छठ महापर्व के तीसरे दिन डूबते सूर्य देव को अर्घ्य देंगे व्रती, नोट कर लें संध्या अर्घ्य का सही समय
Chhath Puja 2026 Third Day: छठ महापर्व के तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को व्रती संध्या अर्घ्य देंगे. इस दिन छठी मैया और सूर्य देव की विधि-विधान से पूजा की जाएगी, इसके बाद सूर्य देव को अर्घ्य दिया जाएगा. आइए इस दिन की पूजा विधि, पूजा सामग्री और अर्घ्य देने का समय जानें.
Chhath Puja 2026 Third Day: लोक आस्था के महापर्व छठ व्रत के तीसरे दिन सूर्यदेव और छठी मैया की भव्य पूजा की जाती है. इस दिन व्रती पूरे परिवार के साथ नदी या तालाब के किनारे जाते हैं और पूजा करते हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन छठ व्रत पर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. इस तरह इस साल कार्तिक छठ पूजा पर 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य यानी सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. आइए जानें संध्या अर्घ्य की पूजा सामग्री और इसका महत्व, इस दिन की पूजा विधि व अर्घ्य का समय.
संध्या अर्घ्य की पूजा सामग्री
छठ पर्व के तीसरे दिन कुछ विशेष सामग्री का होना जरूरी है. ये सामग्री हैं- बांस का दउरा जिसमें सभी पूजा सामग्री रखी जाएगी, जैसे अर्घ्य देने के लिए लोटा, दीया और बाकी की सामग्री. पूजा और अर्घ्य के लिए सूप, इस सूप को प्रसाद से सजाया जाएगा और इसी पर अर्घ्य दिया जाएगा. प्रसाद में ठेकुआ, चावल और दूध से बने लड्डू, गन्ने और मौसमी फल. दउरा और सूप को बांधने के लिए एक पीला कपड़ा.
संध्या अर्घ्य और पूजा विधि
छठ महापर्व के तीसरे दिन घर की साफ-सफाई की जाती है, स्नान आदि के बाद दउरा और सूप को फल, प्रसाद और अन्य पूजा सामग्री से सजाया जाता है. घर के सदस्य मिलकर ठेकुआ बनाते हैं. इसके बाद आगे की पूजा विधि को पूर्ण करने के लिए व्रती पूरे परिवार के साथ नदी तट पर जाते हैं. यहां पर पहले से बनाई गई बेदी पर गन्नों को सजाया जाता है और फिर रोली अक्षत आदि अर्पित किए जाते हैं, छठी मैया के लिए बेदी पर दीपक जलाकर रखा जाता है. अब अर्घ्य देने की तैयारी की जाती है. अर्घ्य देने से पहले व्रती हाथ में पूजा का सूप लेकर नदी में खड़े होते हैं और सूर्य देव को प्रणाम करते हैं. इसके बाद जब सूर्य देव अस्त हो रहे होते हैं तभी उन्हें जल या दूध से अर्घ्य दिया जाता है. परिवार का एक-एक सदस्य एक-एक करके सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं.
शहरों के अनुसार संध्या अर्घ्य का समय
पंचांग के अनुसार, छठ महापर्व पर संध्या अर्घ्य 15 नवंबर, रविवार के दिन प्रत्युषा काल में यानी जिस समय सूर्य देव डूब रहे होते हैं, उस समय व्रती उन्हें जल से अर्घ्य देते हैं. शहरों के अनुसार आइए देखें संध्या अर्घ्य का समय कहां पर क्या रहने वाला है.
पटना में संध्या अर्घ्य- शाम 5:01 बजे (15 नवंबर)
गया में संध्या अर्घ्य- शाम 5:03 बजे (15 नवंबर)
रांची में संध्या अर्घ्य- शाम 5:04 बजे (15 नवंबर)
लखनऊ में संध्या अर्घ्य- शाम 5:16 बजे (15 नवंबर)
वाराणसी में संध्या अर्घ्य- शाम 5:10 बजे (15 नवंबर)
प्रयागराज में संध्या अर्घ्य- शाम 5:14 बजे (15 नवंबर)
गोरखपुर में संध्या अर्घ्य- शाम 5:06 बजे (15 नवंबर)
नई दिल्ली में संध्या अर्घ्य- शाम 5:28 बजे (15 नवंबर)
कोलकाता में संध्या अर्घ्य- शाम 4:53 बजे (15 नवंबर)
छठ पर्व के संध्या अर्घ्य का महत्व
छठ महापर्व के तीसरे दिन का बड़ा महत्व है. इसे ही छठ पूजा के सभी 4 दिनों में मुख्य माना जाता है. इस दिन छठी मैया और सूर्य देव की मुख्य पूजा करने का विधान है. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि सूर्य देव की दो पत्नी हैं, एक उषा और दूसरी प्रत्युषा, छठ पूजा के तीसरे दिन यानी कार्तिक शुक्ल षष्ठी पर संध्या काल में सूर्य देव अपनी पत्नी प्रत्युषा के साथ होते हैं. इस समय सूर्य देव की पूजा करने व अर्घ्य देने से जीवन में सुख-शांति आती है, वैभव और संपन्नता बढ़ती है. निःसंतान दंपत्ति को संतान की प्राप्ति भी होती है.
(डिस्क्लेमर- यह लेख केवल सामान्य जानकारी और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है. व्रत का फल श्रद्धा पर निर्भर करता है। इसे अंतिम सत्य न मानें. विद्वान से सलाह लें. सावधानी रखें.)
और पढ़ें- सपने में खुद को छठ पूजा करते देखना धन और संतान से जुड़े कौन-से संकेत देता है? जानें