SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सुदर्शन चक्र क्या था, अस्त्र या शस्त्र? 99% लोग करते हैं यहीं गलती! यंत्र-मंत्र-तंत्र का मतलब भी जानें

रोजाना हम जिन शब्‍दों का इस्‍तेमाल करते हैं, उनमें से कुछ का सही अर्थ भी कई लोगों को पता नहीं होता है. आज हम ऐसे ही शब्‍दों की बात करते हैं, जैसे- अस्‍त्र-शस्‍त्र, यंत्र-मंत्र और तंत्र.

Written By Shraddha Jain
Published: Oct 14, 2026, 04:19 PM IST | Updated: Oct 14, 2026, 04:26 PM IST
Image Credit: अस्‍त्र-शस्‍त्र, यंत्र-मंत्र-तंत्र, यज्ञ-हवन का अर्थ बताइए. (Photo:AI)
Join

बात पौराणिक कथाओं की हो, धर्म की हो या ज्‍योतिष की. अक्‍सर इनसे जुड़े शब्‍दों का हम इस्‍तेमाल करते रहते हैं, लेकिन हम में से कई को उनके सही मतलब नहीं पता होते. उदाहरण के लिए भगवान विष्‍णु और भगवान कृष्‍ण हाथ में सुदर्शन चक्र धारण करते हैं. सुदर्शन चक्र से जुड़ी कई कहानियां भी हमने सुनी हैं. लेकिन ये बात शायद ही पता हो कि सुदर्शन चक्र अस्‍त्र है या शस्‍त्र? कई लोगों को तो यह भी लग सकता है कि अस्‍त्र-शस्‍त्र एक ही बात है, जिससे किसी का वध किया जाता है. हालांकि, ये दोनों एक तरह से हथियार ही हैं जिनका उपयोग किसी को मारने में ही होता है, लेकिन इनके मतलब अलग-अलग हैं.

अलग-अलग हैं अस्‍त्र और शस्‍त्र

पौराणिक कहानियों में देवी-देवता, योद्धा, युद्ध में अपने शत्रुओं के खिलाफ अस्‍त्र-शस्‍त्र का उपयोग करते थे.

अस्‍त्र : अस्‍त्र का अर्थ है वह हथियार जिसे हाथ से पकड़कर नहीं, बल्कि किसी मंत्र, अग्नि या यंत्र के माध्यम से दूर फेंका जाता है. इसमें योद्धा हथियार को हाथ में पकड़कर दुश्‍मन पर प्रहार नहीं करता है. बल्कि मंत्र या किसी अन्‍य शक्ति के जरिए चलाता है.

जैसे- ब्रह्मास्त्र, सुदर्शन चक्र, बाण (जिन्हें धनुष जैसे यंत्र से छोड़ा जाए).

शस्त्र : जबकि शस्‍त्र वह हथियार जिसे हाथ में पकड़कर सीधे दुश्मन पर प्रहार किया जाता है. इन्हें फेंका नहीं जाता है.
जैसे - तलवार, गदा, फरसा या कटार.

यंत्र-मंत्र-तंत्र

इसी तरह यंत्र-मंत्र-तंत्र शब्‍द भी एक-दूसरे से बिल्‍कुल अलग-अलग हैं. इन तीनों का ही उपयोग किसी न किसी मकसद को पूरा करने के लिए किया जाता है लेकिन ये अलग-अलग होते हैं. इनके अर्थ भी जान लीजिए.

यंत्र : यंत्र किसी मशीन को भी कहा जा सकता है. लेकिन धर्म के संदर्भ में बात करें तो यह किसी विशेष उद्देश्य, पूजा या ऊर्जा को केंद्रित करने के लिए बनाया गया ज्यामितीय चित्र होता है, जिसे किसी देवी-देवता का 'शरीर' या प्रतीक माना जाता है.
जैसे- श्रीयंत्र, महालक्ष्मी यंत्र, श्री विष्‍णु यंत्र.

मंत्र : मंत्र कुछ शब्‍दों का समूह होता है, जिसमें विशेष शक्ति होती है. उसका उच्चारण (जाप) करने से मन एकाग्र होता है और विशेष दैवीय ऊर्जा या शक्ति जाग्रत होती है. मंत्र का उपयोग भी किसी विशेष मकसद को पूरा करने के लिए किया जाता है. 
जैसे - गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र या किसी भी देवी-देवता से जुड़ा मंत्र.

तंत्र : तंत्र का उपयोग भी किसी न किसी मकसद के लिए होता है. यह पूरी विधि या प्रणाली या विज्ञान होता है. इसमें मंत्र और यंत्र दोनों शामिल होते हैं और उनकी मदद से कोई विशेष नियम या प्रक्रिया बनाई जाती है.

यज्ञ और हवन

कई बार लोग यज्ञ और हवन को भी एक ही समझ बैठते हैं. जबकि यज्ञ एक बड़ा अनुष्‍ठान है. जिसमें मंत्र, आहुति और विधियां शामिल होती हैं. वहीं हवन अग्नि में निर्धारित सामग्री की आहुति देने की क्रिया को कहते हैं, जो यज्ञ का हिस्सा होता है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी हिंदू धार्मिक परंपराओं, पौराणिक मान्यताओं और प्रचलित शब्दार्थों पर आधारित है. अलग-अलग ग्रंथों और परंपराओं में इनके वर्णन में अंतर हो सकता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES