)
Pitra Dosh Kaise Lagta Hai: पितर जब प्रसन्न होते हैं तो अपने वंशजों को सुख-शांति का आशीर्वाद देते हैं. वहीं, पितर जब अशांत और अप्रसन्न होते हैं तो व्यक्ति को पितृ दोष लगता है, जीवन में असफलता मिलती है और दुख का सामना करना पड़ता है. ध्यान दें जिस घर में पितृ दोष लगता है वहां पर क्लेश, कलह और अशांति बनी रहती है. ऐसे में ये जानना जरूरी है कि किन कामों को करने से पितृ अप्रसन्न होते हैं और फिर पितृ दोष लगता है. आइए इस लेख में विस्तार से जानें कि किन पांच कारणों से पितृ दोष लगता है और पितृ पक्ष में कौन से सरल उपायों को करके पितृ दोष से छुटकारा पाया जा सकता है.
क्यों लगता है पितृ दोष
पिंडदान न करना या पूर्वजों का अपमान करना
शास्त्रों के अनुसार,जो व्यक्ति पिंडदान या श्राद्ध नहीं करता है उसके पितरों की आत्मा शांत नहीं होती है. ऐसे में व्यक्ति को पितृ दोष लगता है. इसके अलावा अगर व्यक्ति पूर्वजों का अनादर करता है या अपने माता-पिता से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरा नहीं करता है तो पितृ दोष लगता है.
अंतिम संस्कार में गलती
शास्त्रों के अनुसार, अगर किसी बड़े बुजुर्ग के अंतिम संस्कार में कोई गलती हो जाए या विधि-विधान से इस संस्कार को पूरा न किया जाए तो उनकी आत्मा शांत नहीं होती है. ऐसी स्थिति में पितृ दोष लगता है.
असहाय व्यक्ति या जानवरों की हत्या
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो लोग जानवरों को सताते हैं, जीव हत्या करते हैं और असहाय या निर्दोष व्यक्ति की हत्या करते हैं उन्हें पितृ दोष लगता है.
वृक्षों को काटने वाला
ऐसे लोग जो पीपल, बरगद और नीम जैसे पवित्र पेड़ों को काटते हैं या काटने का आदेश देकर कटवाते हैं उन्हें पितृ दोष लगता है.
छल-कपट करने वाला
ऐसे लोग जो हमेशा मन में छल-कपट रखते हैं, किसी के साथ भी धोखा करने से बाज नहीं आते हैं, अपने ही रिश्तेदारों की धन-संपत्ति को धोखे से हड़प लेते हैं, उन्हें पितृ दोष झेलना पड़ता है.
पितृ पक्ष में पितृ दोष निवारण के लिए कौन से उपाय करें
तर्पण और जल अर्पण
पितृ पक्ष में तर्पण और जल अर्पण कर पितृ दोष से छुटकारा पा सकते हैं. पितृ पक्ष में हर दिन स्नान के बाद दक्षिण दिशा की ओर मुख करें और जल से तर्पण करें. ध्यान रहे जल में काले तिल मिला लें.
पीपल के पेड़ की सेवा
पितृ पक्ष में पीपल के पेड़ की सेवा करें. इसके लिए जल में काले तिल मिलाएं और पेड़ को चढ़ा दें. यह उपाय किसी भी माह की अमावस्या तिथि पर कर सकते हैं. पीपल के नीचे दीपक जलाने से भी पितृ पक्ष दूर हो सकता है.
पशु-पक्षियों को भोजन कराएं
पितृ पक्ष में नियमित रूप से पशु-पक्षियों को भोजन कराएं. गाय, कौवे और काले कुत्ते को भोजन देना पितरों को भोजन देने के बराबर माना जाता है. ऐसा करने से पितृ दोष दूर होता है.
पितृ पक्ष में मंत्र जाप
पितृ पक्ष में मंत्र जाप करना शुभ होगा. ॐ श्री पितृदेवाय नमः या ॐ पितृभ्यः नमः मंत्र का जाप करने से सभी तरह के पितृ दोष का नाश होता है.
पितृ पक्ष में दान-पुण्य
पितृ पक्ष में दान-पुण्य करें. पूर्णमा से लेकर अमावस्या तिथि तक अपनी क्षमता के अनुसार किसी जरूरतमंद या ब्राह्मण को दान करें. यह दान अन्न, वस्त्र या धन का हो सकता है.
(डिस्क्लेमर- यह जानकारी पारंपरिक वास्तु एवं ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित है. बताए गए उपायों के प्रभाव और परिणाम व्यक्ति विशेष की परिस्थितियों, आस्था, स्थान तथा अन्य कारकों के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं. इसे सामान्य सूचना के रूप में देखें और किसी भी प्रकार के निश्चित परिणाम या लाभ का दावा न मानें.)