Char Dham Yatra: कपाट बंद पर जारी रहेंगे दर्शन, बदल गया भगवान का ठिकाना; इन मंदिरों में विराजेंगी देव डोलियां
बीते करीब 6 महीनों से चल रही उत्तराखंड के चार धामों की यात्रा अब संपन्न होने को है. आज 10 नवंबर 2026 को सबसे पहले गंगोत्री धाम के कपाट बंद होंगे. जानिए बाकी धामों के कपाट कब बंद होंगे और अब देवता कहां विराजेंगे?
उत्तराखंड के चारों धाम बर्फीले पहाड़ों पर स्थित हैं, जिसके चलते हर साल शीतकाल में इन धामों की यात्रा बंद हो जाती है. साल के 6 महीनों में ही इन धामों की यात्रा संभव हो पाती है, जिसके लिए सरकार विशेष इंतजाम करती है. साल 2026 की चार धाम यात्रा अब समाप्त होने को है. एक-एक करके चारों धामों के कपाट बंद होंगे और देवताओं की डोलियां प्रस्थान करके अन्य स्थानों पर विराजमान होंगी. जहां अगले 6 माह तक उनका विधिवत पूजन-अर्चन होगा.
कब किस धाम के कपाट होंगे बंद?
गंगोत्री धाम: 10 नवंबर, 2026
यमुनोत्री धाम: 11 नवंबर, 2026 (भाई दूज के अवसर पर)
केदारनाथ धाम: 11 नवंबर, 2026
बद्रीनाथ धाम: 13 नवंबर, 2026
शीतकाल में इन स्थानों पर विराजेंगे भगवान
कड़ाके की ठंड शुरू होने से पहले चारों धामों के देवी-देवताओं को ससम्मान डोलियों में विराजमान करके पहाड़ों की चोटियों से निचले इलाकों में स्थित उनके शीतकाली प्रवास के स्थानों पर लाया जाता है. जहां वह अगले 6 महीने विराजते हैं और फिर यहीं उनकी नियमित पूजा अर्चना होती है. इसके लिए चारों धामों के देवताओं के मूल विग्रह तो ले जाना संभव नहीं होता है लिहाजा उत्सव विग्रह या अन्य विग्रह शीतकाल प्रवास पर जाते हैं.
गंगोत्री : गंगोत्री धाम से मां गंगा की भोग मूर्ति को मुखबा गांव में लाई जाती है और यहीं 6 महीने तक उसकी नित्य पूजा होती है.
यमुनोत्री : मां यमुना की मूर्ति शीतकाल में खुशीमठ के खरसाली गांव में विराजती है. यह गांव शनि देव का गांव कहलाता है. मां यमुना अपने भाई शनि देव के घर में शीतकाल में ठहरती हैं.
केदारनाथ : शीतकाल में केदारनाथ मंदिर के बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह की डोली रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ में ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है और यहीं अगले 6 उसकी पूजा होती है.
बद्रीनाथ : भगवान बद्रीनाथ के उत्सव विग्रह को पांडुकेश्वर के योगध्यान बद्री मंदिर में और आदिगुरु शंकराचार्य की गद्दी को जोशीमठ के नरसिंह मंदिर में विराजित किया जाता है.
शीतकाल के बाद इन सभी देवी-देवताओं की डोलियां ससम्मान, ढोल-ताशों के साथ अपने धामों पर फिर से लौटती हैं और श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ फिर से मंदिरों के कपाट खुलते हैं. हर साल अक्षय तृतीया से इन मंदिरों के कपाट खुलने प्रारंभ होते हैं.
(Disclaimer- इस खबर में दी गई तिथियां और जानकारियां धार्मिक मान्यताओं और वर्तमान आधिकारिक शेड्यूल पर आधारित हैं. मौसम या प्रशासनिक कारणों से कपाट बंद होने की तारीखों में बदलाव संभव है. श्रद्धालु किसी भी यात्रा या दर्शन से पहले उत्तराखंड पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से पुष्टि अवश्य कर लें.)