SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Chhath Puja 2026: आज संध्या अर्घ्य देने का क्या है शुभ समय और कौन-सी 5 गलतियां न करें, घाट से आकर क्यों भरी जाती है कोसी? जानें

Chhath Puja 2026 Sandhya Arghya: आज छठ पूजा के संध्या अर्घ्य देने का शुभ समय क्या है, सूर्यास्त का टाइम क्या है, सही विधि, मंत्र आदि क्या है? सूप में कौन-सी सामग्री रखें और अर्घ्य देते समय कौन सी पांच बड़ी गलतियां बिल्कुल न करें? आइए इस लेख में विस्तार से जानें.

Written By Padma Shree Shubham
Published: Nov 15, 2026, 10:19 IST | Updated: Nov 15, 2026, 10:29 IST
Join

Surya Arghya Niyam: आज 15 नवंबर को छठ महापर्व का तीसरा दिन है और इस दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है. इस दिन घाट पर जाकर पूरे परिवार के साथ छठी मैया और सूर्य देव की पूजा की जाती है. इस दिन व्रती जल में खड़े होते हैं और सूर्य देव को प्रणाम करते हैं. इसके बाद सूर्यास्त के समय सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं. धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल षष्ठी तिथि की शाम सूर्य देव अपनी पत्नी प्रत्युषा के साथ होते हैं और दोनों की एक साथ उपासना करने व अर्घ्य देने से पूरे परिवार को सुख-शांति, वैभव, संपन्नता प्राप्त होती है. निःसंतान दंपत्तियों को संतान सुख प्राप्त होता है. आइए संध्या अर्घ्य का समय जानें और अर्घ्य देते समय कौन-सी 5 गलतियां बिल्कुल न करें. इसके साथ ही जानेंगे कि संध्या अर्घ्य का समय क्या है.

15 नवंबर को संध्या अर्घ्य का समय

पंचांग के अनुसार, छठ महापर्व पर संध्या अर्घ्य 15 नवंबर, रविवार के दिन प्रत्युषा काल में यानी जिस समय सूर्य देव डूब रहे होते हैं, उस समय व्रती उन्हें जल से अर्घ्य देते हैं. शहरों के अनुसार आइए देखें संध्या अर्घ्य का समय कहां पर क्या रहने वाला है.

पटना में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 05:01 बजे
गया में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 05:03 बजे
रांची में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 05:04 बजे
लखनऊ में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 05:16 बजे 
वाराणसी में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 05:10 बजे
प्रयागराज में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 05:14 बजे
गोरखपुर में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 05:06 बजे
नई दिल्ली में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 05:28 बजे 
कोलकाता में संध्या अर्घ्य देने का समय- शाम 04:53 बजे

सूर्य को अर्घ्य देने के नियम

सूर्यदेव को अर्घ्य देते समय कुछ नियमों का पालन जरूर करें. धार्मिक परंपरा के अनुसार अर्घ्य देने कुछ जरूरी नियम हैं, जिसके बारे में आइए जानें- 
सुबह उठकर स्नान करें और फिर साफ वस्त्र पहनें.
सूर्यास्त के समय सूर्य देव को अर्घ्य दें.
शाम के समय पूरे परिवार के साथ घाट जाकर अर्घ्य दें.
अर्घ्य देते समय सूर्य देव के 108 नामों का जाप कर सकते हैं.
सूर्य देव की आरती कर पूजा को संपन्न करें.
अर्घ्य देते समय हो सके तो लाल वस्त्र धारण करें.
भूल से भी जूता-चप्पल पहनकर अर्घ्य न दें.

अर्घ्य देते समय कौन-सी 5 गलतियां न करें

तांबे के लोटे से दें अर्घ्य
धार्मिक मान्यता है कि सूर्यदेव को अर्घ्य हमेशा तांबे के लोटे से ही दें, प्लास्टिक के बर्तन का इस्तेमाल भूल से भी न करें.

सूर्यास्त का समय
संध्या अर्घ्य देते समय ध्यान रखें कि जब सूर्य देव डूब रहे हों ठीक उसी समय अर्घ्य दें. सूर्यास्त के न तो पहले और न ही बाद में अर्घ्य दें.

परिक्रमा और प्रणाम
सूर्यदेव को अर्घ्य देते समय उसी स्थान पर खड़े होकर तीन बार परिक्रमा की जाती है. परिक्रमा हमेशा दाहिने से बाई ओर करें. इसके बाद धरती माता को प्रणाम किया जाता है. इस विधि को करना अनिवार्य होता है. इससे सूर्य देव की कृपा प्राप्त होती है.

सावधानी से दें अर्घ्य
सूर्यदेव को अर्घ्य देते समय ध्यान रखें कि जल की धारा सूप पर पड़े न कि पैरों पर, अर्घ्य देते समय थोड़ा झुकें और सूर्य देव को देखें.

लोटे को कैसे पकड़ें
मान्यता के अनुसार, सूर्यदेव को अर्घ्य देते समय कभी भी लोटे को ऐसे न पकड़ें कि अंगूठा उसके मुख को छू सके. जहां से लोटा मुड़ रहा हो वहां से उसे पकड़े और धीरे-धीरे अर्घ्य दें.

क्यों भरी जाती है कोसी?

कोसी भरना छठ पूजा की विशेष परंपरा है. जब किसी परिवार की मनोकामना पूर्ण हो जाती है तो कोसी भरा जाता है. संतान प्राप्ति से लेकर बच्चे की अच्छी सेहत, परिवार की परेशानी को दूर करने की इच्छा पूर्ति पर कोसी भरी जाती है. इस तरह छठी मैया और सूर्य देव के लिए आभार व्यक्त किया जाता है. इस विधि को कोसी भराई या कोसी सेवना के नाम भी जाना जाता है.

कोसी भरने की विधि

घाट से लौटने के बाद कोसी भरी जाती है. इसके लिए आंगन या पूजा स्थल को साफ कर लें और चार या पांच साबुत गन्नों से एक मंडप तैयार कर लें. इसके नीचे मिट्टी का हाथी रखें और फिर उसके ऊपर मिट्टी का कलश रखें, दीया रखने वाला पात्र भी रख सकते हैं. हाथी और कोसी के आसपास मिट्टी के दीये जलाएं. कई परिवारों में तय संख्या में दीपक जला सकते हैं, ये संख्या 12, 24 या 36 हो सकती हैं. अब पूजा की टोकरी में ठेकुआ, हल्दी, केला, कसार, नारियल, सिंघाड़ा, संतरा, मूली, अदरक और दूसरे मौसमी फल रख दें. हाथी पर सिंदूर लगाएं, उसे फूलों से सजाएं और फिर छठी मैया की पूजा करें. कोसी के पास बैठकर महिलाएं छठ के पारंपरिक लोकगीत गाती हैं.

(डिस्क्लेमर- यह लेख सामान्य धार्मिक जानकारी पर आधारित है तिथि मुहूर्त पंचांग के अनुसार दिए गए हैं पूजा से पहले पुजारी या पंचांग से पुष्टि करें यह अंतिम निर्णय नहीं है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES