एक ही साल में 2 कुंभ मेले का दुर्लभ संयोग! जानें कब-कहां उमड़ेगा आस्था का सैलाब
साल 2027 कुंभ मेले के मामले में एक दुर्लभ संयोग लेकर आ रहा है. अगले साल देश में एक नहीं, बल्कि दो जगह पर कुंभ मेला लगेगा. हालांकि इसमें एक अर्ध कुंभ है.
भारत में लगने वाले कुंभ मेलों को दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन माना जाता है. इसमें लाखों-करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं और पवित्र नदियों में डुबकी लगाते हैं. श्रद्धालु कुंभ मेले लगने का इंतजार करते हैं और साल 2027 इस मामले में शानदार है क्योंकि इसमें 2 कुंभ मेले लगेंगे. एक हरिद्वार में और एक नासिक में. हरिद्वार में अर्ध कुंभ और नासिक में पूर्ण कुंभ मेला लगेगा. कुंभ मेला 12 साल में लगता है, वहीं 6 साल में अर्धकुंभ लगता है.
23 साल बाद डबल कुंभ का संयोग!
साल 2027 से पहले साल 2004 में हरिद्वार (अर्धकुंभ) और उज्जैन (कुंभ) में एक ही साल में 2 कुंभ मेले लगे थे. यानी कि करीब 23 साल बाद एक ही साल में 2 कुंभ (1 अर्ध कुंभ और 1 कुंभ) मेले का संयोग बन रहा है.
कब कहां कौन-सा कुंभ?
हरिद्वार अर्ध कुंभ 2027 : हरिद्वार का अर्ध कुंभ मेला 14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति से शुरू होगा और 20 अप्रैल 2027 को चैत्र पूर्णिमा पर समाप्त होगा.
हरिद्वार अर्ध कुंभ प्रमुख अमृत स्नान : 6 मार्च (महाशिवरात्रि), 8 मार्च (फाल्गुन अमावस्या) और 14 अप्रैल (मेष संक्रांति/वैशाखी).
नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ 2027 : नासिक के कुंभ मेले की औपचारिक शुरुआत ध्वजारोहण के साथ 31 अक्टूबर 2026 को हो चुकी है. प्रमुख स्नान 17 जुलाई 2027 से शुरू होकर 12 सितंबर 2027 तक हैं.
अमृत स्नान : 2 अगस्त 2027 (आषाढ़ सोमवती अमावस्या), 31 अगस्त 2027 (श्रावण अमावस्या) और 12 सितंबर 2027 को अंतिम स्नान.
नासिक का कुंभ 21 महीने लंबा क्यों?
नासिक के कुंभ को सिंहस्थ मेला कहा जाता है और यह पूरे सिंहस्थ काल में चलता है. सिंहस्थ काल से मतलब है कि गुरु ग्रह जितने समय तक सिंह राशि में रहते हैं, नासिक में कुंभ मेला रहता है. 31 अक्टूबर 2026 को गुरु ग्रह सिंह राशि में आए थे और 24 जुलाई 2028 तक सिंह राशि में रहेंगे. हालांकि इस दौरान वे कई बार चाल बदलते हुए अन्य राशियों जैसे कर्क और कन्या में जाएंगे, लेकिन फिर से सिंह राशि में लौटेंगे. अंतत: 24 जुलाई 2028 को कन्या और फिर तुला में जाएंगे.
कैसे तय होती हैं कुंभ की तारीखें?
कुंभ मेले की तारीखें सूर्य, चंद्रमा और गुरु ग्रह की स्थिति के आधार पर तय होती है, जिसका पता ज्योतिष से चलता है.
• प्रयागराज: जब बृहस्पति (गुरु ग्रह) वृष राशि में और सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तब प्रयागराज में कुंभ मेला लगता है.
• हरिद्वार: जब बृहस्पति (गुरु ग्रह) कुंभ राशि में और सूर्य मेष राशि में होते हैं तब हरिद्वार में कुंभ मेला लगता है.
• नासिक: जब देवगुरु बृहस्पति (गुरु) और सूर्य दोनों सिंह राशि में प्रवेश करते हैं, तब नासिक में सिंहस्थ कुंभ लगता है.
• उज्जैन: जब बृहस्पति (गुरु ग्रह) सिंह राशि में और सूर्य मेष राशि में होते हैं, तब क्षिप्रा तट पर सिंहस्थ कुंभ मेला आयोजित होता है.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, पंचांग और धार्मिक गणनाओं पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है. यात्रा या धार्मिक अनुष्ठान से पहले संबंधित प्रशासन और आधिकारिक पंचांग से तिथियों की पुष्टि अवश्य करें.)