App
Live Now

Rajasthan Panchayat Chunav Live: गांव की सरकार चुनने के लिए महासंग्राम, 25 जिलों की 3,747 पंचायतों में मतदान

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के चौथे चरण में 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मुकाबला. 22,158 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर. मतदान से जुड़ी हर बड़ी अपडेट यहां पढ़ें.

Rajasthan Panchayat Chunav Live: गांव की सरकार चुनने के लिए महासंग्राम, 25 जिलों की 3,747 पंचायतों में मतदान
Image Credit: सरपंच चुनाव की हर बड़ी खबर और ताजा अपडेट

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत गांव की सरकार चुनने के लिए चौथे चरण में मतदान होगा. प्रदेश के 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए चुनावी मुकाबला है. इसके लिए 11,905 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार 285 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.

सरपंच पद के लिए 22,158 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जबकि 48 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं. प्रदेश की 439 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा. राजधानी जयपुर की 140 ग्राम पंचायतों में 1,233 प्रत्याशी मैदान में हैं. इनमें 54 ग्राम पंचायतें ऐसी हैं, जहां 10 से 19 प्रत्याशियों के बीच टक्कर होगी. खास बात यह है कि ईवीएम के बाद अब मतदाता बैलेट पेपर के जरिए गांव की सरकार चुनेंगे. पढ़िए वोटिंग से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर.

16 Nov 2026 08:08 IST

डीडवाना - जिले की 168 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव की तस्वीर साफ

पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत जिले की चार पंचायत समितियों की 168 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद की चुनावी तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है. नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 1,009 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. वहीं मौलासर पंचायत समिति की नूवां ग्राम पंचायत में सरपंच का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ है. डीडवाना, कुचामन सिटी, लाडनूं और मौलासर की कुल 168 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 1,475 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जो 1,473 उम्मीदवारों की ओर से प्रस्तुत किए गए. संवीक्षा के बाद 1,466 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए. 
 

16 Nov 2026 08:06 IST

राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026

राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026 के चौथे और अंतिम चरण में जयपुर जिले की ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान हो रहा है. सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. मतदान केंद्रों पर सुबह-सुबह ही लंबी कतारें लग गईं. खास बात यह रही कि पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की कतारें ज्यादा नजर आईं. महिलाएं घूंघट की ओट में घर की चौखट से निकलकर गांव का मुखिया चुनने के लिए मतदान केंद्रों तक पहुंच रही हैं. गांव की चौपाल से लेकर मतदान केंद्रों तक चुनावी माहौल बना हुआ है.

जयपुर जिले की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान हो रहा है. इसके साथ ही 1,332 वार्डों में वार्ड पंच चुनने के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं. मतदान के लिए जिले में 446 मतदान केंद्रों पर व्यवस्था की गई है. यहां कुल 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर गांव की सरकार चुनेंगे. खास बात यह है कि ईवीएम के बाद अब बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया जा रहा है. मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र के उत्सव की तस्वीरें देखने को मिल रही हैं.

16 Nov 2026 08:05 IST

राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026

राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत आज बैलेट पेपर से गांव की सरकार चुनी जाएगी. चौथे चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा. जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1,332 वार्डों में वार्ड पंच के चुनाव होंगे. मतदान के लिए कुल 446 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. सरपंच पद के लिए कुल 1,233 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. इनमें बस्सी की 42 ग्राम पंचायतों में सबसे ज्यादा 370 प्रत्याशी, जमवारामगढ़ की 42 ग्राम पंचायतों में 345, आंधी की 32 ग्राम पंचायतों में 288 और तूंगा की 24 ग्राम पंचायतों में 230 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More