)
4 महीने से पाताललोक में योगनिद्रा में लीन भगवान विष्णु देवउठनी एकादशी के दिन जागते हैं. इसके बाद अगले दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम रूप और माता तुलसी का विवाह होता है और फिर सारे शुभ-मांगलिक कार्य आरंभ हो जाते हैं. जो 4 मास के चातुर्मास के दौरान वर्जित रहते हैं. इस साल 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी है और 21 नवंबर 2026, शनिवार को तुलसी विवाह होगा. तुलसी विवाह के लिए गन्ने का मंडप बनाया जाता है, साथ ही कुछ अन्य चीजों का प्रमुख तौर पर इस्तेमाल होता है. जानिए इनके उपयोग की क्या वजह है.
गन्ना अपनी मिठास के लिए जाना जाता है और इसलिए भगवान शालिग्राम व तुलसी जी के विवाह के समय सामान्य आम के पेड़ की लकड़ी या अन्य कपड़े या टेंट की जगह गन्ने का मंडप बनाते हैं. ताकि दांपत्य जीवन में हमेशा प्रेम और मधुरता बनी रहे. इसके अलावा गन्ने को समृद्धि और ऐश्वर्य का प्रतीक भी मानते हैं. यानी कि तुलसी-शालिग्राम विवाह घर में समृद्धि और यश लेकर आए इसलिए भी गन्ने का मंडप बनाते हैं.
इसके अलावा ज्योतिष के अनुसार, गन्ने का संबंध राहु-केतु से जोड़ा गया है. लिहाजा गन्ने का मंडप बनाने से कुंडली का राहु-केतु दोष दूर होता है. वहीं वास्तु शास्त्र के अनुसार, गन्ने का मंडप सकारात्मकता लाता है.
इसी तरह तुलसी विवाह की पूजा में आंवले का उपयोग भी प्रमुखता से होता है. आंवला भगवान विष्णु को भोग में अर्पित किया जाता है. साथ ही आंवले के पेड़ की लकड़ी भी पूजा में रखी जाती है या मंडप के साथ टिकाई जाती है.
दरअसल, मान्यता है कि आंवले के वृक्ष में स्वयं भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है. साथ ही कार्तिक मास में भगवान विष्णु को आंवला अर्पित करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है. इसीलिए इस महीने में अक्षय नवमी भी मनाते हैं. वैज्ञानिक नजर से देखें तो मौसम बदलने के इस समय में आंवला का सेवन करने से विटामिन सी मिलता है, जो बीमारियों से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता देता है.
तुलसी विवाह के लिए इस साल शुभ मुहूर्त 21 नवंबर की शाम प्रदोष काल में शाम 05:25 बजे से शाम 07:49 बजे तक है. वहीं जो लोग दोपहर में शालिग्राम-तुलसी विवाह रचाना चाहते हैं उनके लिए अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:42 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक है. ये मुहूर्त मोटे तौर पर दिल्ली-एनसीआर के लिए हैं.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और धार्मिक जानकारियों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)