SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कब से शुरू हो रहा है माघ मेला और कल्पवास? नोट करें प्रमुख स्नान की सभी 6 तारीखें

प्रयागराज में हर साल माघ मेला लगता है. साल 2027 में यह माघ मेला किस तारीख से शुरू हो रहा है और प्रमुख स्‍नान की तारीखें क्‍या हैं, देखें लिस्‍ट.

Written By Shraddha Jain
Published: Nov 26, 2026, 12:05 IST | Updated: Nov 26, 2026, 12:10 IST
Image Credit: माघ मेला मकर संक्रांति से प्रारंभ होगा और महाशिवरात्रि पर समाप्‍त होगा. (Photo:AI)
Join

साल 2026 खत्‍म होने को है और नए साल 2027 का आगाज मकर संक्रांति, माघ मेले जैसे बड़े आयोजन से होता है. श्रद्धालुओं को माघ मेले का बेसब्री से इंतजार रहता है. इस दौरान बड़ी संख्‍या में भक्‍त संगम तीर्थ पर कल्‍पवास भी करते हैं. इस साल माघ मेला 15 जनवरी 2027 से शुरू होगा और 6 मार्च 2027 को समाप्‍त होगा. माघ मेला में 6 तारीखों को प्रमुख स्‍नान होंगे.

सूर्य से तय होती है शुरुआत की तारीख

माघ मेला हर साल मकर संक्रांति के दिन से आरंभ होता है. मकर संक्रांति पर्व अधिकांशत: 14 जनवरी को मनाया जाता है, वहीं कभी-कभी 15 जनवरी को मनाया जाता है. इसके पीछे वजह है सूर्य के राशि परिवर्तन का समय.

सूर्य जब मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तब मकर संक्रांति पर्व मनाया जाता है. यदि 14 जनवरी को सूर्य दोपहर बाद शाम या रात के समय मकर राशि में प्रवेश करते हैं तो अगले दिन 15 जनवरी को सुबह पवित्र नदियों में स्‍नान करते हैं और मकर संक्रांति पर्व मनाते हैं.  



माघ मेले की प्रमुख स्‍नान डेट्स

15 जनवरी 2027 : मकर संक्रांति, मकर संक्रांति का दिन सूर्य देव की पूजा करने का बेहद खास दिन है. इस दिन पवित्र नदियों में स्‍नान करना, खासतौर पर प्रयागराज में संगम पर स्‍नान करना अत्‍यंत पुण्‍यदायी माना गया है.

22 जनवरी 2027: पौष पूर्णिमा, द्रिक पंचांग के अनुसार, पौष पूर्णिमा तिथि 21 जनवरी को रात 09:29 बजे से शुरू होगी और 22 जनवरी 2027 की शाम 05:46 बजे समाप्‍त होगी. इस दिन गंगा नदी में स्नान करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है.

6 फरवरी 2027: मौनी अमावस्या, हिंदू कैलेंडर के 11वें महीने माघ मास की अमावस्‍या को मौनी अमावस्‍या कहते हैं. इस दिन संगम में स्‍नान करने से सारे पाप नष्‍ट हो जाते हैं. साथ ही इस दिन मौन व्रत रखने की मान्‍यता है.

11 फरवरी 2027: बसंत पंचमी, मां सरस्‍वती की आराधना का पर्व बसंत पंचमी भी सरस्‍वती पूजा के साथ-साथ पवित्र नदियों में स्‍नान और दान-पुण्‍य के लिए अहम है.

20 फरवरी 2027: माघी पूर्णिमा, माघ महीने की पूर्णिमा तिथि को माघी पूर्णिमा कहते हैं. इस दिन 1 महीने के कल्‍पवास की समाप्ति होती है. इस दिन श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्‍नान करते हैं और जरूरतमंदों को अनाज, कपड़े, पैसे और शैय्यादान करते हैं.

6 मार्च 2027: महाशिवरात्रि स्नान, हिंदू कैलेंडर के आखिरी महीने फाल्‍गुन मास की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाता है. भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा के इस विशेष दिन पवित्र नदियों और त्रिवेणी संगम पर स्‍नान की परंपरा है. इसी तिथि के प्रमुख स्‍नान के साथ माघ मेला समाप्‍त होता है.

(यह भी देखें: शुरू होने वाला है मार्गशीर्ष मास, विवाह पंचमी से गीता जयंती तक देखें व्रत-त्योहार की लिस्ट) 

कल्‍पवास 2027 

प्रयागराज में संगम तट पर मुख्‍य कल्‍पवास 22 जनवरी 2027 को पौष पूर्णिमा से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 तक चलेगा. इस दौरान कल्‍पवास करने वाले श्रद्धालु एक महीने तक संगम तट पर ही रहकर कठिन तपस्‍या करते हैं. वे सांसारिक मोह-माया से दूर रहकर पूरा समय भगवान की भक्ति करने, अध्‍यात्मिक उन्‍नति करने में बिताते हैं. संगम की रेत पर तंबू या कुटियां में रहते हैं, जमीन पर सोकर, एक समय सादा भोजन करने जैसे कई कठिन नियमों का पालन करते हैं.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, पंचांग और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES