App

पंजाब में लाखों भक्त, फिर भी स्वर्ण मंदिर का सोना चमकाने ब्रिटेन से ही आते हैं सेवादार? कई साल पुरानी है परंपरा

अमृतसर का गोल्‍डन टेंपल जिस पर चढ़ी सोने की चमचमाती परत की हर साल खास सफाई होती है, जिसके लिए खासतौर पर ब्रिटेन से सेवादार आते हैं. वे इसके लिए खास लिक्विड बनाते हैं. जानिए पूरी प्रक्रिया.

पंजाब में लाखों भक्त, फिर भी स्वर्ण मंदिर का सोना चमकाने ब्रिटेन से ही आते हैं सेवादार? कई साल पुरानी है परंपरा
Image Credit: अमृतसर के पवित्र सिख तीर्थ गोल्‍डन टेंपल की सोने की परत चमकाते सेवादार. (Photo: AI)

400 साल से ज्‍यादा पुराना अमृतसर का स्‍वर्ण मंदिर यूं ही नहीं सालों से चमक रहा है. इस पर चढ़ी सोने की परत की हर साल खास तरीके से सफाई की जाती है. ये सफाई भी ऐसी-वैसी नहीं है, इसके लिए ब्रिटेन से खास सेवादारों का जत्‍था आता है, जो विशेष प्रक्रिया के जरिए इसकी सफाई करते हैं. आखिर कौन हैं ये सेवक और पंजाब में लाखों सिखों के होते हुए ब्रिटेन के बर्मिंघम शहर से ही सफाई के लिए सेवक क्‍यों आते हैं, जानिए सारी डिटेल्‍स.

प्रदूषण के कारण काली पड़ जाती है परत

अमृतसर का यह प्रसिद्ध मंदिर बनने के करीब 200 साल बाद महाराजा रणजीत सिंह ने इस पर सोने की परत चढ़वाई थी. शुरुआत में कई साल तक तो मंदिर की सामान्‍य सफाई की जाती रही, लेकिन बीते कुछ सालों से प्रदूषण के चलते इसकी सोने की परत का रंग कुछ जगहों पर काला पड़ जाता है. लिहाजा हर साल सोने की परत को खास विधि से साफ करके फिर से चमकाया जाता है.

ब्रिटेन से ही क्‍यों आते हैं सेवक?

पंजाब के अमृतसर में स्थित सिखों के इस प्रसिद्ध तीर्थ स्‍थल श्री हरमंदिर साहिब में हर साल लाखों भक्‍त मत्‍था टेकने आते हैं. वहीं पंजाब में भी लाखों सिख रहते हैं. फिर मंदिर की सोने की परत चमकाने के लिए दूर देश से ही सेवक क्‍यों आते हैं, ये सवाल जेहन में आना लाजिमी है.

दरअसल बीते करीब 3 दशक से गुरु नानक निष्‍काम सेवक जत्‍था ही सोने की परत को साफ करके चमकाने की जिम्‍मेदारी संभाल रहा है. इस संस्‍था का हेडक्‍वार्टर ब्रिटेन के बर्मिंघम शहर में है. जहां से हर साल सेवकों का समूह अमृतसर गोल्‍डन टेंपल भेजा जाता है. करीब 50 सेवकों के जत्‍थे में महिलाएं भी शामिल होती हैं. कई बार इस जत्‍थे में कनाडा और भारत के सेवक भी शामिल होते हैं.  

खुद बनाते हैं नेचुरल लिक्विड सोप

स्‍वर्ण मंदिर की बाहरी सोने की परत, गुंबद और गर्भग्रह की सफाई के लिए किसी भी केमिकल का इस्‍तेमाल नहीं किया जाता है, बल्कि इसके लिए एक नेचुरल लिक्विड सोप बनाई जाती है. इसके लिए करीब 20 से 25 किलो रीठा को पानी में कुछ घंटों तक उबाला जाता है. फिर उसे छानकर इसमें नींबू का रस मिलाकर लिक्विड सोप तैयार की जाती है. जिसे सोने की परत पर लगाकर रगड़ा जाता है और परत चमकदार नजर आने लगती है.

स्‍थानीय भक्‍त भी होते हैं शामिल

करीब 10 से 15 दिन तक चलने वाली सफाई सेवाकार्य में स्‍थानीय श्रद्धालु भी हिस्‍सा लेते हैं. सभी सेवक वाहे गुरु नाम का जाप करते हुए या गुरबानी कीर्तन सुनते हुए ही सफाई करते हैं. पवित्र स्‍वर्ण मंदिर की सफाई कर रहे सेवक तन और मन दोनों से शुद्ध हों, इसका विशेष ख्‍याल रखा जाता है. आमतौर पर सफाई का यह काम मार्च-अप्रैल के महीने में किया जाता है.  

इस दौरान मंदिर के पूरी सोने की परत को चेक भी किया जाता है, यदि कहीं डेमेज हो तो वहां नई परत चढ़ाई जाती है. नई परत चढ़ाने का काम भी गुरु नानक निष्‍काम सेवक जत्‍था ही करता है.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी ऐतिहासिक तथ्यों, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से जुड़े संदर्भों और सामान्य मान्यताओं पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More