)
धनतेरस 2026: धनतेरस पर्व का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है. इस पर्व पर कुबेर देव, भगवान धन्वंतरी और देवी लक्ष्मी की उपासना करने का विधान है. धनतेरस पर्व पर कुबेर देव की विशेष कृपा पाने के लिए अगर इस दिन घर या दुकान में विधि-विधान से कुबेर यंत्र की स्थापना करें तो यह घर के लिए अति शुभ फलदायी हो सकता है. धार्मिक मान्यता है कि कुबेर देव धन के देवता हैं जो प्रसन्न होकर अपने भक्तों को आर्थिक उन्नति और खुशहाली पाने का आशीर्वाद देते हैं. इस साल धनतेरस पर्व 6 नवंबर 2026, शुक्रवार के दिन मनाया जाएगा. आइए जानें कि कुबेर यंत्र रखने की सही दिशा और जगह क्या है, इसकी स्थापना विधि और इससे जुड़ी ध्यान देने वाली बातें क्या हैं.
कुबेर यंत्र एक विशेष ज्यामितीय आकृति है जिसका विशेष धार्मिक महत्व है. इसे घर या दुकान की उस जगह पर स्थापित करना चाहिए जहां पर पैसे रखे जाते हो या तिजोरी हो. ऐसी जगहों पर कुबेर यंत्र को स्थापित करने से घर के धन की सुरक्षा होती है. जिस घर में कुबेर यंत्र होता है उस घर के धन संबंधी मामले सुलझ जाते हैं और वहां के धन की सुरक्षा स्वयं कुबेर देव करते हैं. कुबेर यंत्र की नियमित पूजा करने से घर में किसी भी तरह की नकारात्मकता का वास नहीं होता है. घर के लोग धन के मामले में सही फैसले लेते हैं और धन हानि रुक जाती है.
घर या व्यापारिक स्थल पर कुबेर यंत्र को स्थापित कर रहें है तो वहां पहले ही साफ-सफाई कर लें.
धनतेरस के दिन स्नान आदि कर साफ कपड़े पहनें और पूजा स्थान को गंगाजल छिड़ककर शुद्ध करें.
अब एक पीला या लाल कपड़ा बिछाएं और उस पर कुबेर यंत्र को स्थापित करें.
अब कुबेर यंत्र को धूप-दीप दिखाएं, अक्षत और कुमकुम अर्पित करें.
अब पंडित जी के बताए मंत्रों का जाप करें.
यंत्र को स्थापित करने के लिए सही जगह और दिशा को चुनें और वहीं सम्मान पूर्वक लगा दें.
कुबेर यंत्र को घर या दुकान में स्थापित कर रहे हैं तो इसकी दिशा का विशेष ध्यान रखें. यंत्र को बुधवार के दिन, किसी विशेष शुभ मुहूर्त पर या धनतेरस के दिन स्थापित करें. वास्तु शास्त्र के अनुसार उत्तर दिशा में इसे स्थापित करने से इसका पूरा लाभ प्राप्त होगा. ध्यान रखें कि कुबेर यंत्र का मुख दक्षिण दिशा की ओर होना चाहिए और पूजा करने वाले व्यक्ति का मुख उत्तर दिशा में होना चाहिए.
कुबेर यंत्र की नियमित साफ-सफाई करते रहें और पूजा करें.
धूप-दीप करें और श्रद्धा भाव से मंत्रों का जाप करें.
घर में इस यंत्र को ऐसी जगह पर रखें जहां धन रखा होता है.
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, वास्तु शास्त्र और ज्योतिष पर आधारित है. इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है, धन लाभ की कोई गारंटी नहीं है. किसी भी उपाय को अपनाने से पहले अपने पंडित या विद्वान से सलाह जरूर लें.)