)
देश के प्रमुख तीर्थ में से एक शिर्डी के साईं बाबा मंदिर में आए दिन भक्त कीमती चढ़ावे चढ़ाते हैं. ऐसा ही कीमती चढ़ावा हाल ही में एक भक्त ने चढ़ाया है. यह हीरे जड़ा हुआ सोने का बेहद खूबसूरत और कीमती हार है, जिसकी कीमत ट्रस्ट ने 1 करोड़ 16 लाख रुपए बताई है. वहीं एक अन्य भक्त ने साईंबाबा के चरणों में 2 किलो चांदी के बिस्किट अर्पित किए हैं.
कीमती हार और चांदी की बिस्किटें चढ़ाने वाले दोनों ही भक्तों ने अपना नाम गुप्त रखने की गुजारिश की है. बताया जा रहा है कि कीमती हार चढ़ाने वाला भक्त मुंबई का है, उसने वह कीमती हार साईं बाबा के चरणों में अर्पित किया और मंदिर ट्रस्ट से अनुरोध किया कि उसका नाम गुप्त रखा जाए.
इसी तरह जिस दूसरे भक्त ने चांदी की बिस्किट दान की हैं, उसने भी अपना नाम गुप्त रखने की इच्छा जताई है. 2 किलो चांदी की बिस्किट की कीमत 3 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है. बताया जा रहा है कि मन्नत पूरी होने पर भक्त ने 2 किलो चांदी साईं बाबा मंदिर में दान की है.
Shirdi, Maharashtra: An anonymous Sai Baba devotee from Mumbai has offered a diamond-studded gold necklace weighing 1 kg at the feet of Shri Sai Baba in Shirdi. The necklace is valued at ₹1 crore 16 lakh 85 thousand. The necklace features intricate carvings and precious diamonds embedded in gold. (Source: Saibaba Sansthan)
— IANS (@ians_india) November 26, 2026
मुंबई के भक्त की ओर से चढ़ाया गया सोने का हार बेशकीमती रत्नों से जड़ा हुआ है. इसमें कई हीरे लगे हैं और हार पर हीरे से 'ओम' का डिजाइन भी बनाया गया है. यह हार कीमती होने के साथ-साथ बेहद खूबसूरत भी है. आईएएनएस की रिपार्ट के अनुसार, मंदिर ट्रस्ट के CEO गोरक्ष गाड़ीलकर ने बताया कि इस हार को दोपहर की आरती के समय साईं बाबा को पहनाया गया.
साईं बाबा मंदिर का ट्रस्ट विशाल अन्नछत्र चलाने के साथ-साथ कई सेवा कार्य भी करता है. जिसमें दो अस्पताल, भक्त निवास, एजुकेशन कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं. दान से आई बड़ी राशि का इस्तेमाल इन व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में होता है.
इससे पहले तिरुमाला मंदिर में एक भक्त ने 121 किलो सोने के गहने अर्पित करके पूरे देश में तहलका मचा दिया. इस ऐतिहासिक दान की चर्चा हर जगह हो रही है. श्री वेंकटेश्वर स्वामी को चढ़ाए गए सोने और कीमती रत्नों से बने 121 किलोग्राम गहनों की कीमत 207 करोड़ रुपये आंकी गई है. भक्त वर्धमान जैन और राधिका जैन ने परिवारसहित यह बेशकीमती चढ़ावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में मंदिर ट्रस्ट को सौंपा.
इसमें भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के लिए 46 आभूषण चढ़ाए गए हैं, जो बेहद खूबसूरत हैं. 24 कैरेट सोने से बने इन आभूषणों को बनाने में हीरे, नीलम, पुखराज, माणिक, पन्ना आदि कीमती रत्नों का भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया है. ये आभूषण 106 किलोग्राम सोने के हैं और बाकी 15 किलोग्राम सोने से तिरुचानूर मंदिर में विराजमान देवी के लिए श्री पद्मावती अम्मावरी वस्त्रम तैयार किए जाएंगे.