धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्रांति है छठ पूजा: न कोई पंडित, न कर्मकांड... जानें कैसे जातिवाद और रूढ़ियों को तोड़ता है यह महापर्व
छठ पूजा को एक सामाजिक और सांस्कृतिक क्रांति कहा जाता है...इस पूजा में न कोई पंडित, न मंत्र और न ही कोई भेदभाव होता है. आइए जानते हैं कि कैसे यह महापर्व डूबते सूर्य की उपासना के जरिए जातिवाद, रूढ़ियों और अमीर-गरीब की दीवारों को तोड़ता है.
कोई पंडित नहीं. कोई पोथी नहीं. कोई मंत्र नहीं. कोई कर्मकांड नहीं. मात्र डूबते और उगते सूर्य की उपासना और कठिन तपस्या. ये छठ है. इसलिए महापर्व छठ कर्मकांड और रूढ़ियों के विरुद्ध विद्रोह है. ये विद्रोह परिस्थितिजन्य है या समय के प्रवाह में सामाजिक परिवर्तन का स्वाभाविक प्रकटीकरण, इस बात पर दृढ़ता से कुछ कहा नहीं जा सकता. किंतु कई हिंदू धर्म-ग्रंथों में छठ या इससे मिलते-जुलते विधान का उल्लेख मिलता है.
ऋग्वेद में सूर्य उपासना का स्वरूप स्तुति-प्रधान है. ऋग्वेद 3.62.10 में सवितृ (सूर्य का एक रूप) को समर्पित प्रसिद्ध गायत्री मंत्र है. तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि. धियो यो नः प्रचोदयात्॥ अर्थ है - हे सविता देव! हम आपके उस दिव्य प्रकाश का ध्यान करते हैं जो सबसे श्रेष्ठ और पापनाशक है. कृपया हमारी बुद्धि को प्रकाशित करें और उसे सत्कर्मों तथा सत्य की ओर प्रेरित करें.
वेद, पुराण और रामायण में छठ व्रत की जड़ें
कहने का अर्थ है कि सूर्य की उपासना और जल अर्पण करने की परंपरा ऋग्वेद काल से प्रचलित है. कालांतर में ब्रह्मवैवर्त पुराण में भी राजा प्रियव्रत और छठी मैया की कथा प्रचलित है. फिर रामायण काल की कथा है कि रावण वध के बाद भगवान राम और माता सीता अयोध्या लौटे. कुल की सुख-शांति और रामराज्य की स्थापना के लिए माता सीता ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सूर्य देव और छठी मैया का व्रत रखा.
मुंगेर का सीता चरण मंदिर और पौराणिक मान्यता
बिहार के मुंगेर में गंगा के बीच स्थित सीता चरण मंदिर से जुड़ी मान्यता है कि माता सीता ने वहां ये पर्व मनाया. वास्तव में मुंगेर (बिहार) का छठ पर्व से गहरा पौराणिक संबंध है. यहां एक विशाल शिलाखंड पर चार प्राचीन चरणचिह्न (दो पूर्व दिशा की ओर और दो पश्चिम दिशा की ओर) अंकित हैं, जिन्हें माता सीता के चरण माना जाता है.
कहा जाता है कि रावण वध के बाद ब्रह्महत्या के दोष से मुक्ति और कुल कल्याण के लिए भगवान राम और माता सीता महर्षि मुद्गल के आश्रम पहुंचे (जो मुंगेर क्षेत्र में माना जाता है). महर्षि मुद्गल ने माता सीता को सूर्योपासना (छठ व्रत) की सलाह दी. माता सीता ने यहीं गंगा के तट पर डूबते (अस्ताचलगामी) और उगते (उदीयमान) सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ व्रत संपन्न किया. इस प्रसंग का उल्लेख आनंद रामायण के सीता-मुद्गल प्रसंग में भी मिलता है. 1926 में प्रकाशित ब्रिटिशकालीन मुंगेर गजेटियर में भी गंगा के बीच शिलाखंड और चरणचिह्नों का उल्लेख है.
महाभारत काल में कर्ण, द्रौपदी और कुंती की सूर्य उपासना
महाभारत काल में छठ पर्व से जुड़ी एक कहानी कर्ण और द्रौपदी की भी है. सूर्यपुत्र कर्ण (अंग देश के राजा, आज के बिहार का भागलपुर क्षेत्र) रोज नदी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते थे. उनकी यह सूर्य उपासना छठ की परंपरा से जुड़ी मानी जाती है. वनवास के दौरान पांडवों के संकट में द्रौपदी ने महर्षि धौम्य (पांडवों के कुल पुरोहित या पारिवारिक पुजारी) के सुझाव पर सूर्य की उपासना और छठ व्रत किया, जिससे उन्हें कष्टों से मुक्ति और राज्य पुनः प्राप्ति में सहायता मिली.
कुंती ने भी लाक्षागृह से बचने के बाद यह व्रत किया था. इस प्रकार महापर्व छठ का अस्तित्व सनातन काल से है. इसकी जड़ें हजारों साल पुरानी वैदिक-पौराणिक परंपराओं में हैं, हालांकि कोई एक निश्चित ऐतिहासिक शुरुआत नहीं बताई जा सकती.
छठी मैया को बच्चों की रक्षा और संतान प्राप्ति की देवी माना जाता है. 36 घंटे का निर्जला व्रत, शुद्धता, अनुशासन और आत्मसंयम इस पर्व की विशेषता है. यह भक्तों में श्रद्धा, धैर्य और ईश्वर के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है.
बिहार-पूर्वांचल से निकलकर देश-दुनिया में फैला महापर्व
आज के कोई पांच-छह दशक पहले तक छठ पर्व की व्याप्ति बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक थी. किंतु समय के साथ जब बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग दूसरे राज्यों या देशों तक गए तो वहां भी छठ पर्व का प्रसार हुआ. आज छठ पर्व बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सीमा से बाहर दिल्ली, मुंबई, बंगाल, असम और पंजाब-हरियाणा तक पहुंच गया है. छठ पर्व प्रकृति, जल, सूर्य और अनुशासन का प्रतीक है.
चार दिनों का यह कठिन व्रत (नहाय-खाय से पारण तक) आज भी पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों की संस्कृति की पहचान बना हुआ है. महापर्व छठ में एक व्रती होती/होता है, जिसके सहारे छठ का समस्त विधान संपन्न होता है. छठ मां हैं. मां यानी शाश्वत सत्य, घर-घर में मौजूद, जिसके आंचल में ही सृष्टि का माहात्म्य है. मां वात्सल्य का प्रतीक है जो लोकमंगलकारी है. इसलिए छठ की संकल्पना धर्म का समाजवादीकरण है. फिर छठ के विचार का सर्वव्यापीकरण भी दुर्लभ है. इसमें सूर्य की पूजा होती है. सूर्य इकलौते हिंदू देवता हैं जो दृश्य हैं. रोज सुबह उगते हैं, शाम होते डूबते हैं. कल, आज और कल - सूर्य की यही चाल रहने वाली है. इस तरह छठ पर्व के आराध्य सूर्य - साधारणीकरण के प्रतीक हैं.
डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य: दुनिया के दस्तूर से अनोखा विद्रोह
छठ पर्व का तीसरा दिन इस महापर्व का सबसे मुख्य आकर्षण होता है. बांस के सूप में ठेकुआ, मौसमी फल, गन्ना और दीप सजाकर पूरा परिवार नदी या तालाब के घाट पर पहुंचता है. यहां व्रती कमर तक पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य देते हैं. यही छठ का सबसे अनोखा पहलू है. ‘उगते सूरज को सभी सलाम करते हैं’. दुनिया इसी दस्तूर की आदी है. छठ पर्व इस दस्तूर से विद्रोह करता है. वो सिखाता है- तुम डूबते सूरज को भी पूजो और उगते को भी. यही सृष्टि का नियम है. जो उगा है, वो डूबेगा. इसलिए जो डूबा है, वो उगेगा जरूर. शायद यही कारण है कि महापर्व छठ में पहले डूबते सूरज और फिर उगते सूरज को अर्घ्य दिया जाता है. ये विधान दुनिया में छठ को सबसे अलग बनाता है.
जातिवाद की दीवारें तोड़ता सामाजिक समरसता का उत्सव
छठ पर्व सर्वव्यापक है. छठ जाति की बंदिशों को तोड़ता है. इसमें व्रती की कोई जाति नहीं होती. वो समुदाय से परे है. ऊंची और नीची, सभी जाति वाले एक ही घाट पर छठ करते हैं. यहां सूर्य को अर्घ्य देना महत्वपूर्ण है, न कि ये जानना कि व्रती की जाति क्या है? बिना कुछ जाने लोग व्रती के पैर छूते हैं या सम्मान देते हैं. इस प्रकार छठ जातिवाद के खिलाफ विद्रोह है.
इसके साथ यह समाज को एकजुट करने वाला त्योहार है. जाति, वर्ग और संप्रदाय की दीवारें यहां टूट जाती हैं. घाटों पर सभी लोग एक साथ खड़े होकर अर्घ्य देते हैं. परिवार के सदस्य एक-दूसरे की मदद करते हैं. महिलाओं की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण होती है. वो व्रत रखती हैं और पूरे परिवार का मार्गदर्शन करती हैं. यह पर्व सामूहिकता, सहयोग और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देता है. यह महापर्व सांस्कृतिक जुड़ाव का माध्यम है.
लोकगीत, इको-फ्रेंडली प्रसाद और मिट्टी से जुड़ाव
- किसी भी छठ घाट पर चले जाइए, वहां आपको कानफोड़ू फूहड़ गानों का शोर नहीं सुनाई देगा. कहीं डीजे की धुन नहीं मिलेगी. घाट पर घाट बदलते जाएंगे, छठ पर आपको सुनाई देगा सिर्फ लोकगीत. ऐसा क्यों? वास्तव में छठ, पर्व से अधिक मिट्टी से जुड़े रहने का धार्मिक अनुष्ठान है. अगर छठ के गीत में लोक केंद्र में है तो भगवान का प्रसाद भी सर्वव्यापक और सर्वसुलभ है.
- इस पर्व में शुद्धता पर जितना जोर दिया जाता है, वैसा शायद ही कहीं और देखने को मिले. प्रसाद के रूप में मुख्य रूप से 'ठेकुआ', खजूरिया, टिकरी, कसार और तरह-तरह के मौसमी फल शामिल होते हैं. इसमें प्याज और लहसुन तो दूर, सामान्य नमक तक का प्रयोग सख्त वर्जित होता है.
- प्रसाद को बांस से बनी छोटी टोकरियों (सूप और दउरा) में सजाया जाता है, जो इसे पूरी तरह से इको-फ्रेंडली (पर्यावरण के अनुकूल) बनाता है. इस तरह यह प्रसाद हमारी मिट्टी से जुड़ा है. गन्ना, फल प्रकृति प्रदत्त हैं. छठ के सब प्रसाद घर में बनते हैं. छठ में गरीब का प्रसाद अमीर बड़ी श्रद्धा से ग्रहण करता है. इस तरह छठ गरीब-अमीर की खाई मिटाता है.
- ये स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति देता है. बाजारों में फल, सब्जियां, गुड़, आटा, बांस की वस्तुएं और पूजा सामग्री की भारी मांग बढ़ जाती है. किसान, दुकानदार, ठेले वाले और कारीगर इससे लाभान्वित होते हैं.
- पर्यटन भी बढ़ता है. हजारों श्रद्धालु दूरदराज से अपने घर पहुंचते हैं, जिससे होटल, परिवहन और स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिलता है.
ग्रामीण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलती है बड़ी रफ्तार
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के आंकड़ों के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान देशभर में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होता है. बिहार में अकेले लगभग 15,000 करोड़ रुपये का व्यापार होता है. प्रवासी पूर्वांचलियों की बड़ी संख्या के कारण दिल्ली-एनसीआर में करीब 8,000 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया जाता है. यह पर्व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है.
स्वच्छता और प्रकृति से जुड़ने का संदेश
छठ की आस्था के तूफान में सामाजिक विकृतियां तिनका बन जाती हैं. छठ स्वच्छता का राजदूत है. सालोंभर गंदगी में जीवन जीने वाले भी छठ के दौरान स्वच्छता के सिपाही बन जाते हैं. घर-बार साफ लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण - आस-पास और पूरा मोहल्ला साफ-सुथरा. इसलिए छठ पर्व स्वच्छता परमो धर्म का ध्वजवाहक भी है.
ऐसे समय, जब दुनिया आधुनिकता की अंधी दौड़ लगा रही है, छठ पर्व हमें बुनियाद से जुड़े रहने की सीख देता है. ये हमें सिखाता है कि प्रकृति से जुड़िए. प्रकृति को जानिए और श्रद्धा रखिए. प्रकृति ही हमारी मां है और छठ उसका रूप! इस प्रकार छठ पर्व केवल पूजा-अर्चना नहीं, बल्कि जीवन का समग्र उत्सव है. यह हमें प्रकृति के प्रति आभार, अनुशासन, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव सिखाता है. आधुनिक युग में भी यह पर्व अपनी प्रासंगिकता बनाए हुए है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा.
ये भी पढ़ें: Chhath Puja: क्यों इतने कठोर हैं छठ महापर्व के ये 3 नियम? समझें आस्था और सेहत से जुड़ा विज्ञान