App

Chhath Puja: क्यों इतने कठोर हैं छठ महापर्व के ये 3 नियम? समझें आस्था और सेहत से जुड़ा विज्ञान

छठ पूजा में सिर्फ 36 घंटे के लंबे निर्जला व्रत का पालन नहीं करना होता है, बल्कि और भी कई सख्‍त नियम होते हैं. हालांकि छठ व्रत के इन कठिन नियमों के पीछे गहरा धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व है. जानिए वो क्‍या है.

Chhath Puja: क्यों इतने कठोर हैं छठ महापर्व के ये 3 नियम? समझें आस्था और सेहत से जुड़ा विज्ञान
Image Credit: छठ पूजा के कठिन नियमों के पीछे धार्मिक कारण हैं और उनका वैज्ञानिक महत्‍व भी है, जो बताते हैं कि ये नियम शरीर के लिए कितने फायदेमंद हैं. (Photo:AI)

प्रकृति की पूजा और लोकआस्‍था का महापर्व छठ 13 नवंबर 2026, शुक्रवार यानी कि आज से शुरू हो गया है. सूर्य और छठी मइया की पूजा के पर्व छठ का पहला दिन नहाय-खाय का होता है. 4 दिन के इस पर्व में व्रती को कई कठिन नियमों का पालन करना होता है. आमतौर पर 36 घंटे के लंबे निर्जला व्रत के बारे में तो सभी जानते हैं लेकिन इसके अलावा भी कई कठिन नियम होते हैं, जिसके चलते छठ व्रत को इतना मुश्किल माना गया है. क्‍या आप जानते हैं कि इन कठिन नियमों और परंपराओं के पीछे धार्मिक आस्था के साथ-साथ ठोस वैज्ञानिक कारण भी छिपे हैं?

सख्‍त अनुशासन का पालन

छठ व्रत रखना न केवल व्रती को बल्कि पूरे परिवार को कड़ा अनुशासन सिखाता है. इसमें शुद्धता-पवित्रता, सुबह जल्‍दी जागने जैसे कई नियम होते हैं जिनका पालन व्रती को करना होता है. ठंड की शुरुआत के समय पड़ने वाला यह व्रत व्‍यक्ति को शरीर और मन से मजबूत बनाता है. आइए जानते हैं छठ व्रत के 3 सबसे कठिन नियम और उसके पीछे की वजहें.

1. 36 घंटे का निर्जला उपवास

छठ पर्व के दूसरे दिन शाम को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद शुरू होता है 36 घंटे का लंबा निर्जला उपवास. यानी कि इन 36 घंटों में व्रती खाना तो दूर पानी भी नहीं पी सकते. दूसरे दिन की शाम से लेकर पूरा तीसरा दिन और चौथे दिन के सूर्य को दिए गए उषा अर्घ्‍य के बाद ही व्रती जल पीकर प्रसाद खाकर व्रत का पारण करते हैं.

धार्मिक कारण: इतना लंबा कठोर व्रत व्रती के छठी मइया के प्रति समर्पण और तपस्‍या का प्रतीक है. ऐसा भी नहीं है व्रत के दौरान व्रती आराम करता रहता है, बल्कि उसे कई बार स्‍नान, पूजा करनी होती है, प्रसाद बनाना होता है. जिसके साथ-साथ छठी मइया के गीत भी गाए जाते हैं.

वैज्ञानिक महत्‍व: विज्ञान की दुनिया में इतने लंबे फास्‍ट को ऑटोफैगी कहते हैं. यानी कि इस दौरान शरीर की पुरानी और क्षतिग्रस्त कोशिकाएं साफ होती हैं. साथ ही पाचन तंत्र को आराम मिलता है.

2. 4 दिन जमीन पर सोना

छठ के 4 दिन के दौरान व्रती को रोजाना जमीन पर चटाई या चादर बिछाकर बेहद सादगी से सोना होता है.

धार्मिक कारण : यह व्‍यक्ति का अहंकार तोड़ता है और उसे बताता है कि वह असल में जमीन से ही जुड़ा रहे.

वैज्ञानिक महत्‍व: विज्ञान के अनुसार समतल और सख्‍त जगह पर सोने से रीढ़ की हड्डी सीधी रहती है. साथ ही इससे पूरे शरीर का ब्‍लड सर्कुलेशन सही रहता है.

3. शुद्धता, पवित्रता और सात्विकता

छठ प्रसाद जिस स्‍थान पर बनता है, उस जगह, बर्तनों आदि की शुद्धता का विशेष ध्‍यान रखना होता है. उस स्‍थान पर जाने के लिए भी व्‍यक्ति का शरीर और कपड़े साफ व पवित्र होने चाहिए. इसलिए व्रती को इस दौरान कई बार स्‍नान करना पड़ता है, कपड़े बदलने पड़ते हैं. इसलिए प्रसाद बनाने के लिए चूल्‍हा तक नया लिया जाता है. इतना ही नहीं सूर्य को अर्घ्‍य देने के लिए बहुत देर तक नदी में पानी में खड़े रहना होता है.

धार्मिक कारण : यह सिखाता है कि भगवान के प्रसाद के लिए शुद्धता और पवित्रता बेहद जरूरी है.

वैज्ञानिक महत्‍व : विज्ञान में अच्‍छी सेहत के लिए हाईजीन को विशेष महत्‍व दिया गया है. साफ-सफाई के कड़े नियम व्‍यक्ति को खतरनाक वैक्‍टीरिया और कई तरह की बीमारियों से बचाते हैं. साथ ही सूर्य को अर्घ्‍य देने के लिए सूर्य की रोशनी में रहना शरीर को प्राकृतिक विटामिन-D से भरपूर बनाता है.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, धार्मिक आस्था और पारंपरिक जानकारियों पर आधारित है.  Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी कठिन उपवास या नियम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More