कद्दू-भात खाकर कल से शुरू होगा 4 दिन का कठिन छठ महापर्व, जानें नहाय-खाय की विधि और महत्व
Chhath Puja Nahaye Khaye 2026: छठ पूजा 2026 की शुरुआत नहाय-खाय से होगी जो कि कल यानी 13 नवंबर को है. आइए नहाय-खाय की विधि, पूजा नियम और कद्दू-भात की परंपरा के महत्व के बारे में विस्तार से जानें. साथ ही इस बारे में भी जानेंगे कि नहाय-खाय से पहले क्या करें और इसके बाद क्या करें.
Chhath Puja First Day : बिहार से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में छठ पर्व को लेकर तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही है. कल यानी 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू हो जाएगा. इस दिन से छठ पूजा के व्रती चार दिवसीय महापर्व की बची हुई तैयारियों को पूरा करेंगे और घर की साफ-सफाई करेंगे और सात्विक भोजन करेंगे. आइए जानें नहाय-खाय की सरल विधि क्या है, इसके जरूरी नियम और कद्दू-भात का महत्व क्या है.
नहाय-खाय 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर नियम और सही विधि के अनुसार नहाय-खाय मनाया जाता है. इस बार यह तिथि 13 नवंबर को पड़ रही है. ऐसे में नहाय-खाय के साथ 13 नवंबर को छठ महापर्व शुरू हो जाएगा. इसके अगले दिन यानी 14 नवंबर को खरना किया जाएगा. वहीं 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा और 16 नवंबर को सूर्योदय के समय उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और इसी दिन व्रत का पारण किया जाएगा.
नहाय-खाय की सरल पूजा विधि
नहाय-खाय वाले दिन सुबह जल्दी उठ जाएं.
गंगास्नान करें या पास के किसी पवित्र नदी में नहाएं.
नदी नहीं जा सकते हैं तो घर पर ही गंगाजल मिले हुए पानी से नहाएं.
घर, रसोई और पूजा स्थान को अच्छे से साफ कर लें.
साफ, सूती कपड़े पहनें. अगर व्रती नए वस्त्र धारण करें तो और अच्छा होगा.
मिट्टी के चूल्हे या गैस पर भोजन बनाएं.
साफ बर्तन में कद्दू की सब्जी, अरवा चावल और चने की दाल बनाएं.
सूर्य देव और छठी मइया को इसी सात्विक भोजन का भोग अर्पित करें.
व्रती कद्दू-भात का प्रसाद खाएं और फिर पूरा परिवार भोजन करे.
अब व्रती मन में सूर्य देव और छठी मइया का ध्यान करें और छठ व्रत का संकल्प करें.
नहाय-खाय के जरूरी नियम क्या हैं?
नहाय-खाय के दिन व्रती को सात्विक भोजन ही करना चाहिए. मन को शांत रखें और पूजा की तैयारियों में घर के सदस्यों की पूरी मदद करें. इस दिन साफ वस्त्र ही धारण करें. झूठ न बोलें या किसी से झगड़ा न करें.
नहाय-खाय का महत्व
नहाय -खाय केवल नहाकर भोजन करने की परंपरा नहीं है बल्कि इस विधि के पीछे व्रतियों की गहरी आस्था होती है, नहाय-खाय बताता है कि छठ पूजा की शुरुआत से ही अनुशासन और पारिवारिक सहभागिता कितनी जरूरी है. छठ महापर्व की शुरुआत कद्दू-भात खाकर होती है, न कोई भारी पकवान न तो कोई और महंगा खानपान, इस तरह नहाय-खाय सादगी से जीवन जीना भी सिखाता है.
(Disclaimer - यह लेख सामान्य जानकारी और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है, इसे अंतिम सत्य न मानें. व्रत, पूजा विधि और तिथियों के लिए स्थानीय पंचांग व विद्वान ब्राह्मण से सलाह लें.)