App

क्या आप भी पितृ दोष से हैं परेशान? बस कर लें दक्षेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन; और फिर...

उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्राचीन दक्षेश्वर महादेव मंदिर में पितृ पक्ष के दौरान जल अर्पित करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है. राजा दक्ष के यज्ञ, माता सती के त्याग और वीरभद्र के क्रोध से जुड़ी इस चमत्कारी मंदिर की पौराणिक कथा के बारे में इस खबर में हम पूरी डिटेल से जानकारी देंगे.

क्या आप भी पितृ दोष से हैं परेशान? बस कर लें दक्षेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन; और फिर...

धार्मिक मान्यताओं की मानें तो जीवन में कई तरह की परेशानियां आती हैं, जिनका सीधा कारण पितृ दोष हो सकता है. ये दोष जिसको भी लगता है, उसके परिवार में कलह, तरक्की में रुकावट और किसी भी काम में लगातार असफलता मिलने लगती है.

अब लोग इस समस्या से राहत पाने के लिए तरह-तरह के उपाय करते हैं, जैसे पूजा-पाठ या फिर कई तरह के अनुष्ठान. लेकिन आज हम आपको एक ऐसा उपाय बताएंगे, जिससे आपके ऊपर लगे हुए पितृ दोष का प्रभाव पूरी तरह खत्म हो जाता है.

दरअसल ये कोई सामान्य अनुष्ठान नहीं है. ये एक पावन देवालय है जो उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित है. इस मंदिर का नाम दक्षेश्वर महादेव मंदिर है. ये पावन मंदिर भगवान शिव और माता सती के अगाध प्रेम व त्याग का प्रतीक माना जाता है.

पौराणिक इतिहास और कनखल का ये प्राचीन पावन धाम

हरिद्वार में कनखल के दक्षिणी छोर पर स्थित ये मंदिर काफी प्रसिद्ध है, साथ ही ये मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. विशेष रूप से पितृ पक्ष के दौरान यहां आने वाले भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है.

अब इस मंदिर की खासियत की बात करें तो परिसर के भीतर एक अत्यंत प्राचीन शिवलिंग स्थापित है, जिसकी भव्यता कमाल की है. इसके साथ ही वहां एक पौराणिक यज्ञ कुंड मौजूद है, जिसे माता सती के आत्मदाह की अग्नि से जोड़कर देखा जाता है.

इतिहास के पन्नों को देखें तो इस मंदिर का भव्य निर्माण वर्ष 1810 में रानी धनकौर ने करवाया था. इसके बाद वर्ष 1962 में मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था.

दर्शन मात्र से कट जाते हैं पितृ दोष के सारे कष्ट

दक्षेश्वर महादेव मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं के बीच एक गहरा और अटूट विश्वास जुड़ा हुआ है. ऐसा माना जाता है कि जो भी व्यक्ति सच्चे मन से यहां आकर महादेव का जलाभिषेक करता है, उसे पितृ दोष से मुक्ति मिल जाती है.

पितृ पक्ष या श्राद्ध के दिनों में यहां पूजन करने से पितर प्रसन्न होते हैं. इसके साथ ही भगवान शिव की कृपा से जीवन के सारे रुके हुए काम दोबारा बनने लगते हैं.

यही कारण है कि देश के कोने-कोने से लोग पितृ दोष से छुटकारा पाने के लिए इस चमत्कारी स्थान पर खिंचे चले आते हैं.

राजा दक्ष का वो अभिमान और सती का त्याग

इस पावन स्थल से जुड़ी पौराणिक कथा बेहद रोचक और शिक्षाप्रद है. प्राचीन काल में प्रजापति राजा दक्ष ने एक बड़े यज्ञ का आयोजन किया था. उस यज्ञ में उन्होंने ब्रह्मांड के सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा, लेकिन भगवान शिव को नहीं बुलाया.

जब माता सती को अपने पिता के इस आयोजन का पता चला, तो वे वहां जाने के लिए आतुर हो गईं. महादेव ने उन्हें बिना बुलाए जाने से मना किया, लेकिन माता सती अपनी जिद पर अड़ी रहीं. बाद में वे बिना महादेव के ही अपने पिता के घर यज्ञ में भाग लेने पहुंच गईं.

अपमान की ज्वाला और सती का आत्मदाह

यज्ञ स्थल पर पहुंचने पर राजा दक्ष ने भगवान शिव के लिए बेहद कठोर और अपमानजनक शब्द कहे. अपने पति का ऐसा घोर अनादर देखकर माता सती का हृदय व्यथित हो उठा.

उनसे अपने स्वामी का अपमान सहा नहीं गया और उन्होंने उसी क्षण यज्ञ कुंड की दिव्य अग्नि में कूदकर स्वयं को भस्म कर लिया.

जब इस दारुण घटना की सूचना कैलाश पर्वत पर महादेव तक पहुंची, तो वे प्रचंड क्रोध से भर उठे. शिव जी के क्रोध से तीनों लोकों में हाहाकार मच गया और उन्होंने राजा दक्ष का अहंकार तोड़ने का संकल्प ले लिया.

वीरभद्र का अवतरण और राजा दक्ष को क्षमादान

महादेव ने अपने रौद्र रूप से वीरभद्र को प्रकट किया और उन्हें राजा दक्ष का वध करने का आदेश दिया. वीरभद्र ने यज्ञ विध्वंस कर राजा दक्ष का सिर धड़ से अलग कर दिया.

इसके बाद सभी देवता भयभीत होकर भगवान शिव की स्तुति करने लगे. देवताओं के ऊपर दया पर दयालु शिव जी ने राजा दक्ष को क्षमा कर दिया.

उन्होंने राजा दक्ष के धड़ पर बकरे का सिर लगाकर उन्हें फिर जीवनदान दे दिया. इस घटना के बाद राजा दक्ष को अपनी गलती का अहसास हुआ और यह स्थान दक्षेश्वर महादेव के नाम से अमर हो गया.

ये भी पढ़ें: उम्मीद की नई किरण: 34 साल बाद खुला ऐतिहासिक शीतलनाथ मंदिर, कश्मीरी पंडितों की घर वापसी की जगी आस
(Disclaimer): यह आलेख पौराणिक मान्यताओं, धार्मिक ग्रंथों और स्थानीय जनश्रुतियों पर आधारित है. इसका उद्देश्य पाठकों को सनातन धर्म के पवित्र तीर्थ स्थलों और उनसे जुड़ी पौराणिक परंपराओं की प्रामाणिक जानकारी देना है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष धर्म और ज्योतिष से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया के धार्मिक आयोजनों, अध्यात्म और ज्योतिषीय गणनाओं से जुड़े जरूरी अपडेट्स दर्शकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ धर्म-कर्म और ऐस्ट्रो की दुनिया के खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More