं.

कई जगहों पर कलश के ऊपर नारियल रखकर उसकी पूजा भी की जाती है. इसे शुभता, समृद्धि और मंगल कार्यों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है.

धार्मिक मान्यता है कि शुभ काम से पहले नारियल चढ़ाने से सारी समस्याएं दूर हो जाती है और काम की मंगलमय शुरुआत होती है.

इससे लोगों को मानसिक शांति और एक पॉजिटिव भरोसा भी मिलता है.

नारियल के पेड़ की खूबी भी है खास

नारियल की एक और बड़ी खासियत है, जिसके बारे में कम लोग ही जानते हैं. इसके पेड़ का लगभग हर हिस्सा इंसानों के काम आता है.

चाहे उसका फल हो, पत्ते हों, तना हो या फिर उसके रेशे, सभी का अलग-अलग इस्तेमाल किया जाता है.

नारियल के फल से भोजन और तेल मिलता है. इसके पत्तों का इस्तेमाल छप्पर और सजावट में होता रहा है. वहीं इसके रेशों से रस्सियां और दूसरी उपयोगी चीजें बनाई जाती हैं.

नारियल के पेड़ की इसी काम आने के कारण इसे कई परंपराओं में कल्पवृक्ष भी कहा जाता है. इससे हमें ये सीख मिलती है कि हमें दुसरों के भी काम आना चाहिए.

ये सिर्फ एक परंपरा ही नहीं हैं..

देखा जाए तो नारियल फोड़ना सिर्फ कोई पूजा-पाठ का नियम या पुरानी परंपरा भर नहीं है. इसके पीछे जिंदगी का एक बहुत बड़ा और प्यारा सबक छिपा है.

ये परंपरा हमें सीधी सी बात सिखाती है कि हम जब भी अपनी जिंदगी में कोई नया काम शुरू करें, तो हमारे मन में कोई घमंड नहीं होना चाहिए. दिल बिल्कुल साफ और इरादे पक्के होने चाहिए.
ये भी पढे़ं: Bhava Brihaspati: जानिए उस महान आचार्य की कहानी, जिन्होंने सोमनाथ मंदिर को बनाया था अमर

(Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारियां और बातें पूरी तरह से हमारी पारंपरिक लोक-संस्कृति, रीति-रिवाजों और पुरानी मान्यताओं पर आधारित हैं. इसका मकसद सिर्फ पाठकों को हमारी संस्कृति से जुड़ी बातों से रूबरू कराना है. किसी भी तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा देना हमारा उद्देश्य नहीं है. हर कोई अपनी समझ और आस्था के हिसाब से इन परंपराओं को मान सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष धर्म और ज्योतिष से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया के धार्मिक आयोजनों, अध्यात्म और ज्योतिषीय गणनाओं से जुड़े जरूरी अपडेट्स दर्शकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ धर्म-कर्म और ऐस्ट्रो की दुनिया के खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES