)
Rajasthan Panchayat Election 2026 Live: राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज सरपंच और पंच पदों पर मतदान होगा. प्रदेश के 22 जिलों की 3,626 ग्राम पंचायतों में वोटिंग कराई जाएगी. इस दौरान 1 करोड़ 6 लाख 56 हजार 127 मतदाता अपने गांव की सरकार चुनेंगे. डूंगरपुर जिले की 7 पंचायत समितियों की 201 ग्राम पंचायतों में भी मतदान होगा. यहां 570 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी. सरपंच पद के लिए 1,358 उम्मीदवार मैदान में हैं. मतदान के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी 2,840 पुलिस जवानों के पास रहेगी. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी.
जयपुर जिले में पंचायत चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. बारिश भी वोटर्स का जोश कम नहीं कर पाई. सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही लोग केंद्रों पर पहुंचने लगे. महिला मतदाता भी घर का कामकाज छोड़कर सबसे पहले वोट डालने पहुंचीं.
जिले की 112 ग्राम पंचायतों में आज सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है. पांच पंचायत समितियों—आमेर, जालसू, रामपुरा डाबड़ी, शाहपुरा और अमरसर में गांव की सरकार चुनी जाएगी.
इन चुनावों में 112 सरपंच और 1,182 वार्ड पंच पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. मतदान के लिए जिले में 413 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3 लाख 78 हजार 364 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे.
मतदान सुबह से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा. इस बार मतदाता ईवीएम की जगह बैलेट पेपर के जरिए गांव का मुखिया चुन रहे हैं.
बारिश की बूंदों के बीच मतदान केंद्रों पर पहुंचते मतदाता लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं.
प्रदेश की 3,626 ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों की संख्या के हिसाब से मुकाबले की तस्वीर भी साफ हो गई है. 3,044 ग्राम पंचायतों में 2 से 9 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है. 527 पंचायतों में 10 से 19 प्रत्याशी मैदान में हैं. वहीं, 8 ग्राम पंचायतों में 20 से 29 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. किसी भी ग्राम पंचायत में 30 या उससे ज्यादा प्रत्याशी नहीं हैं.
दूसरे चरण में सरपंच पद के लिए सबसे ज्यादा 1,551 प्रत्याशी जोधपुर जिले में हैं. इसके बाद सीकर में 1,516, डूंगरपुर में 1,362, अलवर में 1,336, जालोर में 1,334 और भीलवाड़ा में 1,280 उम्मीदवार मैदान में हैं.
जयपुर में औसतन एक सरपंच पद के लिए 8 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं. यहां ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से मतदान होगा. वोटिंग खत्म होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना की जाएगी.
- आमेर: 25 ग्राम पंचायतों में 209 प्रत्याशी.
- जालसू: 25 ग्राम पंचायतों में 207 प्रत्याशी.
- रामपुरा डाबड़ी: 21 ग्राम पंचायतों में 187 प्रत्याशी.
- अमरसर: 22 ग्राम पंचायतों में 167 प्रत्याशी.
- शाहपुरा: 19 ग्राम पंचायतों में 155 प्रत्याशी.
जयपुर जिले की सभी 112 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मुकाबला होगा. यहां 925 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. जिले के 413 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 78 हजार 364 मतदाता वोट डालेंगे. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा.
डूंगरपुर जिले में 5 लाख से अधिक मतदाता अपने गांव का मुखिया चुनेंगे. मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए 2,840 पुलिस जवान तैनात रहेंगे. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी.
डूंगरपुर जिले की 7 पंचायत समितियों की 201 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा. सुबह 7 बजे से 570 बूथों पर वोटिंग शुरू होगी. सरपंच पद के लिए 1,358 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 2 पंचायतों में पूरी कोरम और 6 पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं.
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में आज 22 जिलों की 3,626 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा. सरपंच पद के लिए कुल 21,839 प्रत्याशी मैदान में हैं. प्रदेश के 1 करोड़ 6 लाख 56 हजार 127 मतदाता गांव की सरकार चुनेंगे. मतदान के लिए 11,799 केंद्र बनाए गए हैं.