कब मनाई जाएगी जगद्धात्री पूजा पर्व, जानें इस दिन की पूजा विधि और महत्व
Jagaddhatri Puja Rituals: इस साल जगद्धात्री पूजा कब की जाएगी और इसे किन राज्यों में विशेष रूप से मनाया जाता है. जगद्धात्री पूजा की विधि और महत्व क्या है? आइए इस बारे में विस्तार से जानें.
Jagaddhatri Puja 2026 Kab Hai: कार्तिक मास की शुक्ल नवमी तिथि पर मां जगद्धात्री की पूजा करने का विधान है. मां जगद्धात्री को मां दुर्गा का ही एक रूप माना गया है. धार्मिक मान्यताएं हैं कि मां पूरे संसार का पालन करती हैं. बड़े उत्साह और भव्यता से पश्चिम बंगाल में जगद्धात्री पूजा का पर्व मुख्य रूप से मनाया जाता है. आइए इस लेख में जानें जगद्धात्री पूजा की तिथि मुहूर्त और महत्व.
जगद्धात्री पूजा 2026 तिथि मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, इस साल जगद्धात्री पूजा पर्व 18 नवंबर, बुधवार को है. कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि पर मां जगद्धात्री की विधि-विधान से पूजा की जाती है. जिस घर में माता की पूजा की जाती है वहां सुख, शांति और समृद्धि आती है. आइए इस दिन के शुभ मुहूर्त और योग जानें.
नवमी तिथि प्रारंभ: 18 नवंबर को सुबह 06:04 बजे से शुरू.
नवमी तिथि का समापन: 19 नवंबर को सुबह 07:05 बजे.
बुधवार, 18 नवंबर 2026 को जगद्धात्री पूजा
ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 04:59 बजे से सुबह 05:53 बजे तक
प्रातः सन्ध्या- सुबह 05:26 बजे से सुबह 06:46 बजे तक
विजय मुहूर्त- दोपहर 01:53 बजे से दोपहर 02:36 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त- शाम 05:26 बजे से शाम 05:53 बजे तक
सायाह्न सन्ध्या- शाम 05:26 बजे से शाम 06:46 बजे तक
अमृत काल- रात 10:29 बजे से आधी रात 12:12 बजे तक, नवंबर 19
निशिता मुहूर्त- रात 11:40 बजे से रात 12:33 बजे तक, नवंबर 19
रवि योग- पूरे दिन
मां जगद्धात्री की पूजा विधि
सुबह जल्दी उठें और स्नान आदि कर स्वच्छ वस्त्र पहनें.
पूजा स्थल को साफ करें और एक चौकी पर मां जगद्धात्री की प्रतिमा को स्थापित कर दें.
मां को लाल फूल और माला अर्पित करें.
चंदन, कुमकुम और अक्षत चढ़ाएं.
धूप और दीप जलाएं और मां जगद्धात्री का ध्यान करें.
फल, मिठाई और अन्य भोग अर्पित करें.
मां के मंत्रों का जाप करें.
दुर्गा चालीसा का पाठ करें.
आरती कर पूजा को संपन्न करें.
माता जगद्धात्री से परिवार के सुख की प्रार्थना करें.
मां जगद्धात्री का स्वरूप
मां जगद्धात्री का स्वरूप अति शांत और सौम्य है. माता अति शक्तिशाली हैं जो लाल वस्त्र धारण करती है और शेर की सवारी करती हैं. मां की चार भुजाओं में शंख, चक्र, धनुष और बाण है. माता के तीन नेत्र हैं जो शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा को दर्शाते हैं. माता जिस सिंह पर बैठी हैं उसके पैरों के नीचे एक हाथी दिखता है जो करिंद्रासुर है. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि यह हाथी अहंकार का प्रतीक है. मां का यह स्वरूप बताता है कि अहंकार और बुरी शक्तियों का अंत जरूर होता है और अंत में सत्य की जीत होती है.
मां जगद्धात्री पूजा पर्व का महत्व
वैसे तो जगद्धात्री पूजा का सबसे बड़ा आयोजन पश्चिम बंगाल में होता है. पश्चिम बंगाल के चंदननगर और कृष्णानगर बड़े-बड़े भव्य पंडाल और आकर्षक प्रतिमाएं बनाई जाती हैं. हालांकि, दूसरे राज्यों में इसे मनाने की परंपरा है जैसे बिहार के मधुबनी, ओडिशा से लेकर त्रिपुरा के कुछ भाग में भी भक्त मां जगद्धात्री की पूजा करते हैं. इन क्षेत्रों में स्थानीय परंपराओं और विधि-विधान का विशेष महत्व है. अलग-अलग जगहों के अलग-अलग रीतियां हैं. धार्मिक मान्यताओं में मां जगद्धात्री जगत की पालनहार है जो अपने भक्तों की रक्षा करती है. माता की उपासना सच्ची श्रद्धा से करें तो अहंकार का नाश होता है जीवन में सुख-समृद्धि आती है और संकट दूर होते. परेशानियों से लड़ने की शक्ति आती है और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है.
(डिस्क्लेमर - यह लेख सामान्य धार्मिक जानकारी पर आधारित है तिथि मुहूर्त पंचांग के अनुसार दिए गए हैं पूजा से पहले पुजारी या पंचांग से पुष्टि करें यह अंतिम निर्णय नहीं है.)