जयपुर : दो वार्ड से आए नतीजें, एक में कांग्रेस एक में बीजेपी की जीत
EVM खुलते ही जयपुर के सांगानेर पंचायत समिति के वार्ड 1 से BJP के अर्जुन कुमावत की जीत हुई है वहीं दूसरी जीत मौजमाबाद के वार्ड 1 से कांग्रेस प्रत्याशी पिंकी रैगर की हुई है.
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के नतीजों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है. चार चरणों में हुए मतदान के बाद 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समितियों के 8,818 वार्डों की मतगणना शुरू हो चुकी है. करीब ढाई करोड़ मतदाताओं का जनादेश 29,177 प्रत्याशियों की सियासी तकदीर तय करेगा. जिला परिषद के 1,275 और 419 पंचायत समितियों के 7,543 वार्डों के नतीजे सामने आएंगे. जयपुर जिले में सबसे बड़ी चुनावी जंग देखने को मिल रही है, जहां 443 वार्डों के लिए 1,291 प्रत्याशी मैदान में हैं. यहां 13.35 लाख से ज्यादा वोटों की गिनती हो रही है. राजधानी जयपुर में भवानी निकेतन केंद्र पर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है. ईवीएम से निकलने वाले नतीजों के साथ गांवों की सरकार की तस्वीर साफ हो जाएगी. अब सभी की निगाहें चुनावी नतीजों पर टिकी हैं. कहीं जीत का जश्न मनेगा तो कहीं प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को निराशा हाथ लगेगी.
EVM खुलते ही जयपुर के सांगानेर पंचायत समिति के वार्ड 1 से BJP के अर्जुन कुमावत की जीत हुई है वहीं दूसरी जीत मौजमाबाद के वार्ड 1 से कांग्रेस प्रत्याशी पिंकी रैगर की हुई है.
बांसवाड़ा में पंचायतीराज चुनाव-2026 की मतगणना गोविन्द गुरु कॉलेज में शुरू होने जा रही है. प्रत्याशी और एजेंट प्रवेश के लिए कतार में लगे हैं. कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है. जिले में 43 जिला परिषद सदस्यों और 280 पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम आज जारी होंगे. मतगणना के लिए 149 टेबल लगाई गई हैं. सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होगी. जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव और एसपी सुधीर जोशी मतगणना केंद्र पहुंचे हैं.
धौलपुर में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना शुरू हो गई है. राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में वोटों की गिनती की जा रही है. कॉलेज परिसर में सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है. सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल कॉलेज के अंदर और बाहर तैनात किया गया है. गणन अभिकर्ताओं को भी जांच के बाद मतगणना कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है. यहां सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी.
उदयपुर में पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना शुरू हो गई है. राजस्थान कृषि महाविद्यालय और पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में वोटों की गिनती हो रही है. सबसे पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना की जा रही है. इसके बाद ईवीएम से वोटों की गिनती होगी. जिले में जिला परिषद के 47 और 20 पंचायत समितियों के 318 वार्डों के लिए मतगणना हो रही है. चुनाव मैदान में उतरे 1023 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. कई दिग्गज नेताओं की साख भी दांव पर लगी है. प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
बाड़मेर पीजी कॉलेज में पंचायतीराज चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है. यहां 145 टेबलों पर 7.26 लाख वोटों की गिनती की जा रही है. जिला परिषद के 36 वार्डों के 114 प्रत्याशियों और 17 पंचायत समितियों के 267 वार्डों के 812 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल ने मतगणना स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. एसपी चुनाराम जाट भी मौके पर पहुंचे. मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. गिनती शुरू होते ही प्रत्याशियों और समर्थकों की धड़कनें तेज हो गई हैं. पूरे जिले की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं.
प्रतापगढ़ में ग्रामीण सत्ता के लिए मतगणना शुरू हो गई है. यहां जिला परिषद के 25 और 8 पंचायत समितियों के 138 वार्डों सहित कुल 163 वार्डों के 516 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. पॉलिटेक्निक कॉलेज में 58 टेबलों पर वोटों की गिनती की जा रही है. चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और बीएपी के बीच मुकाबला है. दोनों चरणों में कुल 77.91 प्रतिशत मतदान हुआ था. जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर को होगा.
भरतपुर में पंचायत राज चुनाव की मतगणना मास्टर आदित्येंद्र सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में शुरू हो गई है. जिले की सात पंचायत समितियों और 31 जिला परिषद सदस्यों के भाग्य का फैसला आज होगा. मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर काउंटिंग एजेंट की भीड़ जुटी हुई है. यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्र की ओर आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है. पहले पंचायत समिति सदस्यों और उसके बाद जिला परिषद सदस्यों की गिनती होगी. जिले के 887 मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए 107 टेबल निर्धारित की गई हैं. इनमें वैर के 99, भुसावर के 100, बयाना के 188, नदबई के 156, सेवर के 115, उच्चैन के 79 और रूपवास के 150 मतदान केंद्र शामिल हैं.
सिरोही में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है. मतगणना के पहले राउंड में सभी पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम जारी किए जाएंगे, जबकि दूसरे राउंड में जिला परिषद सदस्यों के नतीजे सामने आएंगे. मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी है. सबसे पहले मंडार पंचायत समिति के वार्डों के परिणाम जारी किए जाएंगे.
बालोतरा में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के भाग्य का फैसला आज होगा. जिले की 31 जिला परिषद सीटों और 11 पंचायत समितियों के 179 वार्डों के लिए सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है. जिला परिषद के 95 और पंचायत समिति के 539 प्रत्याशियों के परिणाम सामने आएंगे. पंचायत समिति के अनुसार 11 अलग-अलग कमरों में मतगणना की व्यवस्था की गई है. अधिकतम 9 राउंड में मतगणना पूरी होगी. जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव के निर्देशन में जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात हैं. प्रवेश से पहले प्रत्याशियों की सघन जांच की जा रही है. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतगणना के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट है.