पति का करवा चौथ: व्रत नहीं रखा तो क्या प्यार अधूरा? करवा चौथ पर पति करें पत्नी के लिए ये काम
करवा चौथ पर अब पति भी पत्नी के लिए व्रत रखने लगे हैं. हालांकि काम, जिम्मेदारियों और अन्य कारणों के चलते पति व्रत न रख पाएं, तो अपनी पत्नी के सुख-सौभाग्य के लिए कुछ काम जरूर करें. ज्योतिषाचार्य से जानें जरूरी बातें.
आजकल सोशल मीडिया पर भी ऐसी चर्चाएं होती हैं कि पति की तरह पत्नी की भी लंबी उम्र, अच्छी सेहत और सौभाग्य जरूरी है. इसलिए कई लोग अपनी पत्नी के लिए करवा चौथ का व्रत रखते हैं. इसे लेकर सभी के अपने-अपने मत हैं. अब सवाल यह है कि क्या पति द्वारा करवा चौथ व्रत रखना शास्त्र सम्मत है, ज्योतिषाचार्य इस बारे में क्या कहते हैं. क्या हर पति के लिए पत्नी की तरह करवा चौथ का निर्जला व्रत रखना संभव है? आइए इन सभी के जवाब जानते हैं.
पति द्वारा करवा चौथ व्रत रखना कितना सही?
शास्त्रों में पति द्वारा करवा चौथ व्रत का तो उल्लेख नहीं मिलता है, लेकिन वे रखना चाहें तो रख सकते हैं. हिंदू धर्म में सुख-समृद्धि, आध्यात्मिक उन्नति, मनोकामना पूर्ति के लिए व्रत रखने की परंपरा है. व्रत के दिन पूजा करने, मंत्र जाप करने, भगवान का स्मरण करने से व्यक्ति भगवान के करीब आता है. अलग-अलग मकसद की पूर्ति के लिए अलग-अलग व्रत रखे जाते हैं. जैसे पति के स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए पत्नियां करवा चौथ रखती हैं. पति भी अपनी पत्नी के सुख, सौभाग्य और लंबी उम्र के लिए व्रत रख सकते हैं, बल्कि कुछ लोग रखते हैं.
ऐस्ट्रोलॉजर आचार्य विक्रमादित्य कहते हैं कि यहां यह समझना जरूरी है कि व्रत का मतलब भूख हड़ताल नहीं होता है. बल्कि अपनी निष्ठा का समर्पण करना है. शिव-शक्ति का स्वरूप एक-दूसरे का पूरक है. पति अपनी पत्नि के लिए व्रत करें, उससे ज्यादा जरूरी है कि उसके प्रति अपनी निष्ठा निभाने का संकल्प करें. उसे प्रेम करें, उसका सम्मान करें.
पुरुष कैसे रखें करवा चौथ का व्रत?
- करवा चौथ व्रत पर हर पुरुष को छुट्टी मिल पाए यह संभव नहीं है, ऐसे में कामकाज, यात्राओं आदि जिम्मेदारियों या सेहत संबंधी समस्याओं के कारण निर्जला व्रत नहीं रख पा रहे हैं तो कोई बात नहीं. वे अपनी शक्ति और सामर्थ्य के अनुसार ही व्रत करें.
- व्रत में सात्विक आहार ले सकते हैं.
- व्रत का पालन करने की जितनी शक्ति हो उसके मुताबिक फल, दूध, जूस या साबुदाना, आलू, कुट्टू के आटे से बनी चीजें ले सकते हैं.
- साथ ही विचार भी सात्विक रखें.
- भगवान का स्मरण करें, अपनी पत्नी के सुखी जीवन, अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र की कामना करें.
- कामों में पत्नी की मदद करें.
(यह भी पढ़ें: करवा तो मिट्टी का, पर लोटा-थाली किस धातु की हों? ये एक गलती और पूजा बेकार)
पत्नी के लिए तोहफा
करवा चौथ पर पति अपनी पत्नी को कोई तरह के तोहफे देते हैं. लेकिन सबसे बड़ा तोहफा है उनका प्यार, पत्नी के प्रति वफादारी, उसका सम्मान और उसकी सुरक्षा. लिहाजा वे पत्नी को ये सब निभाने का वचन दें. हर कदम पर उसका साथ दें. बाकी उसके लिए श्रृंगार का सामान, कपड़े, गहने भी तोहफे में दे सकते हैं.
न करें ये गलतियां
पति करवा चौथ के दिन गलती से भी शराब, नॉनवेज जैसी तामसिक चीजों का सेवन न करें.
पत्नी के व्रत का मजाक न उड़ाएं.
उसके सामने जान-बूझकर न खाएं.
घर में बहस करने से बचें. अशांति न फैलाएं.
(Disclaimer: इस आलेख में दी गई जानकारियां सामान्य मान्यताओं और ज्योतिषाचार्य से बातचीत पर आधारित हैं. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)