SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अगहन में शुक्रवार नहीं, गुरुवार को क्यों होती है मां लक्ष्मी की पूजा? जानें वजह और सही विधि

शुक्रवार का दिन धन की देवी मां लक्ष्मी को समर्पित है और इस दिन पूजा करने से विशेष कृपा प्राप्‍त होती है. लेकिन हिंदू कैलेंडर का मार्गशीर्ष या अगहन महीना ऐसा है, जिसमें गुरुवार के दिन लक्ष्‍मी पूजा की जाती है.

Written By Shraddha Jain
Published: Nov 26, 2026, 07:59 IST | Updated: Nov 26, 2026, 08:05 IST
Image Credit: मार्गशीर्ष या अगहन महीने में गुरुवार को लक्ष्‍मी जी पूजा करने का महत्‍व लक्ष्‍मी पुराण में भी बताया गया है. (Photo:AI)
Join

सनातन धर्म में शुक्रवार का दिन धन की देवी मां लक्ष्मी को समर्पित है. इसलिए धन-समृद्धि पाने के लिए लोग शुक्रवार का व्रत करते हैं, शाम को मां लक्ष्‍मी की पूजा करके खीर का भोग लगाते हैं. लेकिन हिंदू कैलेंडर का 9वां महीना पवित्र अगहन महीना (मार्गशीर्ष मास) इस मामले में अलग है. इस महीने के सभी गुरुवार को मां लक्ष्‍मी की पूजा करना अत्‍यंत शुभ माना गया है. इससे मां लक्ष्‍मी प्रसन्‍न होकर खूब धन-समृद्धि देती हैं. इस साल 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक अगहन मास रहेगा. जिसमें आज 26 नवंबर 2026 को अगहन महीने का पहला गुरुवार है.

भगवान कृष्‍ण का प्रिय महीना

गीता के दसवें अध्याय के 35वें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं, 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्', अर्थात महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं. मार्गशीर्ष महीना, जिसे अगहन भी कहते हैं, भगवान कृष्‍ण का सबसे प्रिय महीना है. इसलिए इस महीने के महत्‍व का अंदाजा लगाया जा सकता है. पूरे मार्गशीर्ष मास में भगवान कृष्‍ण की विशेष पूजा-अर्चना, जप-तप, ध्‍यान करना बेहद पुण्‍यदायी होता है.

गुरुवार को करें लक्ष्‍मी-नारायण पूजा

जिस तरह शुक्रवार के दिन लक्ष्‍मी जी की पूजा करने का विधान है, वैसे ही गुरुवार के दिन भगवान विष्‍णु की पूजा की जाती है. चूंकि श्रीकृष्ण भगवान विष्णु के ही अवतार हैं और गुरुवार का दिन श्रीहरि विष्णु को समर्पित होता है, इसलिए इस माह में गुरुवार के दिन श्रीहरि के साथ मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष फल मिलता है.

लक्ष्मी पुराण के अनुसार, जो भक्त अगहन मास के सभी गुरुवार को स्वच्छ मन से मां लक्ष्मी की आराधना करता है, उसके घर में हमेशा सुख-समृद्धि रहती है. साथ ही इस समय में नई फसल की भी पूजा की जाती है.

(यह भी पढ़ें: शुरू होने वाला है मार्गशीर्ष मास, विवाह पंचमी से गीता जयंती तक देखें व्रत-त्योहार की लिस्ट) 

अगहन मास के गुरुवार

अगहन मास का पहला गुरुवार : 26 नवंबर 2026
अगहन मास का दूसरा गुरुवार : 3 दिसंबर 2026 
अगहन मास का तीसरा गुरुवार : 10 दिसंबर 2026 
अगहन मास का चौथा गुरुवार :17 दिसंबर 2026

कैसे करें पूजा?

• गुरुवार की सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करें, नहाने के पानी में एक चुटकी हल्‍दी मिला लें. फिर पीले रंग के कपड़े पहनें. 
• घर के मुख्य दरवाजे से लेकर पूजा घर तक चावल के आटे और हल्दी के घोल से मां लक्ष्मी के चरण बनाएं.
• पूजा स्‍थल पर चौकी रखकर उस पर लाल या पीला वस्‍त्र बिछाएं. भगवान विष्‍णु और मां लक्ष्‍मी की प्रतिमा या तस्‍वीर स्‍थापित करें. 
• साथ ही तांबे या पीतल के कलश में जल, सुपारी, सिक्का लें और ऊपर आम के पत्ते रखकर उस पर नारियल स्थापित करें. फिर इस कलश को चावल या गेहूं की ढेरी पर रखें. 
• मां लक्ष्मी की प्रतिमा के चरणों में नई फसल की धान की बालियां अर्पित करें.
• घी का दीपक जलाएं. मां लक्ष्मी को खीर, बताशे, सिंघाड़ा, आंवला और पीले रंग की मिठाई का भोग लगाएं. 
• अगहन गुरुवार की कथा पढ़ें. मां लक्ष्‍मी की आरती करें.  

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, पंचांग और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी उपाय या व्रत को अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES