आंवले के पेड़ में कैसे समाए विष्णु और शिव, जानें अक्षय नवमी से जुड़ा पौराणिक रहस्य
आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु, ब्रह्मा जी और शिव जी का वास माना जाता है. ऐसा क्यों है, इसके पीछे एक पौराणिक कथा है. 18 नवंबर 2026 को अक्षय नवमी/आंवला नवमी के मौके पर जानें यह रोचक कहानी.
सनातन धर्म में कार्तिक शुक्ल नवमी के दिन अक्षय नवमी या आंवला नवमी पर्व मनाया जाता है. इस साल 18 नवंबर 2026, बुधवार को आंवला नवमी है. इस दिन भगवान विष्णु और आंवले के पेड़ की पूजा करने का विधान है. साथ ही सभी के साथ मिलकर आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करते हैं. इससे अक्षय पुण्य मिलता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है. धार्मिक मान्यता है कि आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु, ब्रह्मा जी और शिव जी का वास होता है. ऐसा क्यों है इसके पीछे एक पौराणिक कथा.
आंवला नवमी की कहानी
पद्म और स्कंद पुराण में वर्णित कथा के अनुसार, एक बार लक्ष्मी माता पृथ्वी लोक पर भ्रमण करने के लिए आईं थीं. धरती पर आने के बाद उनके मन में भगवान विष्णु और भगवान शिव दोनों की एक साथ पूजा करने की प्रबल इच्छा जागृत हुई. लेकिन माता लक्ष्मी के सामने एक बड़ी दुविधा थी.
शास्त्रों के अनुसार भगवान विष्णु को तुलसी अतिप्रिय है, जबकि भगवान शिव की पूजा में बेलपत्र का विशेष महत्व होता है. ऐसे में वे किसी ऐसे माध्यम की तलाश करने लगीं, जिसमें इन दोनों देवताओं के प्रिय तत्व एक साथ मौजूद हों. गहन विचार करने के बाद माता लक्ष्मी को ज्ञात हुआ कि प्रकृति में आंवले का वृक्ष ही एकमात्र ऐसा दिव्य पेड़ है, जिसमें तुलसी और बेलपत्र दोनों के गुण समाहित हैं. इसी कारण इस वृक्ष में श्रीहरि विष्णु और महादेव दोनों का वास माना जाता है.
माता लक्ष्मी ने आंवले के पेड़ को ही विष्णु और शिव का प्रतीक मानकर पूरे विधि-विधान से उसकी पूजा-अर्चना की. उनकी निस्वार्थ भक्ति और तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु और भगवान शिव दोनों एक साथ वहां साक्षात प्रकट हुए. दोनों देवताओं के दर्शन पाकर माता लक्ष्मी अत्यंत प्रसन्न हुईं. उन्होंने उसी आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर स्वयं भोजन तैयार किया और भगवान विष्णु व शिव को प्रेमपूर्वक परोसा. इसके बाद माता लक्ष्मी ने भी उसी वृक्ष की छांव में भोजन ग्रहण किया.
तब से ही मनाई जाती है आंवला नवमी
धार्मिक मान्यता है कि जिस दिन यह दिव्य घटना घटी, उस दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि थी. तभी से हर साल इस तिथि को आंवला नवमी या अक्षय नवमी के रूप में मनाई जाती है. इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा करते हैं और फिर आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर सभी के साथ मिलकर हंसी-खुशी सात्विक भोजन करें.
अक्षय नवमी 2026 पूजा मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि 18 नवंबर 2026 को सुबह 06:06 बजे से शुरू होगी और 19 नवंबर को सुबह 07:07 बजे समाप्त होगी. उदया तिथि के अनुसार, अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा.
इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त : सुबह 06:46 बजे से दोपहर 12:06 बजे तक है.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और धार्मिक जानकारियों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)