SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राम, दुर्योधन और अर्जुन से जुड़ी 7 खास महिलाएं, जिनके नाम तक से अनजान हैं लोग, क्‍यों?

रामायण और महाभारत के कई किरदार ऐसे हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. जबकि इनका सीधा रिश्‍ता भगवान राम, कौरव-पांडव से था. जानिए इन गुमनाम महिलाओं के नाम और इसके पीछे की वजह.

Written By Shraddha Jain
Published: Nov 28, 2026, 09:32 IST | Updated: Nov 28, 2026, 09:42 IST
Image Credit: रामायण-महाभारत की वो महिलाएं जिनकी मुख्‍य कहानी में चर्चा न के बराबर मिलती है. (Photo:AI)
Join

इस समय सोशल मीडिया पर रामायण-महाभारत पर बहुत चर्चा हो रही है. इन पौराणिक ग्रंथों से जुड़ी कई रोचक कहानियां भी पढ़ी-सुनी और देखी जा रही हैं. इन महाकाव्‍यों में द्रौपदी, सीता, कुंती, सूर्पणखा आदि महिलाओं के बारे में बच्‍चा-बच्‍चा जानता है लेकिन आज हम रामायण-महाभारत की उन महिलाओं के बारे में जानते हैं, जिनका भगवान राम, कौरव-पांडवों आदि से सीधा रिश्‍ता था, फिर भी बहुत कम लोग ही उनके बारे में जानते हैं. कह सकते हैं कि ये स्त्रियां इतिहास में गुमनाम रह गईं. ऐसा क्‍यों हुआ आइए जानते हैं.

रामायण-महाभारत की गुमनाम महिलाएं

1. शांता (भगवान राम की बहन)

भगवान राम, उनके तीनों भाई, पिता राजा दशरथ, तीनों माताओं, पत्‍नी सीता की तो खूब चर्चा होती है. पर भगवान राम की सगी बहन शांता का जिक्र विरले ही आता है. 
गुमनाम रहने की वजह : दरअसल, राजा दशरथ और रानी कौशल्‍या की पुत्री शांता को अंगदेश के नि:संतान राजा रोमपाद ने गोद ले लिया था, जिससे वे बहुत कम उम्र में ही अयोध्‍या से दूर चली गईं थीं. यही वजह है कि अयोध्‍या के राजमहल से लेकर भगवान राम के जीवनकाल की तमाम घटनाओं में बहन शांता का जिक्र कहीं नहीं मिलता है.

(यह भी पढ़ें: 14 साल का वनवास फिर हजारों साल का रामराज्य, अयोध्या लौटकर भगवान राम ने क्या-क्या किया?) 

2. दुःशला (कौरवों की इकलौती बहन)

कौरव 100 भाई थे और उनकी इकलौती बहन थी दुःशला. राजा धृतराष्‍ट्र और रानी गांधारी की एकमात्र बेटी दु:शला का विवाह सिंधु नरेश जयद्रथ से हुआ, जिसका वध महाभारत युद्ध में अर्जुन ने किया था. इस एक घटना को छोड़ दें तो दु:शला का जिक्र महाभारत में शायद ही कहीं मिलता हो. 
गुमनाम रहने की वजह : महाभारत की मुख्‍य कहानी कौरव-पांडवों और युद्ध से जुड़े लोगों के इर्द-गिर्द ही घूमती है. इसलिए दु:शला का उल्‍लेख केवल जयद्रथ वध प्रसंग में ही मिलता है.

3. भानुमती (दुर्योधन की पत्नी)

दुर्योधन के बिना तो महाभारत की कल्‍पना भी नहीं की जा सकती है, लेकिन उसकी पत्‍नी भानुमति के बारे में न के बराबर लोग ही जानते थे. जबकि भानुमति का भी स्‍वयंवर हुआ था और उन्‍होंने दुर्योधन को अपने पति के रूप में चुना था. पूरी जिंदगी भानुमति अपने पति के प्रति बेहद निष्‍ठावान और समर्पित रहीं. 
गुमनाम रहने की वजह: भानुमति ने कभी राज-काज या दुर्योधन के फैसलों में दखल नहीं दिया इसलिए महाभारत के घटनाक्रमों में उनका नाम सामने नहीं आता है. जबकि इसके उलट उनकी सास गांधारी हमेशा सक्रिय रहीं.

4. देविका (युधिष्ठिर की पत्नी)

धर्मराज युधिष्ठिर का विवाह द्रौपदी के अलावा शिवि देश के राजा गोवासन की पुत्री देविका से विवाह किया था. दोनों का यौधेय नामक एक पराक्रमी पुत्र भी था. जो महाभारत युद्ध में मारा गया था. 
गुमनाम रहने की वजह: हस्तिनापुर हो या इंद्रप्रस्‍थ हर जगह पांडवों की पत्‍नी के तौर पर द्रौपदी ही प्रमुख भूमिका में रहीं इसलिए महाभारत में देविका का उल्‍लेख बहुत कम है.

5. बलंधरा (भीम की पत्नी)

पांडव भीम ने द्रौपदी और हिडिंबा के अलावा काशी नरेश की पुत्री बलंधरा से भी विवाह किया था. उनका सर्वग नामक पुत्र भी था. 
गुमनाम रहने की वजह: पांडवों के 12 वर्ष के वनवास और अज्ञातवास के दौरान वे अपने मायके काशी में ही रहीं, जिससे मुख्य कथा में उनका जिक्र ही नहीं आ सका.

6. करेणुमती (नकुल की पत्नी)

पांडवों में सबसे सुंदर माने जाने वाले नकुल का विवाह चेदि देश के राजा शिशुपाल की बेटी (धृष्टकेतु की बहन) करेणुमती से हुआ था. दोनों का निरमित्र नामक पुत्र भी था. 
गुमनाम रहने की वजह: महाभारत में शिशुपाल का वर्णन खूब मिलता है क्‍योंकि वह भगवान कृष्‍ण को अपना दुश्‍मन मानता था और उनके सुदर्शन चक्र से ही मारा गया. उसकी बेटी का विवाह नकुल से हुआ, लेकिन महाभारत के घटनाक्रमों में उनकी कोई खास भूमिका देखने को नहीं मिलती है.

7. विजया (सहदेव की पत्नी)

सबसे छोटे पांडव सहदेव ने द्रौपदी के अलावा मद्र देश के राजा द्युतिमान की पुत्री विजया से विवाह किया था. उनका सुहोत्र नामक पुत्र प्राप्त हुआ था
गुमनाम रहने की वजह: पांडवों के वनवास जाने के बाद विजया अपने पिता के राज्य मद्र देश लौट गईं, जिस कारण वे मुख्य कथानक से ओझल हो गईं.

(यह भी पढ़ें: पहला नहीं, यह है 28वां कलियुग! इतने साल पहले जन्मे थे श्रीकृष्ण, गच्चा खा जाएंगे ये कालगणना जानकर) 

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य पौराणिक मान्यताओं, रामायण और महाभारत के विभिन्न ग्रंथों के संदर्भों पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES