SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर के डॉक्टरों की बड़ी चेतावनी : कहीं आपके शरीर में भी तो नहीं पनप रहा यह 'साइलेंट किलर' ? तुरंत पहचानें ये छिपे हुए लक्षण!

भारत में डायबिटीज तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य चुनौती बनती जा रही है. बड़ी संख्या में लोग ऐसे हैं, जिन्हें बीमारी होने के बावजूद इसकी जानकारी नहीं है. SMS अस्पताल जयपुर के डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. मनोज शर्मा के अनुसार, डायबिटीज के मरीजों की वास्तविक संख्या सामने आने वाले आंकड़ों से कहीं अधिक हो सकती है. समय पर जांच नहीं होना, बीमारी को स्वीकार न करना और दवाइयों को लेकर फैले भ्रम इलाज में बड़ी बाधा हैं.

Written By Ashutosh Sharma
Published: Nov 14, 2026, 12:27 IST | Updated: Nov 14, 2026, 12:39 IST
Image Credit: बार-बार प्यास और पेशाब आना डायबिटीज के संकेत
Join

डायबिटीज के बढ़ते मामले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं, खास बात यह है कि वर्तमान में सामने आ रहे मरीजों की संख्या इस बीमारी की वास्तविक स्थिति का केवल एक छोटा हिस्सा है. बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिन्हें डायबिटीज होने के बावजूद इसकी जानकारी नहीं है. ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और समय पर जांच नहीं होने के कारण बीमारी का पता नहीं चल पाता.

भारत में तेजी से बढ़ रहे डायबिटीज के मामले, बड़ी आबादी बीमारी से अनजान
इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन की रिपोर्ट के अनुसार, भारत देश की कुल जनसंख्या में लगभग 5% लोग डायबिटीज के शिकार हो चुके हैं और आने वाले समय में यह आंकड़ा तेज़ी से बढ़ने का अनुमान जताया जा रहा है. हर वर्ष 14 नवंबर को मनाया जाने वाला विश्व मधुमेह दिवस (World Diabetes Day) दुनियाभर में तेजी से बढ़ते डायबिटीज के मामलों की ओर ध्यान आकर्षित करता है.

डायबिटीज के मरीजों की संख्या हिमखंड जैसी, सामने दिख रहा है सिर्फ छोटा हिस्सा
जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक और डायबिटीज स्पेशलिस्ट डॉक्टर मनोज शर्मा का कहना है कि डायबिटीज के मामलों को 'टिप ऑफ द आइसबर्ग' यानी हिमखंड के पानी से ऊपर दिखाई देने वाले छोटे हिस्से की तरह समझा जा सकता है. पानी के नीचे मौजूद बर्फ की तरह बड़ी संख्या में ऐसे मरीज भी हो सकते है, जिनमें बीमारी मौजूद है, लेकिन या तो उन्हें बीमारी का पता नहीं या फिर वे बीमारी को स्वीकार नहीं कर पा रहे.

युवा, बच्चे और बुजुर्ग भी डायबिटीज की चपेट में 
भारत में डायबिटीज का खतरा तेजी से बढ़ रहा है. भविष्य में आबादी का 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा इससे प्रभावित होने की आशंका है. अब यह बीमारी किसी एक आयु वर्ग तक सीमित नहीं रही. युवाओं, बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में भी डायबिटीज के मामले सामने आ रहे हैं. हालांकि कुछ मामलो में विभिन्न माध्यम से बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़ी है, लेकिन अभी भी बड़ी आबादी जांच और इलाज से दूर है.

HbA1c टेस्ट से तीन महीने की शुगर का पता 
डॉ. शर्मा के अनुसार, डायबिटीज की पहचान के लिए HbA1c महत्वपूर्ण जांच है. इससे पिछले करीब तीन महीने के औसत ब्लड शुगर का पता चलता है. HbA1c का स्तर 6.5 प्रतिशत या इससे अधिक होने पर डायबिटीज की श्रेणी में रखा जाता है, जबकि 5.8 से 6.4 प्रतिशत के बीच का स्तर प्री-डायबिटीज की स्थिति को दर्शाता है. यह वह समय है जब व्यक्ति अपनी जीवनशैली में बदलाव करके भविष्य में डायबिटीज के खतरे को कम कर सकता है. इसके अलावा फास्टिंग ब्लड शुगर और भोजन के दो घंटे बाद की शुगर जांच भी महत्वपूर्ण है.

लक्षण
बार-बार पेशाब आना
अधिक प्यास लगना भूख बढ़ना
पैरों में झनझनाहट या थकान
आंखों से धुंधला दिखाई देना
बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना
घाव या चोट का देर से ठीक होना
बार-बार संक्रमण होना 

टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज
डॉक्टरों के अनुसार, डायबिटीज मुख्य रूप से दो प्रकार की होती है- टाइप-1 और टाइप-2. टाइप-1-डायबिटीज आमतौर पर कम उम्र में होती है और इसमें शरीर पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता. ऐसे मरीजों को जीवनभर इंसुलिन लेना पड़ता है. टाइप-2-डायबिटीज सबसे अधिक पाई जाने वाली बीमारी है. इसमें शरीर इंसुलिन का सही तरीके से उपयोग नहीं कर पाता. यह बीमारी आमतौर पर मोटापा, शारीरिक गतिविधि की कमी, असंतुलित खानपान और आनुवांशिक कारणों से होती है.

यह भी पढ़ेंः पेट की बीमारी से परेशान राजस्थान: एक साल में खा गए 29 करोड़ से ज्यादा गोलियां!

मरीज की स्थिति के अनुसार तय होता है इलाज 
डॉ. मनोज शर्मा का कहना है कि डायबिटीज के इलाज में सबसे बड़ी बाधा बीमारी का समय पर पता नहीं चलना है. इसके बाद दूसरी बड़ी समस्या मरीजों का बीमारी को स्वीकार नहीं करना है. कई बार ब्लड शुगर 300 से 400 तक पहुंचने के बावजूद मरीज यह मानने को तैयार नहीं होते कि उन्हें डायबिटीज है. वे परिवार में किसी को बीमारी नहीं होने या खुद को कोई परेशानी महसूस नहीं होने का तर्क देकर इलाज टालते रहते हैं. उन्होंने बताया कि समाज में डायबिटीज की दवाइयों को लेकर कई तरह के मिथक भी प्रचलित हैं. कुछ लोग मानते हैं कि एक बार दवा शुरू करने के बाद उसे जिंदगीभर लेना पड़ेगा या डायबिटीज की दवाइयों से किडनी खराब हो जाती है. कई मरीज पड़ोसियों या परिचितों की सलाह पर घरेलू नुस्खे और चूर्ण लेने लगते हैं, जबकि अनियंत्रित डायबिटीज शरीर के कई अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है. ऐसे में मरीजों की काउंसलिंग बेहद जरूरी है.

डायबिटीज के मरीजों में मुख्य रूप से दो तरह की स्थितियां देखने को मिलती हैं. पहली स्थिति में शरीर में इंसुलिन बनता है, लेकिन शरीर की कोशिकाएं उसके प्रति ठीक से प्रतिक्रिया नहीं देतीं इसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहा जाता है. ऐसी स्थिति में डॉक्टर मरीज की जरूरत के अनुसार, ओरल एंटीडायबिटिक दवाइयां देते हैं, जो इंसुलिन की प्रभावशीलता बढ़ाने और ब्लड शुगर नियंत्रित करने में मदद करती हैं. दूसरी स्थिति में पैंक्रियाज में इंसुलिन का उत्पादन बहुत कम हो जाता है या बंद हो जाता है. ऐसी स्थिति में इंसुलिन लेना जरूरी हो सकता है. मरीज की शारीरिक जरूरत और ब्लड शुगर के स्तर के अनुसार, इंसुलिन की अलग-अलग प्रकार की डोज निर्धारित की जाती हैं,

डायबिटीज से बढ़ सकता है टीबी, निमोनिया और फेफड़ों की बीमारियों का खतरा
डॉक्टर्स का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को डायबिटीज़ है तो उसे अन्य बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है, जिसमें हृदय रोग और सांस से जुड़ी बीमारी प्रमुख है. डायबिटीज़ के कारण शरीर की इम्यूनिटी काफी हद तक कम हो जाती है, जिसके इंफेक्शन का खतरा काफ़ी हद तक बढ़ जाता है. डायबिटीज़ शरीर के रक्त वाहिकाओं और नसों को प्रभावित करती है. यही प्रभाव फेफड़ों तक भी पहुंचता है, जिसके कारण मरीजों में कई तरह के लक्षण दिखाई देते हैं.

सांस फूलना
लंबे समय तक खांसी रहना
सांस लेने में भारीपन
थोड़ी दूर चलने पर थकान होना
इससे टीबी का खतरा बढ़ जाता है 
निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है 
ब्रॉन्काइटिस और COPD होने का खतरा

डायबिटीज रिवर्सल पर रिसर्च जारी
डायबिटीज को नियंत्रित करने के साथ अब इसके रिवर्सल को लेकर भी रिसर्च हो रही है. डॉ. शर्मा के अनुसार, देश और विदेश में इस विषय पर कई अध्ययन किए जा रहे हैं. कुछ चुनिंदा मरीजों में डायबिटीज रिवर्सल देखने को मिलता है, लेकिन इसे हर मरीज के लिए संभव मानना सही नहीं है इसलिए मरीजों को रिवर्सल की उम्मीद में दवाइयां बंद नहीं करनी चाहिए और डॉक्टर की सलाह से ही इलाज जारी रखना चाहिए.

मीठे से दूरी लेकिन कार्बोहाइड्रेट की सही मात्रा जरूरी
अतिरिक्त और आर्टिफिशियल शुगर से दूरी बनाना जरूरी
मिठाई, चीनी और मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन कम करना
संतुलित मात्रा और सही डाइट जरूरी
सही खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि जरूरी
डॉक्टर की सलाह और दवाइयों का नियमित सेवन

दिल, किडनी और आंखों को बचाने के लिए नियमित जांच जरूरी


वहीं, एक और डॉ. मनोज कुमार खंडेलवाल का कहना है कि डायबिटीज एक ऐसी दीर्घकालिक बीमारी है, जो शुरुआती दौर में कई बार बिना किसी स्पष्ट लक्षण के शरीर को प्रभावित करती रहती है. लंबे समय तक ब्लड शुगर का स्तर बढ़ा रहने से दिल, किडनी, आंखों और नसों को नुकसान पहुंच सकता है. टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित कई लोगों को वर्षों तक बीमारी का पता नहीं चलता, इसलिए समय पर जांच बेहद जरूरी है.फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज, भोजन के बाद ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट के जरिए बीमारी की पहचान और शुगर नियंत्रण की स्थिति का आकलन किया जा सकता है.

डायबिटीज के मरीजों को नियमित रूप से आंखों, किडनी और पैरों की जांच करवानी चाहिए, ताकि संभावित जटिलताओं को समय रहते पहचाना जा सके. इसके साथ ही संतुलित खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद और तनाव का प्रबंधन ब्लड शुगर नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वयस्कों को सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि का लक्ष्य रखना चाहिए. जिन लोगों को पहले से डायबिटीज है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाइयां नियमित लेनी चाहिए और बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाइयां बंद या उनकी खुराक में बदलाव नहीं करना चाहिए.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES